
Airtel ने इंडियन टेलीकॉम बाजार में आज बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने घोषणा कर दी है कि वह देश से अपनी 3G सर्विस को बंद करने जा रही है। Airtel ने इस सर्विस को बंद करने की शुरूआत कलकत्ता से कर दी है जहां 3G नेटवर्क को हटा कर उसे 4G पर अपग्रेड किया जा रहा है। एयरटेल द्वारा की गई यह शुरूआत भारतीय दूरसंचार बाजार के लिए बड़ी खबर है। जिसने न सिर्फ प्रतिद्वंदी कंपनियों बल्कि मोबाइल यूजर्स को भी चौंका दिया है। यदि आप भी अपने नंबर को 3G से 4G में अपग्रेड करना चाहते हैं तो आगे हमनें विस्तार से बताया है कि कौन-सी टेलीकॉम कंपनी अपने नए 4G कस्टमर्स को क्या बेनिफिट दे रही है।
Airtel
सबसे पहले एयरटेल की ही बात करें तो 3G से 4G में अपग्रेड करने वाले ग्राहकों को सबसे ज्यादा फायदा इसी कंपनी द्वारा दिया जा रहा है। Airtel के 3G नेटवर्क से 4G नेटवर्क पर अपग्रेड करने वाले पोस्टपेड यूजर्स को कंपनी 30 दिनों के लिए 4जी डाटा दे रही है जो हर दिन 1जीबी के हिसाब से कस्टमर्स की नई 4जी सिम पर क्रेडिट होगा। इसी तरह 4G के पोस्टपेड ग्राहकों को बिल साइकल में 30जीबी 4G डाटा प्राप्त होगा।
IDEA
यूं तो वोडाफोन और आइडिया का विलय हो गया है और अब ये दोनों कंपनियां एक हो गई है लेकिन फिर भी IDEA नेटवर्क पर 3G सिम को 4G नेटवर्क पर अपग्रेड करने पर कंपनी यूजर्स को अतिरिक्त फायदे दे रही है। कंपनी की ओर से नए 4G यूजर्स के लिए एक खास प्लान पेश किया गया है। IDEA का यह प्लान 392 रुपये का है जो 84 दिनों की वेलिडिटी के साथ आता है। इस प्लान के तहत कंपनी 4G यूजर्स को कुल 84जीबी डाटा दे रही है जो हर दिन 1जीबी के हिसाब से यूजर्स के नंबर पर क्रेडिट होगा। इस प्लान में वॉयस कॉल भी अनलिमिटेड फ्री दी जा रही है।
Vodafone
वोडाफोन भी अपने यूजर्स को 3G नेटवर्क से 4G नेटवर्क पर नंबर अपग्रेड करने पर अतिरिक्त बेनिफिट दे रही है जिसमें फ्री इंटरनेट डाटा शामिल है। Vodafone की ओर से 4G नेटवर्क पर अपग्रेड करने वाले प्रीपेड कस्टमर्स को 4जीबी 4G इंटरनेट डाटा दिया जा रहा है। यह डाटा पूरी तरह से मुफ्त रहेगा जिसे 10 दिनों के अंदर ही यूज़ करना होगा। इसी तरह पोस्टपेड नंबर पर 4G अपग्रेड करने वाले यूजर्स को अगली बिल साइकल में 4जीबी अतिरिक्त 4G डाटा प्राप्त होगा।
BSNL
देश की सरकारी टेलीकॉम कंपनी भारतीय दूरसंचार निगम लिमिटेड की बात करें तो यह कंपनी भी 3G नंबर को 4G नेटवर्क पर अपग्रेड करने पर अतिरिक्त बेनिफिट दे रही है। बीएसएनएल की ओर से यूजर्स को 2जीबी अतिरिक्त 4G इंटरनेट डाटा दिया जा रहा है। आपको बता दें कि बीएसएनएल की नई 4G सिम खरीदने के लिए उपभोक्ताओं को 20 रुपये का शुल्क भी चुकाना होगा।




















