
बेस्ट कैमरा वाले फोन का जिक्र होता है तो वीवो की ‘एक्स’ सीरीज का नाम जरूर शामिल होता है। कई सालों से फोन फोटोग्राफी में कमाल करने वाली इस स्मार्टफोन सीरीज में पिछले महीने नया मोबाइल vivo X300 FE जोड़ा गया है। कॉम्पैक्ट डिजाइन वाले इस फ्लैगशिप फोन के साथ कंपनी Telephoto Extender Gen 2 Lens किट भी लेकर आई है जो प्रोफेशनल फोटोग्राफी रिजल्ट देने का दावा करती है। वीवो एक्स300 एफई का कैमरा कैसा है, यह जानने के साथ ही हमने तकरीबन 1 महीने के इस्तेमाल में इस वीवो 5जी फोन की रियल लाइफ परफॉर्मेंस और डेली यूज़ एक्सपीरियंस को भी परखा। अपने अनुभव को हम यहां vivo X300 FE review के तौर पर लिख रहे हैं जिसे पढ़कर आप भी इस स्मार्टफोन की खूबी और खामी समझ सकेंगे।
डिजाइन
Vivo X300 FE एक कॉम्पैक्ट मोबाइल है जिसे कंपनी ने सीरीज के अन्य मॉडल्स से अलग रखा है। दूसरे मॉडल्स में जहां बड़ी सर्किल शेप वाला कैमरा सेटअप दिया गया है वहीं एक्स300 एफई में हारिजॉन्टल शेप का कैमरा मॉड्यूल लगा है। कंपनी ने बॉडी कलर व कैमरा सेटअप को समान रंग में रखा है और इस सेटअप में मौजूद ब्लैक लेंस व ब्लू कलर में Zeiss लेंस की ब्रांडिंग मिलकर शानदार कलर कॉम्बिनेशन प्रदान करती है। यह देखने में काफी प्रीमियम लगता है। एक्स300 एफई Urban Olive, Noir Black और Lilac Purple कलर में लाया गया है।
फोन का कैमरा बंप थोड़ा उभरा हुआ है। कई स्मार्टफोंस में कैमरा बंप एक साइड पर दिया जाता है जिसके चलते फोन को सतह पर रखने पर, परफेक्ट लेवल नहीं बना पाता है। लेकिन Vivo X300 FE के साथ ऐसा नहीं हुआ। इस लंबी पिल-शेप वाले कैमरा मॉड्यूल की लुक लोगों को ध्यान अपनी ओर खींचती है। कंपनी ने रियर पैनल पर जो Vivo ब्रांडिंग दी है, वह भी पैनल के कलर के साथ मिक्स हो जाती है और हल्का रिफ्लेक्शन भी देती है। कुल मिलाकर लुक वाकई में अटरेक्टिव है।
वीवो एक्स300 एफई 5जी फोन को Aluminium Alloy फ्रेम पर बनाया गया है जो इसे मजबूती प्रदान करता है। बैक पैनल पर यूं तो ग्लास का इस्तेमाल किया गया है लेकिन मैट फिनिश के चलते यह भी मैटल जैसी ही लुक देता है। वहीं अच्छी यह भी है कि पैनल जल्दी से गंदा नहीं दिखता है और इसपर फिंगर प्रिंट्स भी नहीं पड़ते हैं। बताते चलें कि स्मार्टफोन को डस्ट और वॉटर प्रोटेक्शन देने के लिए इसे IP68 + IP69 रेटिंग के साथ लाया गया है। साइज छोटा होने के चलते फोन हथेली में परफेक्टली फिट होता है और साइड ऐज के चलते तगड़ी ग्रिप मिलती है।
स्मार्टफोन के राइट फ्रेम वॉल्यूम रॉकर और पावर बटन दिया गया है। वहीं लेफ्ट फ्रेम को बटन्स के मामले में पूरी तरह से क्लीन रखा गया है। मोबाइल के लोवर पैनल पर यूएसबी टाईप-सी पोर्ट दिया गया है जिसके एक ओर स्पीकर और दूसरी ओर सिम स्लॉट मौजूद है। बताते चलें कि इस मोबाइल की थिकनेस 7.99mm है और वजन 200 ग्राम से भी कम है।
