
शाओमी सब-ब्रांड रेडमी ने ‘आर सीरीज’ का नया स्मार्टफोन Redmi R80m 5G चीन में लॉन्च किया है। यह लोअर मिड-बजट सेगमेंट में लाया गया 6GB RAM वाला 5G फोन है जो MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर पर काम करता है। इस नए स्मार्टफोन में 6,000mAh बैटरी, 13MP कैमरा और 120Hz रिफ्रेश रेट वाली डिस्प्ले दी गई है। रेडमी भारत में अपने ‘R’ टाइटल वाले फोन नहीं लेकर आती है लिहाजा रेडमी आर80एम इंडिया लॉन्च के आसार भी कम ही है। इस फोन का चाइना प्राइस, फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स आप आगे पढ़ सकते हैं।
Redmi R80m 5G प्राइस (चीन)
रेडमी आर80 5जी फोन चीन में 6GB RAM पर लॉन्च हुआ है जिसे 128GB और 256GB स्टोरेज पर बेचा जाएगा। इन दोनों मेमोरी वेरिएंट्स का चाइना प्राइस क्रमश: 2,199 युआन और 2,599 युआन है। यह कीमत इंडियन करंसी अनुसार क्रमश: 28,000 रुपये और 34,000 रुपये के करीब है। चीन में रेडमी आर80एम की सेल Phoenix Feather White, Leather-Textured Brown, Flowing Cloud Blue और Black कलर में होगी। जैसा कि हमने पहले ही बताया Redmi R80m 5G इंडिया लॉन्च की जानकारी नहीं है।
Redmi R80m 5G स्पेसिफिकेशन्स (चीन)
रेडमी आर80एम 5जी फोन को एंड्रॉयड बेस्ड Xiaomi HyperOS 3 पर लाया गया है जिसमें प्रोसेसिंग के लिए MediaTek Dimensity 6300 चिपसेट लाया गया है। इस ऑक्टा-कोर प्रोसेसर को मार्केट में आए हुए 2 साल से भी ज्यादा का समय हो चुका है जो कुछ यूजर्स को परफॉर्मेंस के मामले में पुराना लग सकता है। बताते चलें कि यह 6 नैनोमीटर फैब्रिकेशन पर बना सीपीयू 2.4GHz तक की क्लॉक स्पीड पर काम कर सकता है। वहीं मल्टीटास्किंग के लिए इस फोन में LPDDR4X RAM मिलती है।
Redmi R80m 5G फोन 1600 x 720 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.9 इंच की HD+ डिस्प्ले सपोर्ट करता है। यह बड़े साइज वाली स्क्रीन वीडियोज व कंटेंट देखने का एक्सपीरियंस बेहतर बना सकती है। रेडमी ने इस फोन में LCD पैनल का इस्तेमाल किया है जो 120Hz रिफ्रेश रेट और 810nits पीक ब्राइटनेस आउटपुट देने के साथ ही लो ब्लू लाइट, DC डिमिंग और फ्लिकर-फ्री सर्टिफाइड है।
फोटोग्राफी के लिए रेडमी आर80एम 5जी फोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस 13 मेगापिक्सल का मेन सेंसर दिया गया है जो सेकेंडरी ऑक्जिलरी लेंस के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह रेडमी 5जी फोन 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
पावर बैकअप के लिए Redmi R80m 5G फोन को 6,000mAh बैटरी से लैस कर चीनी मार्केट में उतारा गया है। कंपनी ने इस पर 4 साल की ड्यूरेबिलिटी देने का दावा किया है। वहीं, मोबाइल को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 33W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मौजूद है। फोन अनलॉकिंग और सिक्योरिटी के लिए रेडमी आर80एम 5जी फोन साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर सपोर्ट करता है। वहीं कनेक्टिविटी के लिए इसमें डुअल-बैंड Wi-Fi और Bluetooth 5.4 जैसे फीचर्स मौजूद हैं।
रेडमी आर80एम 5जी की स्पेसिफिकेशन्स देख कर माना जा सकता है कि यह मोबाइल उन यूजर्स के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है जो बड़ी स्क्रीन और पावरफुल बैटरी वाला फोन चाहते हैं। एक ओर 6,000mAh बैटरी जहां कई घंटों तक फोन को ऑन रख सकती है। वहीं 120Hz रिफ्रेश रेट वाली बड़ी स्क्रीन पर कंटेंट व्यूइंग एक्सपीरियंस भी शानदार मिल सकता है। हालांकि, 13 मेगापिक्सल कैमरा फोन फोटोग्राफी के शौकीन लोगों को कुछ निराश कर सकता है। वहीं 2 साल पुराना चिपसेट भी Redmi R80m 5G की खामी बन सकता है।
Redmi R-Series चाइना सेंट्रिक है जिसे अभी तक इंडियन मार्केट में उतारा नहीं गया है। चीन में यह स्मार्टफोन सीरीज अमूमन औसत परफॉर्मेंस और सामान्य कैमरा वाले फोन लाती है जिनमें स्क्रीन और बैटरी को बड़ा रखा जाता है। अप्रैल महीने में चीन में लॉन्च हुए Redmi R70 5G और R70m 5G में भी यही पैटर्न देखने को मिला था। दिलचस्प बात यह है कि नया रेडमी आर80एम जहां 6,000एमएएच बैटरी पर आया है। वहीं, पहले वाले रेडमी आर70एम में 6,300एमएएच बैटरी दी गई थी। बहरहाल रेडमी आर80एम 5जी बड़ी स्क्रीन और लंबी चलने वाली बैटरी के साथ सोशल मीडिया या वीडियो कंटेंट के लिए पसंद किए जाने वाले फोन के इंडस्ट्री ट्रेंड का हिस्सा नजर आता है।
Redmi R80m 5G फोन के इंडिया लॉन्च की पुष्टि तो अभी नहीं की जा सकती है लेकिन अगर आप 20 हजार से 30 हजार रुपये की रेंज का मोबाइल खरीदना चाहते हैं सितंबर 2026 महीने में इंडिया में लॉन्च हुए Lava Virat Curve 5G फोन को कंसीडर कर सकते हैं। यह FHD+ Curved AMOLED डिस्प्ले वाला फोन है जिसमें 50MP कैमरा और Dimensity 7100 प्रोसेसर मिलता है। वहीं अगस्त 2026 में आया Samsung Galaxy F70 Pro 5G भी इस रेंज में Snapdragon 6 Gen 3 प्रोसेसर, 120Hz Super AMOLED डिस्प्ले और 6,000mAh बैटरी देता है। इसी तरह 144Hz AMOLED डिस्प्ले और 7,000mAh बैटरी से लैस Motorola Edge 70 Fusion को भी चेक किया जा सकता है जो Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर पर काम करता है।











