7000mAh बैटरी वाला realme P4x 5G इंडिया में 4 दिसंबर को होगा लॉन्च, साथ आएगी realme Watch 5

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2025/11/realme-p4x-launch.jpg

सस्ता रियलमी मोबाइल चलाना चाहते हैं तो कंपनी बेहद जल्द अपने इंडियन फैंस के लिए नया फोन लेकर आ रही है। कंपनी की ओर से अनाउंस किया गया है कि वह आने वाली 4 दिसंबर को realme P4x इंडिया में लॉन्च करेगी। इस नए 5G फोन के साथ ही realme Watch 5 भी भारत में लॉन्च होगी। 4 दिसंबर की दोपहर 12 बजे रियलमी पी4एक्स 5जी फोन का प्राइस अनाउंस होगा और इसकी सेल डिटेल्स सार्वजनिक की जाएगी। स्मार्टफोन के बाजार में आने से पहले ही कंपनी ने realme P4x 5G की कई स्पेसिफिकेशन्स शेयर कर दी है जिन्हें आप आगे पढ़ सकते हैं।

रियलमी पी4एक्स इस सीरीज का तीसरा स्मार्टफोन मॉडल होगा। इसके पहले कंपनी realme P4 और realme P4 Pro को इंडिया में लॉन्च कर चुकी है। ये दोनों बड़ी बैटरी वाले मोबाइल हैं जो 7000एमएएच बैटरी सपोर्ट करते हैं। यह लिगेसी अपकमिंग पी4एक्स में भी देखने को मिलेगी। कंपनी ने बताया है कि realme P4x 5G 7000mAh Titan Battery के साथ लॉन्च किया जाएगा और इसके साथ ही मोबाइल में 45W फास्ट चार्जिंग तकनीक भी मिलेगी।

रियलमी पी4एक्स 5जी फोन को कंपनी 144Hz रिफ्रेश रेट वाली स्क्रीन पर लेकर आएगी। रियलमी का कहना है कि यह स्मार्टफोन BGMI में 90FPS तक का गेम प्ले दे सकता है और Free Fire में 120FPS फ्रेम रेट पर गेम खेला जा सकता है। वहीं मोबाइल गेमिंग के दौरान परफॉर्मेंस को स्टेबल रखने के लिए इस स्मार्टफोन में 5300mm² VC Frostcore कूलिंग सिस्टम भी लगाया गया है जो CPU टेम्परेचर 20℃ तक कम कर सकता है।

realme P4x 5G फोन 18GB dynamic RAM पर लॉन्च होगा जिसमें फिजिकल रैम और वचुर्अल दोनों शामिल रहेगी। वहीं यूजर्स को फोन के टॉप वेरिएंट को 256GB मेमोरी मिलेगी। ब्रांड का दावा है कि इस मोबाइल एक साथ 18 ऐप्लिकेशन को रन किया जा सकता है। यानी इस स्मार्टफोन में यूजर्स स्मूथ मल्टीटास्किंग की उम्मीद कर सकते हैं। यह 5जी फोन एंड्रॉयड आधारित लेटेस्ट रियलमी यूआई पर काम करेगा।

लीक्स की बात करें तो रियलमी पी4एक्स 5जी फोन में 6.72-इंच की फुलएचडी+ एलसीडी ​स्क्रीन मिल सकती है। फोटोग्राफी के लिए इसके डुअल रियर कैमरा सेटअप में 50 मेगापिक्सल मेन सेंसर के साथ 2 मेगापिक्सल सेकेंडरी सेंसर दिया जा सकता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए रियलमी पी4एक्स में 8 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सेंसर देखने को मिल सकता है।

रियलमी पी4एक्स मिड बजट सेग्मेंट में लाया जाएगा जिसकी कीमत 20 हजार रुपये से कम रखी जा सकती है। हमारा अनुमान है कि realme P4x 5G का स्टार्टिंग प्राइस 18,999 रुपये हो सकता है। बहरहाल फोन की वास्तविक कीमत के लिए 4 दिसंबर को इंतजार करना होगा। फ्लिपकार्ट पर इस फोन की माइक्रोसाइट लाइव की जा चुकी है, यानी यह मोबाइल इसी प्लेटफॉर्म पर बिकेगा।

मिड बजट में OPPO K13 5G, Infinix GT 30, Moto G86 Power और Samsung Galaxy M36 ऐसे स्मार्टफोन हैं जो 20 हजार तक की रेंज में खुद को बेहतर साबित कर रहे हैं। रियलमी पी4एक्स की ही तरह ओपो के13 में भी आपको 7,000एमएएच बैटरी मिल जाएगी। इनफिनिक्स जीटी 30 और मोटो जी86 पावर हाई 4500nits ब्राइटनेस वाली AMOLED स्क्रीन के लिए फेमस हैं। वहीं 6 साल की लंबी ओएस अपडेट के लिए आप सैमसंग गैलेक्सी एम36 चुन सकते हैं।