Nothing Phone (4a) Pro रिव्यू: डिजाइन में सबसे अलग, क्या पर हर मामले में नंबर 1?

Join Us icon

आज जब भी कोई नया फोन लॉन्च हो रहा है, तो प्राइस देखकर लोग यही कह रहे हैं कि यह महंगा है। मगर इस महंगे फोन की शुरुआत Nothing ने की थी। कंपनी ने जब Nothing Phone 3 को 80 हजार रुपये से ज्यादा के बजट में लॉन्च किया था, तो सोशल मीडिया पर इसे लेकर एक अलग चर्चा शुरू हो गई थी। हैरानी की बात यह है कि जब Nothing Phone (4a) और (4a) Pro को लॉन्च किया गया, तो महंगाई के इस दौर में किसी ने इन फोन्स की कीमत को लेकर ज्यादा बात नहीं की। हालांकि उसके पीछे कारण था कि दूसरे फोन की तुलना में Nothing Phone (4a) और (4a) Pro का प्राइस काफी प्रतिस्पर्धी रखा गया है। Nothing Phone (4a) Pro का हमने भी रिव्यू किया। आइए जानते हैं इस प्राइस रेंज में आने वाले स्मार्टफोन की तुलना में यह कहां ठहरता है?

nothing-phone-4a-pro-review-in-hindi

नथिंग फोन की जब भी बात आती है, तो सबसे पहले आप उसके लुक को ही देखना चाहते हैं और डिजाइन के बाद उसकी ग्लिफ लाइटिंग देखते हैं। इस रिव्यू में भी हम पहले डिजाइन और फिर इसकी ग्लिफ लाइटिंग की ही बात करेंगे। डिजाइन को देखें, तो Nothing Phone (4a) Pro लुक के मामले में अपने पुराने फोन जैसा ही है, लेकिन हर बार की तरह इस बार भी कंपनी ने डिजाइन से थोड़ा सरप्राइज किया है। इस फोन में आपको ट्रांसपेरेंट बैक पैनल देखने को मिलेगा, लेकिन यह डिजाइन सिर्फ कैमरा मॉड्यूल तक ही सीमित है।

nothing-phone-4a-pro-review-in-hindi

फोन में iPhone स्टाइल में बड़ा-सा स्क्वायर डिजाइन दिया गया है, जिसके अंदर तीन कैमरे हैं और एक स्क्रीन है। ऊपर में रिंग के अंदर बड़ा-सा कैमरा है। वहीं ठीक नीचे कैप्सूल शेप का डिजाइन बना है, जिसमें दो कैमरे हैं। इसी मॉड्यूल में Glyph Matrix डिस्प्ले के साथ एक लाल LED रिकॉर्डिंग इंडिकेटर, एक LED फ्लैश और एक माइक्रोफोन दिया गया है।

वहीं नीचे का हिस्सा मेटैलिक फिनिश में है, लेकिन मेटल का नहीं है। फोन का फ्रेम भी मेटैलिक फिनिश में ही है। हालांकि पॉलीकार्बोनेट मैटीरियल के बावजूद बिल्ड क्वालिटी इतनी अच्छी है कि आपको फोन पकड़ने में अच्छा लगेगा। वहीं इसके कोने हाथ में लगते नहीं हैं। ऐसे में लंबे समय तक इसे लेकर घूम सकते हैं।

nothing-phone-4a-pro-review-in-hindi

पिछले पैनल में नीचे और ऊपर की ओर एंटीना लाइन देखने को मिलती हैं और कंपनी ने इन्हें इतने अच्छे से प्लेस किया है कि ये भी डिजाइन का हिस्सा लगते हैं। निचले पैनल में ही आपको गोल आकार का एक बटन जैसा डिजाइन मिलेगा, जैसा कि हमने CMF फोन में देखा था। परंतु यह बटन नहीं है। वहीं बाकी कंपनियों से अलग नथिंग ने अपने ब्रांड लोगो को काफी छोटा और प्यारा रखा है। कंपनी ने अपने नाम को डॉट मैट्रिक्स स्टाइल में लिखा है, जो अच्छा लगता है।

कुल मिलाकर डिजाइन से आपको कोई शिकायत नहीं मिलेगी। यह काफी साफ-सुथरा और अच्छा है। फोन के बॉक्स के साथ कवर भी दिया गया है और कवर में भी बटन डिजाइन को रखा गया है। अगर कमी की बात करें, तो मुझे यह थोड़ा चौड़ा लगा और वजन भी 210 ग्राम का है। ऐसे में थोड़ा पतला और 190 ग्राम के आसपास वजन होता, तो और बेहतर कहा जाता।

nothing-phone-4a-pro-review-in-hindi

यह फोन IP65 रेटिंग के साथ आता है। वैसे तो सर्टिफिकेशन धूल और पानी की हल्की-फुल्की छींटों से बचाता है, लेकिन कंपनी का दावा है कि यह 20 सेंटीमीटर पानी में आधे घंटे तक सुरक्षित रह सकता है। हालांकि इस प्राइस ब्रैकेट में ओपो, वीवो और रियलमी के फोन में IP68 और IP69 सर्टिफिकेशन मिल जाते हैं। ऐसे में थोड़ा पीछे तो है, लेकिन कंपनी का दावा चौंकाने वाला है।