डिस्प्ले
Vivo X300 FE स्मार्टफोन 2640 x 1216 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.31-इंच स्क्रीन पर लाया गया है। यह 1.5K रेजोल्यूशन वाली AMOLED स्क्रीन है जिसपर 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट, 4320Hz PWM डिमिंग, 460ppi और 5000nits पीक ब्राइटनेस का सपोर्ट दिया गया है। यह वीवो 5जी फोन इन-डिस्प्ले अल्ट्रासोनिक फिंगरप्रिंट सेंसर तकनीक से लैस है और स्क्रीन प्रोटेक्शन के लिए इसपर Schott Xensation Core ग्लास की लेयर दी गई है।
अगर आप भारी-भरकम और बड़े साइज वाले फोन चलाने से परेशान हो चुके हैं कि यकिन मानिए एक्स300 एफई हाथ में लेते ही आराम का अहसास होगा। साइज बिल्कुल परफेक्टली हथेली में सेट हो जाता है सिंगल हैंड फोन यूज़ में कोई दिक्कत नहीं आती। अंगूठा आसानी से नोटिफिकेशन बार तक पहुंच जाता है। फोन में फ्लैट स्क्रीन दी गई है जिसके चारों ओर बेहद ही नैरो बेजल्स मौजूद हैं जो फुल डिस्प्ले व्यू प्रदान करते हैं।
वीवो एक्स300 एफई की डिस्प्ले शानदार व्यूइंग एक्सपीरियंस देती है। फोन में कलर काफी वाइब्रेंट दिखाई देते हैं और ये बहुत ज्यादा ओवर सैचुरेटेड भी नहीं होते। लाइट और डार्क, हर तरह के कलर अपनी परफेक्ट टोन बनाए रखते हैं। वहीं फोन की ब्राइटनेस इस डिस्प्ले की एक बड़ी खूबी बनकर सामने आती है। मई-जून की धूप में भी स्क्रीन पर मौजूद कंटेंट साफ दिखते हैं। इस वीवो 5जी फोन आउटडोर विजिबिलिटी बराबर बनी रहती है।
इसी फोन के खींची गई फोटोज़ हो, या फिर सोशल वीडियोज़। हर तरह का मीडिया कंटेंट इस वाइब्रेंट फोन डिस्प्ले पर देखने में मजा आता है। मोबाइल में HDR10+ सपोर्ट दिया गया है और हमने Netflix और YouTube पर एचडीआर कंटेंट बिना किसी परेशानी के देखा जिसमें ब्राइटनेस, कंट्रास्ट और कलर्स का परफेक्ट मिश्रण था। वहीं फास्ट रिफ्रेश रेट के चलते स्क्रॉलिंग फास्ट रहती है और एनिमेशन स्मूद मिलते हैं।
परफॉर्मेंस
Vivo X300 FE 5G फोन Qualcomm Snapdragon 8 Gen 5 चिपसेट पर लॉन्च हुआ है। यह 3नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 3.32गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 3.8गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इस स्मार्टफोन में Adreno 829 जीपीयू दिया गया है। मोबाइल में दिए गए प्रोसेसर की क्षमता परखने के लिए 91मोबाइल्स की टीम ने इसमें कुछ बेचमार्क टेस्ट भी किए हैं जिनका रिजल्ट आप आगे देख सकते हैं।
| टेस्ट | स्कोर |
| एनटूटू | 30,00,897 |
| गीकबेंच सिंगल-कोर | 2798 |
| गीकबेंच मल्टी-कोर | 9051 |
| पीसीमार्क परफॉर्मेंस | 17,273 |
| बर्नआउट | 37% |
| सीपीयू थ्रॉटल (15 मिनट) | 44% |
