
Xiaomi ने आज अंर्तराष्ट्रीय मंच पर अपनी Mi 9 सीरीज़ का विस्तार करते हुए एक नया डिवाईस Mi 9 Lite लॉन्च कर दिया है। यह स्मार्टफोन फिलहाल स्पेन में उतारा गया है जो आने वाले दिनों में अन्य बाजारों में दस्तक दे सकता है। Xiaomi Mi 9 Lite शानदार स्पेसिफिकेशन्स के साथ बड़ी बैटरी और ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। शाओमी के इस लेटेस्ट डिवाईस Mi 9 Lite को चीनी बाजार में मौजूद Mi CC9 स्मार्टफोन का रिब्रांडिड वर्ज़न बताया जा रहा है।
लुक व डिजाईन
Xiaomi Mi 9 Lite लुक के मामले में काफी हद तक इंडिया में मौजूद Redmi Note 7 Pro जैसा है। यह फोन 19:9 आस्पेक्ट रेशियो पर पेश किया गया है। डिसप्ले के चारों किनारें जहां बेजल लेस हैं वहीं उपर की ओर ‘यू’ शेप की छोटी सी नॉच दी गई है। फोन के बैक पैनल पर ट्रिपल रियर कैमरा दिया गया है जो बाईं ओर वर्टिकल शेप में स्थित है। इस कैमरा सेटअप के ठीक नीचे फ्लैश लाईट मौजूद है। Mi 9 Lite के लोवर पैनल पर 3.5एमएम जैक तथा स्पीकर दिया गया है। फोन के दाएं पैनल पर जहां वाल्यूम रॉकर मौजूद है वहीं बाएं पैनल पर पावर बटन दिया गया है।

कैमरा सेग्मेंट
Xiaomi Mi 9 Lite को कंपनी द्वारा ट्रिपल रियर कैमरे पर लॉन्च किया गया है। फोन के बैक पैनल पर फ्लैश लाईट के साथ 48-मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है। इसी तरह फोन में 8-मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस और 2-मेगापिक्सल का डेफ्थ कैमरा सेंसर मौजूद है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए Mi 9 Lite 32-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
स्पेसिफिकेशन्स
स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो Mi 9 Lite को 1080 x 2340 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.39 इंच की सुपर एमोलेड डिसप्ले पर लॉन्च किया गया है जो फुलएचडी+ रेज्ल्यूशन सपोर्ट करती है। कंपनी ने अपने फोन को अंडर-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर तकनीक से लैस कर बाजार में उतारा है तथा स्क्रीन की सुरक्षा के लिए फोन को 2.5डी कर्व्ड ग्लास से प्रोटेक्ट किया गया है। Xiaomi Mi 9 Lite को एंडरॉयड 9 पाई पर पेश किया गया है जो मीयूआई 10 पर काम करता है वहीं प्रोसेसिंग के लिए फोन में 2.2गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 710 एआई चिपसेट दिया गया है।
Xiaomi Mi 9 Lite को स्पेन में दो वेरिएंट्स में लॉन्च किया गया है। एक वेरिएंट जहां 4 जीबी रैम मैमोरी के साथ 64 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है वहीं दूसरे में 6 जीबी रैम के साथ 128 जीबी मैमोरी दी गई है। दोनों ही वेरिएंट्स में स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये 256जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। Mi 9 Lite को कंपनी ने गेमिंग टर्बो 2.0 तकनीक के लैस किया है जो लंबे समय तक गेम खेलने पर भी स्मूथ और लैगफ्री प्रोसेसिंग उपलब्ध करता है। बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही पावर बैकअप के लिए इस फोन में 4,030एमएएच की बैटरी दी गई है जो 18वॉट फास्ट चार्जिंग फीचर सपोर्ट करती है।
कीमत
Xiaomi Mi 9 Lite की कीमत की बात करें तो फोन के 4 जीबी रैम + 64 जीबी मैमोरी वेरिएंट को 319 यूरो (तकरीबन 25,000 रुपये) और 6 जीबी रैम + 128 जीबी स्टोरेज वेरिएंट को 349 यूरो (तकरीबन 27,500 रुपये) की कीमत पर लॉन्च किया गया है। स्पेन में यह फोन व्हाईट, ब्लू और ब्लैक कलर वेरिएंट में सेल के लिए उपलब्ध होगा।






















