
Xiaomi के भारतीय बाजार में सफल होने के बाद से ही इसकी प्रतिस्पर्धा Samsung से की जाती रही है। वहीं पिछले कुछ महीनों में Realme का नाम इतनी तेजी से उठा है कि इस ब्रांड को Xiaomi की टक्कर का माना जा रहा है। Realme ने कल ही यह जानकारी दी थी कि साल 2019 की तीसरी तिमाही में कंपनी ने ग्लोबल मार्केट में 10 मिलियन यानि 1 करोड़ स्मार्टफोंस की शिपमेंट की है जो पिछले साल की तुलना में 808 प्रतिशत अधिक है। वहीं आज Realme की प्रसिद्धि के बाद Xiaomi ने भी अपना लोहा मनवाते हुए घोषणा की है कि ब्रांड ने सिर्फ एक महीने में भारत में 12 मिलियन यानि 1.2 करोड़ Xiaomi डिवाईस बेच कर नया रिकॉर्ड बनाया है।
Xiaomi ने प्रैस विज्ञप्ति भेजते हुए अपने इस नए रिकॉर्ड की जानकारी दी है। Xiaomi ने बताया है कि त्यौहारों के अवसर पर कंपनी द्वारा आयोजित की गई फेस्टिवल सेल्स में ब्रांड के 12 मिलियन से भी ज्यादा डिवाईस खरीदे गए हैं। Xiaomi के यह आंकड़ें सिर्फ एक महीने के हैं। 28 सितंबर से लेकर 29 अक्टूबर तक भारत में 120 लाख से भी अधिक Xiaomi प्रोडक्ट्स की ब्रिकी हुए है। इस प्रोडक्ट्स में Xiaomi स्मार्टफोंस के साथ ही Mi TV, Mi Ecosystem और Accessory शामिल रही है।
40 प्रतिशत की वृद्धि
Xiaomi की मानें तो बीते एक महीने में साल 2018 में आयोजित फेस्टिवल सेल की तुलना में इस साल ब्रांड ने भारत में 40 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की है। पिछले साल इन्हीं दिनों Xiaomi के 8.5 मिलियन यानि 85 लाख डिवाईस बेचे गए थे, लेकिन इस साल की फेस्टिवल सेल में Xiaomi ने 120 लाख से भी ज्यादा प्रोडक्ट बेचे हैं। इन Xiaomi प्रोडक्ट्स की सेल कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट मी डॉट कॉम के साथ ही मी होम, फ्लिपकार्ट और अमेज़न तथा रिटेल स्टोर्स पर हुई है।
85 लाख स्मार्टफोन
Xiaomi के अनुसर इस महीने के अंतराल में ब्रांड के 8.5 मिलियन यानि 85 लाख से भी अधिक स्मार्टफोन बिके हैं। पिछले साल की तुलना में इस साल बिके स्मार्टफोन 37 प्रतिशत अधिक हैं। इस दौरान Redmi Note 7 सीरीज़ Xiaomi की सबसे ज्यादा बिकने वाली सीरीज़ रही तथा Redmi 7 और Redmi 7A अमेज़न पर बिकने वाले बेस्ट बजट स्मार्टफोन बने।
6 लाख टीवी
Xiaomi के स्मार्टफोन ही नहीं बल्कि स्मार्टटीवी ने भी यूजर्स को खूब लुभाया है। शाओमी के अनुसार इस साल आयोजित हुई फेस्टिव सेल में 6,00,000 Mi TV की सेल हुई है। यह बिक्री पिछले साल हुई सेल से 48 प्रतिशत अधिक है। Xiaomi का कहना है कि आमतौर पर एक महीने में पूरी स्मार्ट टीवी इंडस्ट्री में 4 लाख तक स्मार्ट टेलीविज़न बिकते हैं लेकिन Xiaomi ने सिर्फ एक महीने में ही 6 लाख टीवी की सेल कर ली है।
तीन महीने में बिके 490 लाख फोन
काउंटरप्वाइंट रिपोर्ट के अनुसार जुलाई से सितंबर महीने के दौरान भारत में 490 लाख स्मार्टफोंस की सेल हुई है। यह आकंड़ें को छूने की मुख्य वजह स्मार्टफोन कंपनियों द्वारा किए गए नए लॉन्च, स्मार्टफोंस पर दिए गए डिस्काउंट और दिवाली से पहले विभिन्न शॉपिंग साइट पर आयोजित हुई सेल को माना जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार 49 मिलियन यूनिट की इस ब्रिकी में अकेले Xiaomi ने 26 प्रतिशत मार्केट शेयर को अपने नाम किया है। साल 2018 की तीसरी तिमाही की तुलना में साल 2019 की तीसरी तिमाही में Xiaomi ने 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है।




















