
वनप्लस ने पिछले सप्ताह ही टीज़ कर दिया था कि कंपनी चाइना में एक नया गेमिंग फोन लेकर आ रही है। वहीं अब ब्रांड की ओर से अनाउंस कर दिया गया है कि OnePlus Ace 6 Ultra 28 अप्रैल को लॉन्च होगा। इस दिन यह मोबाइल चीन में पेश किया जाएगा। वनप्लस ऐस 6 अल्ट्रा को कंपनी gaming controller के साथ पेश करेगी जिसमें डेडिकेटेड गेमिंग बटन भी लगे होंगे। यह गेमिंग कंट्रोलर किसी फोन कवर की तरह डिवाइस में फिट हो जाएगा और शानदार एक्सपीरियंस दे सकेगा।
वनप्लस अपनी होम मार्केट चीन में 28 अप्रैल को एक बड़े ईवेंट का आयोजन करेगी। इसी ईवेंट के मंच से वनप्लस ऐस 5 अल्ट्रा लॉन्च किया जाएगा। यह लॉन्च ईवेंट स्थानिय समयानुसार शाम के 7 बजे शुरू होगा जिसे इंडिया में दोपहर के 4 बजकर 30 मिनट पर देखा जा सकेगा। वनप्लस चाइना की ऑफिशियल वेबसाइट सहित माइक्रोब्लागिंग साइट वेईबो पर यह लॉन्च लाइव स्ट्रीम होगा। बताते चलें कि OnePlus Ace 6 Ultra इंडिया में लॉन्च होगा या नहीं अभी इस बारे में कुछ पुख्ता नहीं कहा जा सकता है।
OnePlus Ace 6 Ultra खास तौर पर मोबाइल गेमिंग के शौकिन लोगों के लिए लाया जा रहा है। साधारण शब्दों में बताएं तो कंपनी इस फोन के साथ ही एक अलग तरह का मोबाइल कवर लेकर आएगी जिसमें 4 बटन लगे होंगे। फोन को कवर में डालने के बाद ये आपस में कनेक्ट हो जाएंगे और कवर में लगे बटन दबाने से मोबाइल में खेले जाने वाले गेम को कंट्रोल किया जा सकेगा। इस gaming controller में लगे बटन से ही गेम में फायर कर सकेंगे और मूवमेंट कंट्रोल कर सकेंगे।
कंपनी की ओर से बता दिया गया है कि परफॉर्मेंस के लिए वनप्लस ऐस 6 अल्ट्रा को MediaTek Dimensity 9500 चिपसेट पर लॉन्च किया जाएगा। यह 4नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 2.7गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 4.21गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। इस अपकमिंग वनप्लस फोन में वैपर कूलिंग चैंबर भी दिया जाएगा।
सिंगल चार्ज में लंबे समय तक गेम खेलने के लिए कंपनी वनप्लस ऐस 6 अल्ट्रा को 8600mAh battery से लैस कर मार्केट में उतारेगी। वहीं सामने आई जानकारी के अनुसार स्मार्टफोन को तेजी से चार्ज करने के लिए इसे 100W फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस किया जाएगा। हमारा अनुमान है कि यह स्मार्टफोन रिवर्स चार्जिंग भी सपोर्ट करेगा और मोबाइल में वायरलेस चार्जिंग टेक्नोलॉजी भी दी जाएगी।
लीक्स व मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक OnePlus Ace 6 Ultra 5G को 6.78-इंच की 1.5K स्क्रीन पर लॉन्च किया जा सकता है। यह AMOLED पैनल पर बनी डिस्प्ले हो सकती है जिसपर स्मूथ गेमिंग एक्सपीरियंस के लिए 165Hz रिफ्रेश रेट का सपोर्ट दिया जा सकता है। फोन में 1.8ms लो लैटेंसी और 1000Hz टच सैंपलिंग रेट का सपोर्ट भी देखने को मिल सकता है। ऐस 6 अल्ट्रा में अल्ट्रासोनिक इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर भी मौजूद रहेगा।
फोटोग्राफी के लिए वनप्लस ऐस 6 अल्ट्रा 5जी फोन को डुअल रियर कैमरा पर लाया जाएगा। लीक्स के अनुसार इस कैमरा मॉड्यूल में 50 मेगापिक्सल मेन सेंसर और 8 मेगापिक्सल अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस मिल सकता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए OnePlus Ace 6 Ultra को 16 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा पर लॉन्च किया जा सकता है। लीक के अनुसार यह फोन मैटल फ्रेम पर बनाया जाएगा जिसमें Plus key भी मौजूद रहेगा। चाइना में इसे Titanium और Black कलर में बेचा जा सकता है।