फोन की रियल लाइफ परफॉर्मेंस की बात करें तो वीवो एक्स300 एफई अपनी प्राइस रेंज के सबसे फास्ट स्मार्टफोंस में से एक है। फोन में एक साथ कई टास्क ओपन करने पर भी एक्स300 एफई धीमा पड़ता महसूस नहीं हुआ। हमने बीजीएमआई गेम, यूट्यूब, कैमरा, गैलरी और क्रोम पर भी तकरीबन 10 अलग-अलग टैब ओपन करके एक साथ काम किया। ऐप स्वीच करते वक्त फोन कहीं भी स्लो नहीं हुआ। कहा जा सकता है कि सिर्फ आंकड़ों में ही नहीं बल्कि वास्तविक उपयोग में भी Vivo X300 FE दमदार प्रदर्शन कर सकता है।
वीवो एक्स300 एफई स्मार्टफोन LPDDR5X Ultra RAM पर लाया गया है जो मल्टीटास्किंग को स्मूथ और फास्ट बनाती है। यह मोबाइल Memory Fusion तकनीक सपोर्ट करता है जो फिजिकल रैम में वचुर्अल रैम जोड़कर इसे एक्स्ट्रा पावर प्रदान करती है। इंडिया में यह एंड्रॉयड 16 आधारित OriginOS 6 पर लॉन्च हुआ है जो एडवांस और यूज़फुल फीचर्स प्रदान करता है। यह वीवो 5जी फोन 5 जेनरेशन की ओएस अपग्रेड और 7 साल की सिक्योरिटी अपडेट के साथ आया है।
अक्सर देखा जाता है कि मोबाइल फोन नॉर्मल टास्क तो कर लेता है लेकिन जब लंबे समय तक स्मार्टफोन में गेमिंग की जाती है तो उसकी परफॉर्मेंस पर असर पड़ने लगता है। वीवो एक्स300 एफई 5जी फोन की गेमिंग क्षमता परखने के लिए हमने इस मोबाइल में आधा घंटा यानी 30-30 मिनट तक BGMI और Call of Duty: Mobile गेम खेले। गेमिंग के दौरान क्या फ्रेम रेट मिला, कैसे ग्राफिक्स रहे और फोन टेम्परेचर में कितना बदलाव हुआ, यह सारा रिजल्ट आप आगे देख सकते हैं।
| गेमिंग टेस्ट | COD: Mobile | BGMI |
| ग्राफिक्स मैक्सिमम (30 मिनट) | Max | Ultra HDR |
| एफपीएस मैक्सिमम (10 मिनट) | Ultra | Extreme+ |
| एफपीएस एवरेज | 59.8fps | 39.8fps |
| टेम्परेचर हाइक (40 मिनट) | 5.8 डिग्री | 5.3 डिग्री |
| बैटरी ड्रॉप (40 मिनट) | 7% | 7% |
गेमिंग के दौरान स्मार्टफोन की परफॉर्मेंस स्टेबल रही। फोन हीट तो हुआ लेकिन यह बहुत ज्यादा नहीं था। वहीं दिलचस्प बात यह है कि तापमान बढ़ने के बावजूद फोन परफॉर्मेंस पर इसका असर नहीं पड़ा और फ्रेम रेट व ग्राफिक्स स्टेबल रही रहे। बताते चलें कि थर्मल मैनेजमेंट के लिए इस वीवो 5जी फोन में 4,000mm² VC कूलिंग सिस्टम दिया है। यह गेमिंग या हैवी परफॉर्मेंस के वक्त स्मार्टफोन में पनप रही गर्मी को तेजी से बाहर निकाल फेंकता है और को ठंडा रखने में मदद करता है।
कैमरा
Vivo X300 FE को इंडिया में बतौर कैमरा फोन ही पेश किया गया है जो इसकी सबसे बड़ी यूएसपी है। इस मोबाइल में ZEISS लेंस लगाए गए हैं। इसके ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप में एफ/1.57 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल मेन Sony IMX921 OIS सेंसर दिया गया है। जिसके साथ 3x Optical और 100x Digital Zoom की क्षमता वाला 50 मेगापिक्सल Sony IMX882 Telephoto लेंस और 110° एफओवी वाला 8 मेगापिक्सल ultra-wide एंगल लेंस मौजूद है। बताते चलें कि Vivo X300 FE का मेन कैमरा 8K 30fps पर और टेलीफोटो लेंस 4K 60fps पर वीडियो रिकॉर्ड कर सकता है।
