
चीन की एप्पल कही जाने वाली शाओमी ने इसी हफ्ते अपनी होम मार्केट चीन में रेडमी सीरीज़ का विस्तार करते हुए नया स्मार्टफोन लॉन्च किया था। शाओमी की ओर से रेडमी नोट 7 स्मार्टफोन पेश किया गया था जो चीनी बाजार में सेल के लिए उपलब्ध हो चुका है। रेडमी नोट 7 के लॉन्च के बाद से ही इसी फोन के एक और वर्ज़न नोट 7 प्रो को लेकर भी कई लीक्स सामने आ रहे। इंटरनेशनल मंच पर छाने के बाद से ही शाओमी के इंडियन फैन्स को इंतजार था कि कंपनी कब अपने इस दोनों शानदार स्मार्टफोंस भारत में लाएगी। लेकिन अब लगता है देश में शाओमी फैन्स का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। रेडमी नोट 7 और नोट 7 प्रो जल्द भारत में दस्तक दे सकते हैं।
शाओमी की ओर से रेडमी नोट 7 और रेडमी नोट 7 प्रो के इंडिया लॉन्च की जानकारी अभी तक ऑफिशियल नहीं की गई है लेकिन टेक वेबसाइट एमएसपी ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि रेडमी सीरीज़ के ये दोनों स्मार्टफोन जल्द ही भारत में दस्तक देने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि शाओमी इंडिया रेडमी नोट 7 और नोट 7 प्रो के साथ ही रेडमी गो स्मार्टफोन भी भारत में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है और जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा करेगी।
रिपोर्ट के अनुसार शाओमी के ये तीनों ही स्मार्टफोन साल की पहली ही तिमाही में लॉन्च कर दिए जाएंगे और हो सकता है कि फरवरी महीने में ही शाओमी अपनी रेडमी सीरीज़ के नए स्मार्टफोंस को इंडियन बाजार में उतार दे। रेडमी नोट 7 की बात करें तो यह शाओमी रेडमी सीरीज़ का पहला ऐसा स्मार्टफोन है जो 48-मेगापिक्सल कैमरे के साथ लॉन्च हुआ है। इस फोन में 6.3-इंच की डिसप्ले दी गई है तथा यह फोन 6जीबी रैम सपोर्ट करता है।
और भी कम हुआ शाओमी एलईडी टीवी का प्राइस
वहीं रेडमी नोट 7 प्रो को लेकर कहा जा रहा है कि यह फोन भी 48-मेगापिक्सल का कैमरा सेंसर के साथ लॉन्च किया जा सकता है तथा इस फोन का यह कैमरा सोनी आईएमएक्स586 सेंसर वाला होगा। लीक्स के अनुसार रेडमी नोट 7 प्रो को क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 675 चिपसेट पर लॉन्च किया जा सकता है। आपको बता दें कि यदि यह स्पेसिफिकेशन्स सच साबित होती है तो रेडमी नोट 7 प्रो स्नैपड्रैगन 675 चिपसेट से लैस होने वाला पहला स्मार्टफोन होगा।



















