
साल 2025 की शुरुआत रेडमी ने जहां लो बजट स्मार्टफोन Redmi 14C 5G के साथ की थी। वहीं इस साल को अलविदा कंपनी एक और सस्ते 5जी फोन Redmi 15C 5G के साथ कहने जा रही है। यह मोबाइल अगले महीने दिसंबर में इंडिया में लॉन्च होगा। रेडमी 15सी के भारतीय बाजार में आने से पहले ही इसकी कीमत इंटरनेट पर लीक हो गई है। प्राप्त जानकारी अनुसार यह अफोर्डेबल रेडमी फोन 12,499 रुपये की शुरुआती कीमत पर इंडिया में लॉन्च हो सकता है।
Redmi 15C 5G फोन का प्राइस टिपस्टर अभिषेक यादव के जरिये सामने आया है। टिपस्टर की मानें तो यह स्मार्टफोन तीन रैम वेरिएंट्स में लॉन्च होगा। मोबाइल के बेस वेरिएंट में 4GB RAM + 128GB storage दी जा सकती है जिसका रेट 12,499 रुपये बताया गया है। इसी तरह लीक के अनुसार 6GB RAM + 128GB storage वेरिएंट 13,999 रुपये में और 8GB RAM + 128GB storage वेरिएंट 14,999 रुपये में लॉन्च हो सकता है।

अगर लीक सही साबित होता है तो रेडमी 15सी 15 हजार से कम वाले 8जीबी रैम 5जी फोन (8जीबी रैम फोन अंडर 15000) की लिस्ट में शामिल हो जाएगा। अगर भारतीय बाजार में सेल के लिए उपलब्ध फोंस की बात करें तो Redmi 15, POCO M7 Plus, Tecno Pova 7, OPPO K13x और iQOO Z10x ऐसे मोबाइल हैं जो 15 हजार से कम में 8GB RAM देते हैं। रेडमी 15सी की टक्कर इन्हीं सस्ते स्मार्टफोंस से होगी।
Redmi 15C 5G फोन के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो ग्लोबल मार्केट में यह मोबाइल MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर के साथ पहले ही लॉन्च हो चुका है जो 2.4GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। इस फोन में यूजर्स को LPDDR4X RAM और UFS 2.2 storage तकनीक मिलेगी। रेडमी 15सी एंड्रॉयड 15 पर लाया जा सकता है।

इस फोन में एंड्रॉयड बेस्ट HyperOS 2 देखने को मिल सकता है। लीक्स की मानें तो कंपनी अपने ग्राहकों को 2 जेनरेशन की ओएस अपडेट और 4 साल की सिक्योरिटी अपडेट दे सकती है। रेडमी 15सी बड़ी बैटरी वाला 5जी फोन है। पावर बैकअप के लिए इसमें 6,000mAh बैटरी दी गई है जिसके साथ 33W फास्ट चार्जिंग तकनीक का सपोर्ट भी मिलता है।
ग्लोबल मार्केट में रेडमी 15सी 5जी फोन 6.9-इंच की बड़ी स्क्रीन पर लॉन्च किया गया है। यह एचडी+ रेजोल्यूशन वाली वॉटरड्रॉप नॉच डिस्प्ले है जो एलसीडी पैनल पर बनी है और 120Hz रिफ्रेश रेट आउटपुट प्रदान करती है। कंपनी ने इसे IP64 रेटिंग दी है जो मोबाइल को पानी की फुहारों से सुरक्षित रखने में मदद करेगी। बताते चलें कि Redmi 15C 5G में बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ NFC का सपोर्ट भी मिलेगा।

फोटोग्राफी के लिए यह सस्ता रेेडमी 5जी फोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस 50 मेगापिक्सल मेन सेंसर दिया गया है जिसके साथ सेकेंडरी एआई लेंस भी मिलता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए रेडमी 15सी 5जी फोन में 8 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा भी लगाया गया है। बताते चलें कि यह मोबाइल 3.5mm हेडफोन जैक और साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर भी सपोर्ट करता है।











