
Realme ने पिछले हफ्ते ही भारतीय बाजार में अपना लो बजट स्मार्टफोन Realme C3 लॉन्च किया था। यह स्मार्टफोन डुअल रियर कैमरा और 5000एमएएच की बैटरी सपोर्ट करता है जिसे 6,999 रुपये की शुरूआती कीमत पर खरीदा जा सकता है। Realme C3 को टक्कर देते हुए इंडिया का नंबर वन स्मार्टफोन ब्रांड बन चुकी Xiaomi ने भी अपना नया एंट्री लेवल स्मार्टफोन Redmi 8A Dual आज भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है। Xiaomi Redmi 8A Dual को कंपनी की ओर से 6,499 रुपये की शुरूआती कीमत पर लॉन्च किया गया है जो आने वाली 18 फरवरी से सेल के लिए उपलब्ध होगा।
Xiaomi Redmi 8A Dual
स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो Xiaomi Redmi 8A Dual में 1520 X 720 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.22 इंच की एचडी+ आईपीएस डॉटनॉच डिसप्ले दी गई है जो कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास 5 से प्रोटेक्टेड है। कंपनी की ओर से रेडमी 8ए डुअल को पी21आई नैनो कोटिंग से कवर किया गया है जो फोन को हल्की फुल्की पानी की छीटों से बचाती है। रेडमी 8ए डुअल को कंपनी की ओर से ब्लू, वाईट और ग्रे कलर वेरिएंट में लॉन्च किया है तथा फोन के डिजाईन को Xiaomi ने ऑरा ग्रिल एक्स डिजाईन का नाम दिया है।

Xiaomi Redmi 8A Dual एंडरॉयड आधारित मीयूआई पर पेश किया गया है जो 2गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ 12एनएम तकनीक पर बने क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 439 चिपसेट पर रन करता है। शाओमी रेडमी 8ए डुअल को दो वेरिएंट्स में लॉन्च किया गया है। फोन का पहला वेरिएंट जहां 2 जीबी रैम मैमोरी के साथ 32 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है वहीं दूसरे वेरिएंट में 3 जीबी रैम मैमोरी के साथ 32 जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी गई है। दोनों ही वेरिएंट्स की स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये 512 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।
फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Xiaomi Redmi 8A Dual डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर फ्लैश लाईट के साथ 13 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है। इसके साथ ही फोन में 2 मेगापिक्सल का सेकेंडरी कैमरा सेंसर मौजूद है। इसी तरह सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह स्मार्टफोन 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है। गौरतलब है कि रेडमी 8ए डुअल के फ्रंट और रियर दोनों कैमरा सेंसर्स एआई तकनीक से लैस हैं।
Xiaomi Redmi 8A Dual रियल डुअल सिम फोन है जिसमें दो सिम कार्ड के साथ एक मैमोरी कार्ड भी लगाया जा सकता है। यह स्मार्टफोन 4जी वोएलटीई के साथ ही वोवाई-फाई फीचर भी सपोर्ट करता है। सिक्योरिटी के लिए यह फोन फेस अनलॉक फीचर सपोर्ट करता है। Xiaomi Redmi 8A Dual में पावर बैकअप के लिए 18वॉट सपोर्ट वाली 5,000एमएएच की बड़ी बैटरी दी गई है। लेकिन बॉक्स में 10वॉट चार्जर ही मिलेगा। शाओमी रेडमी 8ए डुअल को टाईप-सी पोर्ट के जरिये चार्ज किया जा सकता है वहीं यह फोन रिवर्स चार्जिंग तकनीक से भी लैस है।
कीमत व सेल
Xiaomi Redmi 8A Dual के 2 जीबी रैम + 32 जीबी स्टोरेज वेरिएंट को कंपनी की ओर से 6,499 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया है तथा फोन के 3 जीबी रैम + 32 जीबी स्टोरेज वेरिएंट को 6,999 रुपये की कीमत पर बाजार में उतारा गया है। Redmi 8A Dual आने वाली 18 फरवरी से शाओमी की आधिकारिक वेबसाइट के साथ ही अमेज़न इंडिया पर सेल के लिए उपलब्ध हो जाएगा। वहीं कंपनी का कहना है कि आने वाले दिनोें में यह स्मार्टफोन ऑफलाईन रिटेल स्टोर्स पर भी बिकेगा।






