यह स्मार्टफोन ज्यादातर परिस्थितियों में अच्छी डिटेल और बेहतर डायनेमिक रेंज के साथ ऐसी फोटो कैप्चर करता है जो देखने में अटरेक्टिव लगती है। हालांकि कई जगह पर यह खुद से ही कलर इन्हांस कर देता है जिससे तस्वीरों में रंग वास्तविक कंडीशन से कुछ अगल नजर आते हैं, लेकिन बहुत से लोगों को इस तरह की फोटोज़ पसंद आती हैं क्योकि इन्हें बिना एडिटिंग के डायरेक्ट सोशल मीडिया पर डाला जा सकता है। फोटो में कॉन्ट्रास्ट भी कुछ अधिक रहता है जिससे ‘चटक वाइब’ मिलती है।
दिन में खींची गई फोटो में हमें सैचुरेशन थोड़ा ज्यादा मिला। वहीं डिटेलिंग की बात करें तो यहां Vivo X300 FE यूजर्स को मजा आने वाला है। यह मोबाइल डायनेमिक रेंज को बैलेंस रखते हुए अधिक से अधिक डिटेल्स कैप्चर करता है। वहीं सबसे अच्छी बात की ज़ूम करने के बाद भी फोटो क्वालिटी बिगड़ती नहीं है और ना ही रिजल्ट ओवरएक्सपोज़्ड नजर आता है। वहीं अल्ट्रावाइड शॉट्स में भी यह वीवो फोन डिस्टॉर्शन को बेहतर तरीके से कंट्रोल करता है और फोटोज़ में कलर्स नेचुरल बनाए रखता है।
पोर्ट्रेट फोटोग्राफी में Vivo X300 FE का प्रदर्शन हमें शानदार लगा। फोन का टेलीफोटो कैमरा न केवल एज डिटेक्शन में शानदार काम करता है, बल्कि स्किन टोन को भी काफी हद तक नेचुरल बनाए रखता है। उपर/नीचे जो फोटो लगी है, उसे कैप्चर करते वक्त तेज हवा चल रही थी। लेकिन क्लिक करने पर फोन कैमरा ने उड़ते हुए बालों को एग्जैक्ट पॉजिशन में कैप्चर तो किया ही, वहीं सबसे बड़ी बात उसमें भी एज डिटेक्शन कायम रही और मोबाइल ने फोरग्राउंड व बैकग्राउंड को अलग ही रखा। वीवो एक्स300 एफई से खींची पोर्ट्रेट में डिटेल्स मेंटेन रहती हैं।


अगर आप नाइट फोटोग्राफी के शौकिन हैं तो Vivo X300 FE रात में भी बेहतरीन फोटोज़ खींचता है। यह लेंस फ्लेयर को शानदार तरीके से कंट्रोल करता है और कम रोशनी में भी बैलेंस्ड ईमेज कैप्चर करता है। नाइट मोड में भी डिटेलिंग बनी रहती है और कम रोशनी की वजह से फोटो में आने वाले ग्रेनी इफेक्ट को यह वीवो 5जी फोन बखूबी हटाता है। फोटो में कलर और कॉन्ट्रास्ट बना रहा है और डिस्टॉर्शन या नॉइज़ ज्यादा नहीं आता है।
सेल्फी के शौकिन्स के लिए भी Vivo X300 FE बेहतर विकल्प साबित हो सकता है। यह मोबाइल एफ/2.0 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है। यह 90 डिग्री एफओवी वाला Ultra-Wide लेंस है जिसमें 0.8x-2x Seamless Zoom मिलता है। इस फ्रंट कैमरा से 4K 60fps वीडियो रिकॉर्डिंग की जा सकती है। नॉर्मल फोटो और पोर्ट्रेट सेल्फी दोनों बढिया रिजल्ट देती हैं।


