120x Zoom की ताकत वाले कैमरा के साथ Xiaomi 17T ग्लोबली लॉन्च, यहां देखें फोन प्राइस और स्पेसिफिकेशन्स

शाओमी बता चुकी है कि वह अगले महीने 4 जून को Xiaomi 17T इंडिया में लॉन्च करेगी। भारतीय बाजार में आने से पहले यह मोबाइल आज ग्लोबल मार्केट में पेश कर दिया गया है। शाओमी 17टी को सबसे पहले मलेशिया में लॉन्च किया गया है जो Leica Camera के साथ आया है। 17टी के साथ ही Xiaomi 17T Pro भी लॉन्च किया गया है जिसकी डिटेल्स यहां क्लिक कर पढ़ी जा सकती है। Xiaomi 17T प्राइस, फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी आगे दी गई है।
Xiaomi 17T कैमरा
शाओमी 17टी 5G फोन की बड़ी खूबी इसमें लगा Leica कैमरा है। यह मोबाइल ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप पर लॉन्च किया गया है जिसमें एलइडी फ्लैश से लैस OIS सपोर्ट करने वाला 50 मेगापिक्सल Light Fusion 800 मेन सेंसर दिया गया है जो 50 मेगापिक्सल periscope telephoto सेंसर और 12 मेगापिक्सल ultra-wide एंगल लेंस के साथ मिलकर काम करता है।
वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इस शाओमी 5जी फोन में 32 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा लगाया गया है। शाओमी 17टी 5जी फोन का टेलीफोटो लेंस 5x optical zoom सपोर्ट करता है और इस मोबाइल में 120x AI Ultra Zoom की क्षमता के साथ फोटो और वीडियो रिकॉर्ड की जा सकती है। यह मोबाइल 60fps पर 4K video रिकॉर्ड कर सकता है।
Xiaomi 17T स्पेसिफिकेशन्स
शाओमी 17टी 5जी फोन को एंड्रॉयड 16 पर लाया गया है जो HyperOS के साथ मिलकर काम करता है। प्रोसेसिंग के लिए इस मोबाइल में MediaTek Dimensity 8500 Ultra चिपसेट दिया गया है। यह 4नैनोमीटर आर्किटेक्चर पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 2.2गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 3.4गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इस नए शाओमी 5जी फोन में Arm Mali-G720 MC8 जीपीयू मौजूद है।
Xiaomi 17T 5G फोन 1268 x 2756 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.59-इंच की 1.5K Crystal स्क्रीन पर लॉन्च हुआ है। यह फ्लेट सर्फेस वाली डिस्प्ले AMOLED पैनल पर बनी है जिसपर 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट, 3840Hz PWM डिमिंग, 460ppi, 3500nits पीक ब्राइटनेस का सपोर्ट मिलता है। ग्राहकों को इस फोन में इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर मिलेगा और स्क्रीन प्रोटेक्शन के लिए कोर्निंग Gorilla Glass 7i की प्रोटेक्शन दी गई है।
पावर बैकअप के लिए शाओमी 17टी 5जी फोन तगड़ी 6500mAh Battery से लैस कर टेक मार्केट में उतारा गया है। यह सिलिकॉन कार्बन बैटरी है जो लंबा बैकअप देने की क्षमता रखती है। वहीं यूजर्स को फोन में लंबी बैटरी हेल्थ भी मिलेगी। स्मार्टफोन को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 67W फास्ट चार्जिंग तकनीक दी गई है। यह मोबाइल रिवर्स चार्जिंग तकनीक भी सपोर्ट करता है।
Xiaomi 17T प्राइस
शाओमी 17टी 5जी फोन को ग्लोबल मार्केट में 749 यूरो की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया है। यह कीमत इंडियन करंसी अनुसार 83,399 रुपये के करीब है। इसमें 12GB RAM + 256GB Storage मिलती है। शाओमी 17टी 4 जून को भारतीय बाजार में उतारा जाएगा। हमारा अनुमान है कि इंडिया Xiaomi 17T 80 हजार रुपये तक की रेंज में लॉन्च किया जाएगा। 91मोबाइल्स पर आप इस नए 5जी फोन की फुल डिटेल्स पढ़ सकते हैं।