
लंबे इंतजार के बाद Samsung Galaxy A17 5G फोन ने आखिर टेक मार्केट में दस्तक दे दी है। कंपनी की ओर से यह नया मोबाइल फोन ऑफिशियली अनाउंस कर दिया गया है जो Exynos 1330 प्रोसेसर और Super AMOLED स्क्रीन के साथ 50MP camera आया है। सैमसंग गैलेक्सी ए17 5जी को सबसे पहले यूरोपियन देश में लॉन्च किया गया है जो आने वाले दिनों में भारतीय बाजार में दस्तक देगा। नए सैमसंग 5जी फोन गैलेक्सी ए17 की कीमत, फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की डिटेल्स आप आगे पढ़ सकते हैं।
Samsung Galaxy A17 5G फोन को कंपनी ने ब्रांड के ही Exynos 1330 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर पर लॉन्च किया है। यह 5नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना मोबाइल चिपसेट है जिसमें 2GHz स्पीड वाला हेक्सा-कोर Cortex-A55 और 2.4GHz क्लॉक स्पीड वाला डुअल-कोर Cortex-A78 शामिल है। वहीं ग्राफिक्स के लिए यह सैमसंग फोन Mali-G68 MP2 GPU सपोर्ट करता है।
गौरतलब है कि इस फोन की पिछली जेनरेशन यानी Galaxy A16 5G फोन भी एक्सनोस 1330 चिपसेट पर ग्लोबली लॉन्च हुआ था जिसे इंडियन मार्केट में मीडियाटेक Dimensity 6300 प्रोसेसर पर पेश किया गया था। ऐसे में हो सकता है कि Galaxy A17 5G फोन भी भारतीय बाजार में किसी अन्य चिपसेट के साथ लाया जाए। लेकिन फिर भी फोन में दिया गया एक साल पुराना प्रोसेसर Exynos 1330 भी बहुत से सैमसंग फैंस को निराश कर सकता है।
सैमसंग गैलेक्सी ए17 5जी फोन को कंपनी द्वारा एंड्ररॉयड 15 ओएस पर लॉन्च किया गया है जो One UI 7.0 के साथ मिलकर काम करता है। सैमसंग इस फोन के साथ 6 जेनरेशन की ओएस अपग्रेड भी साथ में दे रही है जो इसे अभी से ही Android 21 के लिए तैयार बनाती है। वहीं साथ ही यह मोबाइल 6 साल की सिक्योरिटी अपडेट के साथ लाया गया है। इस प्राइस सेगमेंट में अधिकांश कंपनियां अपने फोन में 2 या 3 साल की ही अपडेट देती है। ऐसे में 6 साल की लंबी अपडेट इस सैमसंग स्मार्टफोन को बेहतर बनाती है।
Samsung Galaxy A17 5G फोन 1080 × 2340 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.7-इंच की फुलएचडी+ डिस्प्ले सपोर्ट करता है। यह इनफिनिटी यू वॉटरड्रॉप नॉच स्क्रीन है जो सुपर एमोलेड पैनल पर बनी है और 90Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है। मिडबजट स्मार्टफोंस के हिसाब ये स्क्रीन रिफ्रेश रेट तो सही है लेकिन कंपनी अगर पंच-होल डिस्प्ले देती तो उसे ज्यादा बेहतर कहा जा सकता था।
फोटोग्राफी के लिए यह सैमसंग 5जी फोन ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल मेन सेंसर दिया गया है जो एफ/2.2 अपर्चर वाले 2 मेगापिक्सल Ultra-wide एंगल लेंस और 2 मेगापिक्सल macro सेंसर के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए Galaxy A17 5G फोन 13 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है जो एफ/2.0 पर काम करता है।
पावर बैकअप के लिए सैमसंग का नया 5जी फोन गैलेक्सी ए17 5,000एमएएच बैटरी से लैस कर बाजार में उतारा गया है। वहीं इसे तेजी से चार्ज करने के लिए स्मार्टफोन में 25W फास्ट चार्जिंग तकनीक मिलती है। यह मोबाइल IP54 सर्टिफाइड है तो कुल हद तक पानी की फुहारों से सुरखित रह सकता है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें 5GHz Wi-Fi और Bluetooth 5.3 जैसे फीचर्स मिलते हैं।
कीमत की बात करें तो Samsung Galaxy A17 5G फोन को यूरोप में 239 यूरो में लॉन्च किया गया है जिसमें 4GB RAM + 128GB Storage मिलती है। यह प्राइस इंडियन करंसी अनुसार 24,299 रुपये के करीब है। ग्लोबल मार्केट में इस फोन को Black, Blue और Grey में बेचा जाएगा। गौरतलब है कि इंडिया में इस फोन की कीमत ग्लोबल बाजार से कुछ कम ही रखी जाएगी।
अनुमान है कि इंडिया में गैलेक्सी ए17 5जी 6GB या 8GB RAM पर लॉन्च किया जा सकता है और इन वेरिएंट्स का प्राइस 20 हजार से 25 हजार रुपये के करीब रखा जा सकता है। ग्लोबल स्पेसिफिकेशन्स को देखते हुए माना जा सकता है कि मिड बजट सेगमेंट में इस सैमसंग मोबाइल को भारत में बेहद तगड़ी चुनौती मिलने वाली है। 25 हजार तक के बजट में OnePlus Nord CE 5 और Vivo Y400 Pro जैसे फोन पहले ही अपनी धाक जमाए हुए हैं जिनसे Samsung Galaxy A17 5G की टक्कर होगी।
अगर आप नया सैमसंग स्मार्टफोन लेने की योजना बना रहे हैं तो गैलेक्सी ए17 का 50एमपी ट्रिपल कैमरा, 90हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट वाली सुपर एमोलेड स्क्रीन आपको पसंद आ सकती है। लेकिन वहीं दूसरी ओर पुराना प्रोसेसर, नॉच स्क्रीन स्टाइल और बड़ी बैटरी वाले ट्रेंड में लाई गई 5,000एमएएच बैटरी ग्राहकों को निराश भी कर सकती है। बहरहाल फिलहाल इंतजार किया जा रहा है कि Galaxy A17 5G इंडिया में कब लॉन्च होगा और किसी चिपसेट के साथ आएगा। इसकी जानकारी मिलते ही पाठकों को सूचित कर दिया जाएगा।