इस फोन में डिफॉल्ट मोड पर खींची गई सेल्फी हमें कुछ सॉफ्ट लगी। यह कैमरा कहीं न कहीं ग्रीन, रेड, ब्लू और येलो जैसे कॉन्ट्रास्ट कलर्स को तो शार्प कर देता है लेकिन वहीं दूसरे रंगो को ओवरएक्सपोज़्ड नहीं करता है। इससे सेल्फी में एक्स्ट्रा शार्पनेस कम हो जाती हैं और फोटो नेचुरल आती हैं। कुल मिलाकर इस वीवो फोन की सेल्फी अट्रैक्टिव और वाइब्रेंट लगती है जो लोगों को पसंद आएगी।
Telephoto Extender Gen 2 Lens
वीवो एक्स300 एफई को कंपनी ने ZEISS द्वारा बनाई गई स्पेशल टेलीफोटो एक्सटेंडर जेन 2 लेंस किट के साथ पेश किया है। यह उन लोगों के काम आएगी जो फोन से प्रोफेशनल फोटोग्राफी करना चाहते हैं। यह किट मुख्यतौर पर फोन के 50MP टेलीफोटो कैमरा के साथ काम करती है जो फोन की ज़ूम क्षमता को बढ़ा देती है। इसे आसानी से फोन के साथ जोड़ा जा सकता है जो देखने में भी काफी स्टाइलिश लगती है। हालांकि किट जोड़ने के लिए थोड़ा केयरफुल रहना पड़ता है, अगर अचानक से कोई फोटो खींचनी हो तो उसके लिए एक्सटेंडर लेंस पहले से अटेच रखने में ही भलाई है।
एक बार इंस्टॉल होने के बाद यह एक्स्ट्रा 2.35x ऑप्टिकल जूम के साथ ही 1600mm तक की फोकल लेंथ प्रदान करती है। बहुत दूर मौजूद ऑब्जेक्ट को भी फोन में कैप्चर किया जा सकता है। दूर की फोटो खींचने के बाद भी डिटेलिंग में कमी देखने को नहीं मिलती है।
हालांकि मैक्सिमम ज़ूम के बाद क्वॉलिटी से कॉम्प्रोमाइज होने लगता है। कई जगह AI इमेज प्रोसेसिंग के साथ पिक्सल डिटेल बनाए रखने का प्रयास यह मोबाइल करता तो है, लेकिन वहां एक्स्ट्रा स्मूथनेस फोटो में दिखाई देने लगती है।
vivo X300 FE में Telephoto Extender Gen 2 Lens किट जोड़कर हमनें कई तरह के कैमरा सैंपल्स इक्ट्ठा किए हैं जिन्हें आप उपर लगी स्लाइड्स में देख सकते हैं। बहुत दूर मौजूद सब्जेक्ट को यह बखूबी कैप्चर करता है और एआई व कैमरा आईएसपी के साथ उसके कलर व कॉन्ट्रास्ट को भी बनाए रखता है। हमने 200mm, 400mm, 800mm और 1600mm पर फोटो खींची है। 400एमएम तक डिटेलिंग काफी हद तक रियल बनी रही है और उससे उपर जाकर भी कलरफुल व वाइब्रेंट फोटोज़ मिलती हैं।
बैटरी
पावर बैकअप के लिए वीवो एक्स300 एफई 5जी फोन को तगड़ी 6500mAh बैटरी से लैस कर भारतीय बाजार में उतारा गया है। आजकल बड़ी बैटरी स्मार्टफोंस का ट्रेंड चल रहा है और यह नया वीवो फोन इसी चलन के हिसाब से आया है। कंपनी का दावा है कि फुल चार्ज के बाद इसपर लगातार 38 घंटे तक YouTube वीडियो स्ट्रीम की जा सकती है। टेस्टिंग के दौरान हमनें इस मोबाइल 60 मिनट यानी 1 घंटे तक यूट्यूब वीडियो चलाई तो बैटरी सिर्फ 3% ड्रॉप हुई
91मोबाइल्स की टेस्टिंग में Vivo X300 FE का PCMark battery बेंचमार्क स्कोर 16 घंटे, 4 मिनट का आया है। रियल लाइफ यूज में भी हमें इस मोबाइल की बैटरी से कोई शिकायत नहीं हुई। हमनें दिन में सिर्फ एक बार ही मोबाइल को फुल चार्ज किया और अगले दिन तकरीबन उसी टाइम के आस-पास ही इसे दोबारा चार्ज करने की जरूरत पड़ी।
