Realme 5 vs Xiaomi Mi A3, चार कदम आगे-दो कदम पीछे

इंडियन स्मार्टफोन मार्केट की नंबर वन कंपनी बन चुकी Xiaomi ने आज भारत में अपना प्रोडक्ट पोर्टफोलियो बढ़ाते हुए नया स्मार्टफोन Mi A3 लॉन्च किया है। यह स्मार्टफोन 12,999 रुपये की शुरूआती कीमत पर बाजार में उतारा गया है जो ट्रिपल रियर कैमरा और गूगल एंडरॉयड वन जैसे फीचर्स से लैस है। भारत में सफलतापूर्वक एक साल पूरा कर चुकी टेक कंपनी Realme को Xiaomi का कड़ा प्रतिद्वंदी माना जा रहा है। Realme भी Xiaomi की तरह कम कीमत पर शानदार स्पेसिफिकेशन्स से लैस स्मार्टफोन लेकर आती है। कल ही Realme ने इंडिया में अपने दो नए डिवाईस Realme 5 और Realme 5 Pro लॉन्च किए हैं। लो बजट सेग्मेंट में Realme 5 को Xiaomi Mi A3 के लिए खतरा बताया जा रहा है। ये दोनों ही फोन इसी महीने प्लेटफॉर्म पर सेल के लिए उपलब्ध होने वाले हैं। ऐसे में यदि आप भी कोई नया फोन लेने की सोच रहे हैं और कन्फ्यूज़न में है कि Xiaomi Mi A3 लिया जाए या Realme 5 तो आगे हमनें दोनों स्मार्टफोंस की स्पेसिफिकेशन्स की तुलनात्मक अध्ययन किया है, जो बताएगा Xiaomi Mi A3 बेस्ट है या Realme 5 बेटर है।
डिसप्ले व डिजाईन
Xiaomi Mi A3 को कंपनी द्वारा 19.5:9 आस्पेक्ट रेशियो पर पेश किया गया है जो 1560 x 720 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.08-इंच की एचडी+ सुपर एमोलेड डिसप्ले सपोर्ट करता है। स्क्रीन की सुरक्षा के लिए इसे कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास 5 से प्रोटेक्ट किया गया है। Mi A3 7वीं जेनरेशन के इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर से लैस है। वहीं दूसरी ओर Realme 5 में 6.5-इंच की एचडी+ एलसीडी डिसप्ले दी गई है। फोन स्क्रीन की सुरक्षा के लिए इसे कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास 3+ से प्रोटेक्ट किया गया है। ये दोनों ही स्मार्टफोन वॉटरड्रॉप नॉच डिसप्ले सपोर्ट करते हैं।
Mi A3 व Realme 5 दोनों के बैक पैनल पर रियर कैमरा सेटअप बाईं ओर वर्टिकल शेप में दिया गया है। Realme 5 में जहां 4 रियर कैमर सेंसर है वहीं Mi A3 के रियर कैमरा सेटअप में 3 सेंसर्स मौजूद है। Realme 5 के बैक पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर मौजूद है जब्कि Mi A3 से यह नदारद है। Xiaomi Mi A3 में वाल्यूम रॉकर व पावर बटन दाएं पैनल पर दिए गए हैं वहीं Realme 5 में बाएं पैनल पर वाल्यूम रॉकर और दाएं पैनल पर पावर बटन दिया गया है।
ओएस व प्रोसेसर
Xiaomi Mi A3 एंडरॉयड 9 पाई आधारित एंडरॉयड वन ओएस पर पेश किया गया है जो एंडरॉयड 10 के इंडिया में रोलआउट होते ही इससे लैस हो जाएगा। वहीं Realme 5 एंडरॉयड 9.0 पाई पर पेश हुआ है। ये दोनों ही स्मार्टफोन 2.0गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ 11एनएम तकनीक पर बने क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 665 एआईई चिपसेट पर रन करते हैं। इसी तरह ग्राफिक्स के लिए भी Realme 5 और Xiaomi Mi A3 दोनों फोन एड्रेनो 610 जीपीयू सपोर्ट करते हैं।
