
वीवो फैंस के लिए यह सप्ताह कुछ खास नहीं जा रहा है। इस हफ्ते कंपनी के vivo T5x, Y31 और Y51 Pro सहित फ्लैगशिप फोन vivo V70 और V70 Elite पर प्राइस हाइक जारी हो चुका है। वहीं अब एक और मिडरेंज स्मार्टफोन vivo Y400 5G की कीमत में भी बढ़ोतरी की खबर सामने आ गई है। यह वीवो 5जी फोन 21,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च हुआ था जिसे खरीदने के लिए अब 28,999 रुपये चुकाने होंगे।
वीवो वाई400 स्मार्टफोन अपने लॉन्च प्राइस से 7000 रुपये महंगा हो चुका है। ये मोबाइल अगस्त 2025 में भारत में लॉन्च हुआ था। यह 8GB RAM वाला 5G फोन है जिसे 128GB स्टोरेज वेरिएंट के साथ 21,999 रुपये में लॉन्च किया गया था और 256GB मेमोरी वेरिएंट 23,999 रुपये में लाया गया था। बीते दिनों में जहां इस मोबाइल पर 4,000 रुपये का प्राइस हाइक हुआ था वहीं अब फिर से इसकी कीमत में 3,000 रुपये का इजाफा कर दिया गया है।
वीवो फोन का प्राइस बढ़ने के बाद अब 8GB RAM + 128GB Storage वेरिएंट को खरीदने के लिए 28,999 रुपये चुकाने होंगे। वहीं मोबाइल का 8GB RAM + 256GB Storage वेरिएंट 31,999 रुपये का हो गया है। स्मार्टफोन की बढ़ी हुई कीमत मार्केट में लागू हो चुकी है और अब इस मोबाइल को पाने के लिए जेब ढ़ीली करनी ही पड़ेगी।
vivo Y400 5G फोन के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो यह एंड्रॉयड आधारित Funtouch OS पर काम करता है। प्रोसेसिंग के लिए इस वीवो 5जी फोन में 4नैनोमीटर आर्किटेक्चर पर बना Qualcomm Snapdragon 4 Gen 2 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है जो 2.2गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। मोबाइल एक्सटेंडेड रैम टेक्नोलॉजी से लैस है जो 8जीबी फिजिकल रैम में 8जीबी वचुर्अल रैम को जोड़कर इसे 16GB RAM की ताकत देती है।
फोटोग्राफी के लिए यह फोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल IMX852 ओआईएस सेंसर दिया गया है जो 2 मेगापिक्सल Bokeh लेंस के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह स्मार्टफोन 32 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है जो एफ/2.45 अपर्चर पर काम करता है।
पावर बैकअप के लिए vivo Y400 5G फोन में 6000mAh Battery दी गई है जो 4 साल की बैटरी हेल्थ के साथ आती है। वहीं स्मार्टफोन को तेजी से चार्ज करने के लिए 90W फास्ट चार्जिंग तकनीक मौजूद है। इस वीवो 5जी फोन में 6.67-इंच की FHD+ AMOLED स्क्रीन लगी है जिसपर 120Hz रिफ्रेश रेट और इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर का सपोर्ट मौजूद है। यह IP68 + IP69 रेटिंग वाला वीवो फोन है। वहीं ग्राहकों को इसमें एआई फीचर्स भी मिलेंगे।
वीवो वाई400 यकिनन कुछ पुराना फोन हो चुका है। अगर 26 से 30 हजार की रेंज में आप कोई नया स्मार्टफोन खरीदना चाहते हैं तो Motorola Edge 70 Fusion या Tecno Pova Curve 2 को चेक कर सकते हैं। मोटोरोला फोन मार्च महीने में 26,999 रुपये के स्टार्टिंग प्राइस पर लॉन्च हुआ था और टेक्नो मोबाइल फरवरी में 27,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लाया गया था।
मोटोरोला ऐज 70 फ्यूजन में Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर, 7000mAh बैटरी और 68W फास्ट चार्जिंग दी गई है। यह मोबाइल 144Hz रिफ्रेश रेट वाली 6.78-इंच की 1.5K Quad Curved AMOLED डिस्प्ले सपोर्ट करता है और फोटोग्राफी के लिए 50MP डुअल रियर और 32MP सेल्फी कैमरा मौजूद है। वहीं टेक्नो पोवा कर्व 2 5जी फोन में MediaTek Dimensity 7100 प्रोसेसर, 6.78-इंच FHD+ Curved AMOLED 144Hz डिस्प्ले और 8000mAh बैटरी जैसे फीचर्स मिलते हैं। 91मोबाइल्स पर आप इसी प्राइस रेंज के अन्य ऑप्शन्स भी देख सकते हैं।













