नंबर पोर्टेबिलिटी के जमाने में ‘Only Jio Sim’ वाले सस्ते फोन का जाल फेंक रहे अंबानी, क्या है आपकी राय?

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2021/10/Jio-Ambani.jpg

मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस जिओ ने भारतीय बाजार में अपना नया 4जी फीचर फोन पेश किया है जो Jio Bharat V2 4G नाम के साथ लॉन्च हुआ है। यह एक कीपैड फोन यानी बटन वाला मोबाइल है जिसका प्राइस सिर्फ 999 रुपये है। 4जी इंटरनेट चलाने में सक्षम इस फोन की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रहा है और यह लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। लेकिन 5G Phone के दौर में यह सस्ता 4G मोबाइल लेकर आना आम जनता के लिए कितना फायदेमंद साबित हो सकता है? या फिर यह 4जी फीचर फोन सिर्फ Reliance Jio का मुनाफा कमाने का तरीका है? आगे हमने इन्हीं मुद्दों को समेटते हुए जिओ भारत 4जी फोन की 5 ऐसी खामियों का जिक्र किया है जो मोबाइल यूजर्स को निराश कर सकती है।

सिर्फ Jio SIM का होगा इस्तेमाल

Jio Bharat V2 4G फोन में सिर्फ रिलायंस जिओ की ही सिम को लगाया और चलाया जा सकता है। अगर इस फोन में Airtel, Vi या फिर BSNL सिम का इस्तेमाल करना चाहें तो भी उन्हें यूज़ नहीं किया जा सकेगा। यह मोबाइल फोन सिर्फ जियो नेटवर्क ही पकड़ेगा। अगर आप किसी ऐसे इलाके में रह रहे हैं जहां रिलायंस जिओ नेटवर्क कमजोर है तो उस स्थिति में आपको पास कोई दूसरा ऑप्शन नहीं बचेगा तथा यूजर्स को उसी खराब नेटवर्क कनेक्टिविटी के साथ ही काम चलाना पड़ेगा।

बिना रिचार्ज के डिब्बा फोन

Reliance Jio की ओर से प्रोमोट किया जा रहा है कि उनका मोबाइल फोन सिर्फ 999 रुपये की कीमत पर बेचा जाएगा। आम जनता को यह फोन प्राइस बेहद ज्यादा कम लग रहा है लेकिन इस लुभावने ऑफर के पीछे यह बात छिप जा रही है कि यह फोन तभी काम आएगा जब इसमें रिचार्ज कराया जाएगा। यानी सिम में रिचार्ज खत्म होते ही फोन डिब्बा बन जाएगा। हॉं, अगर स्मार्टफोन होता तो बाकी चीजें इस्तेमाल हो सकती थी, लेकिन इस फीचर फोन में सिर्फ एफएम रेडियो और टॉर्च का ही फायदा उठाया जा सकेगा।

999 रुपये सिर्फ दिखावे का प्राइस

JioBharat फोन 999 रुपये में लॉन्च हुआ है। लेकिन यह सिर्फ दिखावे का प्राइस है। फोन में केवल जिओ सिम चलेगी और उसमें भी न्यूनतम 123 रुपये का रिचार्ज करना अनिवार्य है। अगर यह रिचार्ज नहीं कराया गया जो जिओ सर्विस बंद हो जाएगी। इस स्थिति में प्लान की कीमत भी फोन कॉस्ट के रूप में ही देनी पड़ेगी यानी, 999 रुपये + 123 रुपये प्रति माह! इस हिसाब से 1 साल में फोन का खर्च (123×13+999) 2598 रुपये पड़ेगा।

अगर आप सोच रहे हैं कि हमने 123 को 13 से गुणा क्यूं किया, तो आपको बता दें कि हमारे देश में की सबसे अमीर टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जिओ 1 महीने के नाम पर सिर्फ 28 दिनों का ही रिचार्ज देती है। साल में 365 दिन होते हैं तथा हर बार 28 दिनों का महीना बना देने के चलते मोबाइल यूजर को मजबूरी वश 1 वर्ष में 12 नहीं बल्कि 13 महीने का रिचार्ज करवाना पड़ता है। इस तरह से दूरसंचार कंपनियां 1 महीने का अतिरिक्त पैसा वसूल लेती हैं तथा आम जनता को अहसास तक नहीं होता।

सालाना पैक में है घाटा

अगर कोई उपभोक्ता लंबे समय तक जियो भारत वी2 4जी फोन का इस्तेमाल करना चाहता है और उसके लिए हर महीने बार बार रिचार्ज कराने की जगह पर डायरेक्ट एक साल का प्लान लेना चाह रहा है, तो उसके लिए भी कंपनी ने स्पेशल ऑफर पेश किया है। फोन के साथ रिलायंस जिओ 1234 रुपये का वार्षिक प्लान दे रही है। यह हर महीने रिचार्ज कराने की तुलना में सस्ता तो पड़ता है लेकिन इसके साथ ही सुविधाएं भी कम देता है। इसमें सिर्फ 0.5 GB/Day डाटा मिलता है। अब सवाल यही उठता है कि ऐसे 4जी फोन का करेंगे ही क्या जो एक दिन में सिर्फ 500एमबी के करीब ही इंटरनेट चला पाए।

कॉलिग वाले यूजर्स के लिए पैसा वेस्ट

अगर कोई बटन वाला फोन चलाता है तो उसका मुख्य उद्देश्य फोन कॉल रिसीव करना और मिलाना होता है। कीपैड मोबाइल यूजर इंटरनेट से कम ही वास्ता रखते हैं। लेकिन जिओ भारत वी2 4जी फोन में कंपनी इंटरनेट डाटा वाला प्लान ही लेकर आई है और इसे लिए कम से कम 123 रुपये का रिचार्ज कराना ही होगा। ऐसे ग्राहक जो सिर्फ कॉलिंग के लिए फोन का इस्तेमाल करना चाहे, उनके लिए यह प्लान व्य​र्थ है। अच्छा होता कि कंपनी सिर्फ कॉलिंग पैक भी जिओ फोन के साथ देती जिसकी कीमत भी कम होती। इससे यूजर को बिना चाहत के एक्स्ट्रा पैसा नहीं खर्च करना पड़ता।

Jio Phone 5G की डिमांड के बीच Jio Bharat 4G

मुकेश अंबानी ने तकरीबन सालभर पहले अनांउस किया था कि वह गूगल के साथ मिलकर ‘इंडिया स्पेशल’ 5जी मोबाइल लाएंगे जो दुनिया का सबसे सस्ता 5जी स्मार्टफोन होगा। तब से ही जियो यूजर इस Jio Phone 5G का इंतजार कर रहे हैं। रिलायंस जिओ भी इंडिया में तेजी से अपने 5जी नेटवर्क का विस्तार कर रही है तथा लोगों को 5जी जियो सिम पर अपग्रेड करने की बात कर रही है। लेकिन वहीं दूसरी ओर जिओ फोन 5जी की जगह पर जिओ भारत वी2 4जी फीचर फोन लाए जाने के मोबाइल यूजर निराश भी हो सकते हैं और कन्फ्यून भी कि क्या Jio 5G की ओर बढ़ा जाए या फिर Jio 4G पर ही रूकना बेहतर है।