Samsung Galaxy S25 FE 5G फोन लॉन्च, जानें फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स

सैमसंग फैंस का इंतजार आज खत्म हो गया है। कंपनी की ओर से ‘एस25 सीरीज’ का नया और चौथा मॉडल Samsung Galaxy S25 FE लॉन्च कर दिया गया है। Galaxy S25, S25 Plus और S25 Ultra के बाद आया यह फोन भी फ्लैगशिप सेगमेंट उतारा गया है जिसका दाम भी किफायती है। सबसे नए और एडवांस Andorid 16 OS पर लॉन्च हुए इस नए सैमसंग 5G फोन की कीमत और सेल डिटेल्स के साथ ही इसके फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी आप आगे पढ़ सकते हैं।
फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो गैलेक्सी एस25 फैन एडिशन 6.7-इंच की FHD+ स्क्रीन पर लॉन्च हुआ है। यह Dynamic AMOLED 2X डिस्प्ले है जो 120Hz रिफ्रेश पर काम करती है। यह गैलेक्सी एस25 की 6.2-इंच से बड़ी है और एस25 प्लस के बराबर है। मोबाइल को Vision Booster तकनीक से लैस किया गया है जो धूप में बेहतर विजुअली क्वालिटी प्रदान करने में मदद करती है। इस सैमसंग फोन में अंडर-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर भी मिलेगा।
फोटोग्राफी के लिए सैमसंग गैलेक्सी एस25 एफई 5जी फोन को ट्रिपल रियर कैमरा से लैस कर बाजार में उतारा गया है। इसके बैक पैनल पर एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल मेन OIS सेंसर दिया गया है जो FOV 123˚ वाले 12 मेगापिक्सल Ultra-wide एंगल लेंस और 3x Optical Zoom वाले 8 मेगापिक्सल Telephoto सेंसर के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए गैलेक्सी एस25 एफई 12 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है जो एफ/2.2 अपर्चर पर काम करता है।
Samsung Galaxy S25 FE 5G फोन कंपनी के ही Exynos 2400 चिपसेट पर लॉन्च किया गया है। यह 4नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना डेका-कोर प्रोसेसर है जो 1.95GHz से लेकर 3.2GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। सीरीज का वनिला मॉडल गैलेक्सी एस25 भी इसी प्रोसेसर पर काम करता है। इस सैमसंग फोन को 8जीबी रैम पर लाया गया है जिसे 128जीबी, 256जीबी और 512जीबी स्टोरेज पर बेचा जाएगा।
पावर बैकअप के लिए सैमसंग गैलेक्सी एस25 एफई 5जी फोन को 4,900mAh बैटरी से लैस कर बाजार में उतारा गया है। वहीं फोन को तेजी से चार्ज करने के लिए इसे 45W फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस किया गया है। कंपनी का दावा है कि यह 30 मिनट में ही मोबाइल को 65% तक चार्ज कर सकती है। Galaxy S25 FE फास्ट वायरलेस चार्जिंग और वायरलेस पावरशेयर तकनीक भी सपोर्ट करता है।
यह नया सैमसंग 5जी फोन Android 16 पर लॉन्च हुआ है जो One UI 8 के साथ मिलकर काम करता है। कनेक्टिविटी के लिए यूजर्स को इसमें Wi-Fi 6E और Bluetooth 5.4 का विकल्प भी मिलेगा। बताते चलें कि यह स्मार्टफोन Armor Aluminum फ्रेम पर बना है और IP68 सर्टिफाइड है। यानी इसमे मजबूती के साथ ही वॉटरप्रूफिंग और डस्टप्रूफिंग भी दी गई है।
प्रोसेसिंग के मामले में सैमसंग गैलैक्सी एस25 एफई से यूजर्स को अधिक शिकायत नहीं होगी। हैवी परफॉर्मेंस और गेमिंग को यह आसानी से झेल सकता है। फोन का डिस्प्ले तकनीक भी शानदार विजुअल क्वालिटी देने में सक्षम है। वहीं लंबी एंड्रॉयड ओएस अपडेट भी इसे बेस्ट ऑप्शन बनाती है। हॉं, यूजर्स को बैटरी से समस्या हो सकती है क्योंकि ताजा 7,000एमएएच बैटरी वाले ट्रेंड में Galaxy S25 FE की बैटरी काफी कम लगती है।
सैमसंग ने अभी गैलेक्सी एस25 एफई की कीमत अनाउंस नहीं की है। लेकिन हमारा अंदाजा है कि इसे 60 हजार से 65 हजार रुपये की रेंज में लाया जाएगा। इसी प्राइस सेगमेंट में मौजूद OnePlus 13s, iPhone 16E और Vivo X200 FE स्मार्टफोन नए सैमसंग मोबाइल को टक्कर देंगे। Galaxy S25 FE इंडिया प्राइस अनाउंस होते ही इस खबर को अपडेट कर दिया जाएगा। बताते चलें कि मार्केट में इसे Icyblue, Jetblack, Navy और White कलर में पेश किया गया है।
updating….