200 मेगापिक्सल के दो कैमरा सेंसर के साथ आ सकता है Vivo X300 Ultra! लॉन्च टाइमलाइन हुई लीक

वीवो एक्स300 सीरीज इंडिया लॉन्च के लिए तैयार है। 2 दिसंबर को Vivo X300 और Vivo X300 Pro भारतीय बाजार में अनाउंस होंगे। ये दोनों मोबाइल चीन व ग्लोबल मार्केट में पहले ही दस्तक दे चुके हैं। नए वीवो फ्लैगशिप फोन के इंडिया लॉन्च से पहले अब इसी सीरीज के ‘अल्ट्रा’ मॉडल की जानकारी भी सामने आ रही है। Vivo X300 Ultra की लॉन्च टाइमलाइन लीक हो गई है और साथ ही इसकी कई अहम स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी इंटरनेट पर शेयर कर दी गई है।
वीवो एक्स300 अल्ट्रा ही जानकारी चीनी माइक्रोब्लागिंग साइट वेईबो पर शेयर की गई है। लीक में बताया गया है कि यह मोबाइल साल 2026 की पहली तिमाही में पेश किया जा सकता है। फिलहाल कोई तय लॉन्च डेट नहीं बताई गई है लेकिन अनुमान है कि कंपनी Vivo X300 Ultra को MWC 2026 (मोबाइल वर्ल्ड कॉग्रेस) के आस-पास रिवील कर सकती है। वीवो एक्स300 अल्ट्रा पहले चीन में लॉन्च किया जाएगा जो बाद में ग्लोबल मार्केट में एंट्री लेगा।
स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो वीवो एक्स300 अल्ट्रा ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप पर लॉन्च किया जा सकता है। फोटोग्राफी के लिए इसमें 200 मेगापिक्सल के दो कैमरा सेंसर दिए जाने की बात लीक में सामने आई है। इसके साथ ही मोबाइल में थर्ड सेंसर 50 मेगापिक्सल का लगाया जा सकता है जो अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस हो सकता है। बताते चलें कि Vivo X300 और X300 Pro के ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप में एक 20 मेगापिक्सल कैमरा दिया गया है।
वीवो एक्स300 के बैक पैनल पर जहां 200 मेगापिक्सल Samsung HPB सेंसर के साथ 50 मेगापिक्सल LYT602 periscope telephoto लेंस और 50 मेगापिक्सल Samsung JN1 सेंसर दिया गया है। वहीं एक्स300 प्रो 50MP Sony LYT828 मेन सेंसर के साथ 200MP पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस और 50MP अल्ट्रा-वाइड एंगल लेंस सपोर्ट करता है।
पावर बैकअप के लिए वीवो एक्स300 5जी फोन में 6,040mAh बैटरी दी गई है और एक्स300 प्रो 6510mAh बैटरी सपोर्ट करता है। ये दोनों स्मार्टफोन 90W वायर्ड और 40W वायरलेस फास्ट चार्जिंग तकनीक सपोर्ट करते हैं। वीवो एक्स300 अल्ट्रा की बात करें तो कंपनी इसे 7,000mAh battery पर लॉन्च कर सकती है। यानी बैटरी के मामले में Vivo X300 Ultra अधिक पावरफुल होगा।
वीवो एक्स300 और एक्स300 प्रो 5जी फोन मीडियाटेक के फ्लैगशिप प्रोसेसर Dimensity 9500 पर काम करते हैं। यह कंपनी का अभी तक का सबसे पावरफुल मोबाइल चिपसेट है। यदि वीवो और मीडियाटेक के बीच समझौता जारी रहता है, तो हो सकता है कि एक्स300 अल्ट्रा भी डाइमेंसिटी 9500 प्रोसेसर पर ही लॉन्च हो। वहीं अगर दोनों कंपनियों के बीच कोेई सौदा नहीं है तो Vivo X300 Ultra में Snapdragon 8 Elite Gen 5 भी देखने को मिल सकता है।
क्वालकॉम स्नेपड्रैगन 8 एलिट जेन 5 3नैनोमीटर आर्किटेक्चर पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 3.63GHz से लेकर 4.6GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। बीते कुछ दिनों में OnePlus 15, realme GT 8 Pro और iQOO 15 इसी चिपसेट पर लॉन्च किए गए हैं जो पावरफुल परफॉर्मेंस प्रदान करते हैं। बहरहाल वीवो एक्स300 अल्ट्रा की स्पेसिफिकेशन्स को लेकर अभी कुछ पुख्ता नहीं कहा जा सकता है।