10080mAh बैटरी वाला फोन 5 जनवरी को होगा लॉन्च, बाजार में आने से ही पहले हुआ स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2025/12/honor-power-2-launch-date-china-10080mah-battery-1.jpg

ऑनर बता चुकी है कि वह अगले सप्ताह 5 जनवरी को नया Honor Power 2 स्मार्टफोन लॉन्च करेगी। यह मोबाइल चीन में उतारा जाएगा जो पिछले साल लाए गए ऑनर पावर का सक्सेसर बनेगा। वहीं आज मार्केट में आने से पहले ही यह स्मार्टफोन चाइना टेलीकॉम पर लिस्ट हो गया है जहां ऑनर पावर 2 की फुल स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा हो गया है। बता दें कि यह कंपनी का सबसे बड़ी बैटरी वाला फोन बनकर आएगा।

सबसे पहले बैटरी ही बात करें तो Honor Power 2 10080mAh battery पर लॉन्च होगा। अभी तक किसी भी अन्य ऑनर फोन में इतनी बड़ी नहीं दी गई है। कंपनी ने दावा किया है कि एक बार फुल चार्ज करने के बाद इस मोबाइल पर लगातार 22 घंटे तक शॉर्ट-वीडियो यानी रील्स देखी जा सकती है। वहीं फुल बैटरी में 14 घंटे से भी ज्यादा का गेमप्ले मिल सकता है। उम्मीद है कि फोन की बड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 80W फास्ट चार्जिंग मिलेगी।

चाइना टेलीकॉम लिस्टिंग में खुलासा हो गया है कि ऑनर पावर 2 स्मार्टफोन MediaTek Dimensity 8500 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर पर लॉन्च होगा। गौरतबल है कि अभी तक कोई भी मोबाइल फोन इस चिपसेट पर नहीं लाया गया है। यानी Honor Power 2 डाइमेंसिटी 8500 प्रोसेसर पर काम करने वाला दुनिया का पहला स्मार्टफोन बन सकता है! यह फोन सीपीयू 3.4GHz तक की हाई क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है।

ऑनर पावर 2 5जी फोन 12GB RAM पर लॉन्च किया जाएगा। चाइना टेलीकॉम लिस्टिंग में इसे 256GB और 512GB storage से लैस दिखाया गया है। अगर डिस्प्ले की बात करें तो यह अपकमिंग मोबाइल फोन 1200 x 2640 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.79-इंच स्क्रीन पर बना बताया गया है। इस फोन में OLED पैनल पर इस्तेमाल किया जाएगा और इसपर हाई रिफ्रेश रेट मिलेगी।

फोटोग्राफी के लिए Honor Power 2 डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करेगा। लिस्टिंग में सामने आया है कि इसके बैक पैनल पर 50 मेगापिक्सल का मेन सेंसर दिया जाएगा जिसके साथ 5 मेगापिक्सल का सेकेंडरी सेंसर भी शामिल रहेगा। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए स्मार्टफोन को 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा से लैस कर बाजार में उतारा जाएगा। लिस्टिंग में फोन डायमेंशन 162.1 x 76.3 x 7.98mm और वजन 216 ग्राम बताया गया है।

ऑनर पावर 2 स्मार्टफोन के तीन कलर मॉडल इस लिस्टिंग में सामने आए हैं जिनका नाम Phantom Black, Snow White और Rising Sun Orange बताया गया है। जैसा कि हमने पहले ही बताया यह मोबाइल 5 जनवरी को चीन में लॉन्च होगा और इसी दिन स्मार्टफोन की कीमत, फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की ऑफिशियल जानकारी प्राप्त होगी।