रैम व स्टोरेज
Xiaomi Mi A3 को कंपनी द्वारा दो वेरिएंट्स में लॉन्च किया गया है। फोन को बेस वेरिएंट 4जीबी रैम मैमोरी के साथ 64जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है तथा दूसरे वेरिएंट में 6जीबी रैम के साथ 128जीबी की इंटरनल मैमोरी दी गई है। इस दोनों ही वेरिएंट्स में स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये 256जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।
Realme 5 इंडिया में तीन वेरिएंट्स में लॉन्च हुआ है। फोन का सबसे छोटा वेरिएंट 3जीबी रैम के साथ 32जीबी स्टोरेज सपोर्ट करता है। इसी तरह फोन के दूसरे वेरिएंट में 4जीबी की रैम मैमोरी दी गई है जो 64जीबी इंटरनल स्टोरेज और 128जीबी इंटरनल मैमोरी के साथ लॉन्च हुआ है। इस फोन में भी 256जीबी तक के कार्ड को यूज़ किया जा सकता है।
फोटोग्राफी सेग्मेंट
Xiaomi Mi A3 ट्रिपल रियर कैमरे पर लॉन्च हुआ है। फोन के बैक पैनल पर एफ/1.79 अपर्चर वाला 48-मेगापिक्सल Sony IMX586 प्राइमरी सेंसर + एफ/2.2 अपर्चर वाला 8-मेगापिक्सल का वाइड-एंगल लेंस + 2-मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर दिया गया है। वहीं, वीडियो कॉलिंग और सेल्फी के लिए Mi A3 एफ/2.0 अपर्चर वाला 32-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
Realme 5 को कंपनी ने क्वॉड रियर कैमरे पर लॉन्च किया है। फोन के बैक पैनल पर एफ/1.8 अपर्चर वाला 12-मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर + एफ/2.25 अपर्चर वाला 8-मेगापिक्सल का वाइड-एंगल लेंस + 2-मेगापिक्सल का पोर्टरेट + 2-मेगापिक्सल का मैक्रो लेंस दिया गया है। सेल्फी के लिए Realme 5 एफ/2.0 अपर्चर वाला 13-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
बैटरी
Xiaomi Mi A3 को कंपनी की ओर से 4,030mAh की बैटरी पर लॉन्च किया गया है। फोन की बैटरी क्विक चार्ज 3.0 तकनीक के साथ 18वॉट फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। गौरतलब है कि Mi A3 बॉक्स के साथ 10वॉट का चार्जर भी मिलेगा। वहीं Realme 5 की बात करें तो यह स्मार्टफोन 5000mAh बैटरी सपोर्ट करता है जो 10वॉट चार्जिंग सपोर्ट करता है।
कीमत
Xiaomi Mi A3
4जीबी रैम + 64 जीबी स्टोरेज = 12,999 रुपये
6जीबी रैम + 128 जीबी स्टोरेज = 15,999 रुपये
Realme 5
3जीबी रैम + 32 जीबी स्टोरेज = 9,999 रुपये
4जीबी रैम + 64 जीबी स्टोरेज = 10,999 रुपये
4जीबी रैम + 128 जीबी स्टोरेज = 11,999 रुपये
सिर्फ स्पेसिफिकेशन्स का सार बताएं तो Realme 5 और Xiaomi Mi A3 का चिपसेट एक समान है। Realme 5 में जहां रियर कैमरा सेंसर्स ज्यादा है वहीं Mi A3 में रियर मेगापिक्सल अधिक है। सेल्फी कैमरे में Xiaomi Mi A3 आगे है तो बैटरी व डिसप्ले में Realme 5 उपर है। दोनों फोन के 4जीबी रैम + 64जीबी स्टोरेज वेरिएंट में Realme 5 Xiaomi Mi A3 की अपेक्षा 2,000 रुपये सस्ता है।
Mi A3 इस 23 अगस्त से शॉपिंग साइट अमेज़न पर सेल के लिए उपलब्ध हो जाएगा तथा Realme 5 आने वाल 27 अगस्त से शॉपिंग साइट फ्लिपकार्ट पर सेल के लिए उपलब्ध होगा।