जियोफोन के जवाब में एयरटेल ने लॉन्च किया 1,399 रुपये का 4जी स्मार्टफोन, जानें इस फोन के बारे में सबकुछ

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2017/10/Airtel-4G-Phone-2.jpg

जैसा कि हमने कुछ दिन पहले ही खबर दी थी कि एयरटेल अक्टूबर के पहले स्पताह में ही अपना सस्ता 4जी स्मार्टफोन ला सकता है जिसकी कीमत 2,000 रुपये से कम होगी। इस फोन को कंपनी ने आज लॉन्च कर दिया है। एयरटेल ने भारतीय मोबाइल फोन निर्माता कंपनी कार्बन के साथ मिलकर इस फोन को लॉन्च किया है। इस बंडल आॅफर में कार्बन ए40 हैंडसेट उपलब्ध है​ जिसे यूजर सिर्फ कैशबैक आॅफर में 1,399 रुपये में खरीद सकते हैं। भारतीय बाजार में इस फोन की वास्तविक कीमत 3,499 रुपये है। इस फोन के माध्यम से कंपनी ने रिलायंस के जियोफोन को टक्कर देने की कोशिश की है। कंपनी ने न सिर्फ सस्ता फोन लॉन्च किया है बल्कि इस स्मार्टफोन के साथ कई आॅफर्स भी लॉन्च किए हैं।

हालांकि एयरटेल के इस फोन को लेने के लिए आपको शुरू में 2,899 रुपये चुकाने हैं लेकिन कंपनी अगले तीन सालों में कैश बैक के तहत 1,500 रुपये वापस कर देगी। इस फोन के साथ कंपनी ने 169 रुपये का प्लान लॉन्च किया है जिसके तहत आपको हर रोज 0.5जीबी 4जी डाटा मिलेगा और आप अनलिमिटेड कॉलिंग कर सकते हैं।

जहां तक एयरटेल के 4जी स्मार्टफोन की बात है तो इस फोन में आपको 4.0-इंच की स्क्रीन दी गई है और इसका स्क्रीन रेजल्यूशन 848×480 पिक्सल है। यह फोन एंडरॉयड आॅपरेटिंग सिस्टम 7.0 नुगट पर कार्य करता है और इसमें आपको गूगल के सभी एप्स मिलेंगे। इसके अलावा आप व्हाट्सऐप और फेसबुक जैसे ऐप्स का उपयोग भी आसानी से कर सकते हैं।

फोटोग्राफी के लिए एयरटेल के इस 4जी फोन में 2-मेगापिक्स्ल का रियर कैमरा है और वीजीए रेजल्यूशन का सेल्फी कैमरा दिया गया है। मेन कैमरे के साथ आॅटोफोकस जैसे फीचर्स उपलब्ध हैं। फोन में 1.3गीगाहट्र्ज का क्वाडकोर प्रोसेसर दिया गया है। वहीं 1जीबी रैम मैमोरी की ताकत प्रदान की गई है और 8जीबी की इंटरनल मैमोरी है। फोन में मैमोरी कार्ड सपोर्ट है और आप 32जीबी तक के माक्रोएसडी कार्ड का उपयोग कर सकते हैं।

दोहरा सिम आधारित इस फोन में 4जी वोएलटीई सपोर्ट है। वहीं खास बात यह कही जा सकती है कि आप किसी भी नेटवर्क का उपयोग कर सकते हैं यह एयरटेल के साथ लॉक नहीं है। एयरटेल के साथ यदि आप उपयोग करेंगे तो कैश बैक और अतिरिक्त डाटा आॅफर का लाभ मिलेगा।

पावर बैकअप के लिए फोन में 1,400 एमएएच की बैटरी दी गई है। कनेक्टिविटी के लिए वाईफाई के साथ यूएसबी दिया गया है।