यह वीवो 5जी फोन Bypass Charging तकनीक से लैस कर भारतीय बाजार में उतारा गया है। यह टेक्नोलॉजी हैवी परफॉर्मेंस टास्क या गेमिंग के दौरान फोन को चार्ज करने पर, करंट को बैटरी की तरफ नहीं भेजती बल्कि उसे सीधे मदरबोर्ड की ओर ट्रांसफर कर देती है। इससे फोन बैटरी पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता है और फोन हीट भी नहीं होता है।
Vivo X300 FE की बड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 90W FlashCharge फास्ट चार्जिंग तकनीक दी गई है। हमारी टेस्टिंग में इसने फोन को 20% से 100% फुल चार्ज होने में 41 मिनट का समय लिया जो कि वाकई में तारीफ के काबिल है। वहीं दूसरी इस नए वीवो 5जी फोन में यूजर्स को 40W wireless फास्ट चार्जिंग टेक्नोलॉजी का सपोर्ट भी मिलता है।
निष्कर्ष
vivo X300 FE का प्राइस 79,999 रुपये है। यह बेस वेरिएंट की कीमत है जिसमें 12GB RAM + 256GB Storage मिलती है। अगर आप सिर्फ हैवी परफॉर्मेंस या गेमिंग के लिए फोन खरीदना चाह रहे हैं तो मार्केट में इस मोबाइल से भी सस्ते रेट पर कुछ ऐसे स्मार्टफोन मौजूद हैं जो वीवो एक्स300 एफई से बेहतर परफॉर्मेंस दे सकते हैं। मसलन realme GT8 Pro, OnePlus 15 और iQOO 15. वहीं POCO X8 Pro Max, iQOO 15R और OnePlus 15R जैसे फोन भी 50 हजार से कम में 80 हजार वाले vivo X300 FE को चुनौती दे सकते हैं।
हमें वीवो एक्स300 एफई की स्क्रीन कमाल लगी। फोन का साइज और डिस्प्ले दोनों मिलकर वाकई में परफेक्ट व्यूइंग एक्सपीरियंस प्रदान करते हैं। फोन वीडियोज़ देखने में मजा आता है और स्क्रॉलिंग व ब्राइटनेस भी हर तरह की कंडीशन में यूजर्स को भा सकती है। वहीं स्मार्टफोन का बैटरी बैकअप भी शानदार है जिससे कोई शिकायत नहीं होगी। फास्ट चार्जिंग स्पीड बड़ी बैटरी को तेजी से फुल कर सकती है।
अधिकांश लोग vivo X300 FE को उसके कैमरा के लिए परचेज करना चाहेंगे और उनका यह फैसल गलत साबित नहीं होगा। मोबाइल फोटोग्राफी के मामले में यह स्मार्टफोन वाकई में बेहतरीन है। फोटोग्राफी के शौकिन लोगों को यह मोबाइल पसंद आएगा। लेकिन हमारे अनुभव के मुताबिक बिना किट के इस फोन का कैमरा कुछ फीका लग सकता है। हालांकि अगर शुरू से ही बिना किट के फोन चलाया जाए तो शायद ऐसा महसूस नहीं होगा। क्योंकि किट वाले रिजल्ट का चस्का लग गया तो उसके बिना रहना मुश्किल है।
कुल मिलाकर vivo X300 FE 5G फोन का एक्सपीरियंस मिलाजुला रहता है। कैमरा अच्छा है और परफॉर्मेंस औसत। हॉं, लुक के मामले में इसे पूरे नंबर दिए जा सकते हैं। अगर आप प्रीमियम लुक वाला मोबाइल चाहते हैं और उन लोगों में से हैं जो हर जगह फोटोज़ खींचकर सोशल मीडिया पर डालना पसंद करते हैं, तो वीवो एक्स300 5जी फोन को चुना जा सकता है।





















