OnePlus 15 वाली लुक आ गई सस्ते मोबाइल में! एडवांस फीचर्स के साथ itel ले आई फ्लैगशिप फोन की कॉपी

OnePlus 15 का इंतजार बेसब्री से किया जा रहा है। इस बार फोन के कैमरा डिपार्टमेंट और डिजाइन में काफी अंतर देखने को मिलेगा। लेकिन वनप्लस 15 के मार्केट में आने से पहले ही टेक ब्रांड आइटेल ने नया स्मार्टफोन itel A100C मार्केट में उतार दिया है जिसकी रियर लुक बिल्कुल वनप्लस 15 जैसी है। आइटेल ए100सी 4G Smartphone है जिसकी OnePlus 15 जैसी फोटो आप आगे देख सकते हैं और इसके फीचर्स व स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी पढ़ सकते हैं।
सबसे पहले डिजाइन की ही बात करें तो इस मोबाइल के बैक पैनल पर स्क्वायर शेप का कैमरा मॉडल्यूल लगाया गया है। इसमें दो लेंस वर्टिकली प्लेस्ड हैं और साइड में एक डेकोरेटिव सेंसर शेप व एलइडी फ्लैश लगाई गई है। यह कैमरा मॉड्यूल बैक पैनल पर हल्का ऊपर की ओर उभरा हुआ है जो OnePlus 15 जैसा दिखता है। और तो और आइटेल ने फोन की कलर शेड भी अपकमिंग वनप्लस 15 जैसी ही रखी है। इसमें 8MP बैक और 5MP फ्रंट कैमरा लगा है। आइटेल ए100सी की फोटो आप नीचे देख सकते हैं।
itel A100C 4G फोन के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो यह मोबाइल Unisoc T7100 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर पर लॉन्च हुआ है जो 1.6GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। आइटेल ए100सी को 4GB RAM पर लॉन्च किया गया है। इस फोन को Android 15 Go एडिशन पर लाया गया है जो itel OS 15 के साथ मिलकर काम करता है।
एंड्रॉयड गो होने के चलते इस मोबाइल में गूगल गो ऐप्स को डाउनलोड और इंस्टाल किया जा सकता है। ये गो ऐप्लिकेशन्स कम रैम पर भी स्मूथ काम कर सकती हैं और फोन मेमोरी भी कम घेरती है। वहीं यूज़ के दौरान Google Go app इंटरनेट कम खर्च करती है और मोबाइल बैटरी की खपत भी कम करती हैं। यानी एंड्रॉयड गो हल्के फोन को भी स्मूथ रन करने में मदद करता है।
यह मोबाइल 8GB extended RAM तकनीक से लैस है जो मोबाइल की फिजिकल रैम के साथ जुड़कर इसे 12GB RAM (4जीबी + 8जीबी) की ताकत प्रदान करती है। itel A100C 4G फोन 720 × 1612 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.6-इंच की एचडी डिस्प्ले पर लॉन्च हुआ है। यह वॉटरड्रॉप नॉच स्टाइल वाली स्क्रीन है जो 90Hz रिफ्रेश रेट के साथ ही 400nits ब्राइटनेस सपोर्ट करती है।
पावर बैकअप के लिए इस फोन में 5000mAh बैटरी दी गई है। कंपनी का दावा है कि फुल चार्ज के बाद यह 32 दिन कर स्टैंडबाय टाइम दे सकती है। यह आइटेल स्मार्टफोन MIL-STD-810H मिलिट्री ग्रेड सर्टिफाइड है जो ब्रांड के मुताबिक 1.22 मीटर की ऊंचाई से गिरने पर भी सुरक्षित रह सकता है। वहीं इस फोन में साइड फिंगरप्रिंट सेंसर, infrared रिमोट कंट्रोल और UltraLink जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
itel A100C 4G फोन ग्लोबल मार्केट में Pure Black, Titanium Gold, Blaze Blue और Silk Green पेश किया गया है जो फिलहाल भारत में उपलब्ध नहीं होगा। अगर आप 7000 रुपये तक का एंड्रॉयड फोन खरीदना चाह रहे हैं तो इसी ब्रांड के itel A90 सहित लेटेस्ट Samsung Galaxy M07, Infinix Smart 10, Lava Bold N1 Pro और POCO C71 आपके काम आ सकते हैं। इस सभी 4जी फोंस की कीमत 7 हजार से कम है।