Nothing ने शुरू से ही अपने फोन में ग्लिफ लाइटिंग दी है और हर बार लाइटिंग अलग होती है। Nothing Phone (4a) Pro में Glyph Matrix डिस्प्ले अपने पुराने वर्जन के मुकाबले कहीं ज्यादा बड़ा हो गया है। इसका फायदा यह है कि अब मैट्रिक्स डिस्प्ले के डॉट्स थोड़े बड़े हो गए हैं। हालांकि बड़े डॉट्स का ज्यादा फायदा हमें नहीं दिखा, बल्कि कुछ चीजें बहुत क्लियर नहीं थीं। जैसे कि रियर कैमरा से फोटो लेने के दौरान यदि आप इस स्क्रीन का उपयोग व्यूफाइंडर के रूप में करते हैं, तो सही से दिखता नहीं है। हां, साधारण टाइम देखने या किसी भी नंबर को यह अच्छे से प्रेजेंट कर रहा था।

nothing-phone-4a-pro-review-in-hindi

Matrix डिस्प्ले का उपयोग फोन में कॉल, मैसेज, टाइमर और चार्जिंग स्टेटस सहित कई दूसरे फीचर्स के लिए कर सकते हैं। वहीं इसमें डिजिटल वॉच, सोलर पाथ, मून फेज और बैटरी इंडिकेटर जैसे फीचर्स भी मिलते हैं। कुल मिलाकर कहें, तो अच्छा अपडेट है और आपको मजा आएगा। हालांकि ऐसा नहीं है कि इसमें आप बहुत कुछ कर सकते हैं, लेकिन जहां दूसरे फोन में कुछ भी नहीं है, वहां इस फोन में यह एक नया फीचर मिल जाता है, जो अच्छा है।

nothing-phone-4a-pro-review-in-hindi

डिजाइन के बाद डिस्प्ले की बात करें, तो Phone (4a) Pro में 6.83 इंच AMOLED स्क्रीन है और यह 1.5K पिक्सल रिजॉल्यूशन के साथ आता है। इसके साथ ही HDR10+ सपोर्ट और 144Hz का अडैप्टिव रिफ्रेश रेट मिलता है। हालांकि हमारे रिव्यू के दौरान यह कभी भी 120Hz से ज्यादा नहीं पहुंच पाया। हमने सेटिंग से इसे मैनुअल 144Hz तक का ऑप्शन चुना, फिर भी 144 हर्ट्ज तक नहीं गया। BGMI जैसे गेम्स भी खेले, लेकिन यह सिर्फ 120Hz तक ही जा पाया। हालांकि उपयोग के दौरान हमें ज्यादा कुछ पता नहीं चला। 120 हर्ट्ज का अनुभव भी काफी स्मूथ था।

रही बात डिस्प्ले क्वालिटी की, तो कलर कैलिब्रेशन काफी अच्छा है और नथिंग फोन में रंग काफी उभरकर आते हैं। इसे नेचुरल नहीं कह सकते, लेकिन जो लोग थोड़ा चटकीला रंग पसंद करते हैं, उनके लिए अच्छा है। यदि आप नेचुरल कलर चाहते हैं, तो शायद आपकी आंखों में थोड़ा चुभ सकता है। वहीं अच्छी बात यह भी है कि इसमें पहले से HDR सपोर्ट है। ऐसे में यदि आप वीडियो स्ट्रीम करते हैं, तो फिर यह फोन आपको काफी अच्छा लगेगा।

वीडियो की बात कर रहे हैं, तो ऑडियो का जिक्र भी यहीं कर देते हैं। Nothing Phone (4a) Pro में आपको डुअल स्पीकर मिलता है। हालांकि साउंड बहुत तेज नहीं है, लेकिन अच्छा है और इतना है कि आप स्पीकर को भी अच्छे से एन्जॉय कर सकते हैं।

nothing-phone-4a-pro-review-in-hindi

डिजाइन और डिस्प्ले के बाद अब कैमरे पर नजर डाल लेते हैं। Nothing Phone (4a) Pro में ट्रिपल रियर कैमरा दिया गया है, जिसका प्राइमरी सेंसर 50MP का है। वहीं 8MP अल्ट्रावाइड और 50MP टेलीफोटो लेंस दिया गया है। अच्छी बात यह है कि जहां इस बजट में दूसरे ब्रांड अब सिर्फ दो कैमरे दे रहे हैं, वहीं नथिंग अब भी तीन कैमरों के साथ है।

कंपनी ने प्राइमरी लेंस में Samsung GN9 सेंसर का उपयोग किया है, जो 1/1.57-इंच साइज का है। वहीं दूसरे सेंसर के लिए 50MP का OIS-इनेबल्ड 1/2.75-इंच JN5 टेट्राप्रिज्म पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा है, जो 140x तक डिजिटल जूम सपोर्ट करता है। तीसरा सेंसर अल्ट्रावाइड सेंसर है, जो 120-डिग्री का फील्ड ऑफ व्यू सपोर्ट करता है। इसका फ्रंट कैमरा 32MP का है। बेहतर फोटो के लिए कंपनी ने TrueLens Engine 4 का इस्तेमाल किया है।

nothing-phone-4a-pro-review-in-hindi

जहां तक फोन की पिक्चर क्वालिटी की बात है, तो मुझे अच्छा लगा, लेकिन मैं यह भी नहीं कह सकता कि कलर टोन नेचुरल थे। हालांकि डिटेलिंग की कोई कमी नहीं थी। फोन का मेन सेंसर काफी अच्छा और बेहतर फोटोग्राफी करने में सक्षम है। वहीं कंपनी ने टेलीफोटो लेंस को भी अपडेट किया है और वहां भी थोड़ा फायदा मिला है।

nothing-phone-4a-pro-review-in-hindi

पोर्ट्रेट फोटोग्राफी के दौरान Nothing Phone (4a) Pro काफी बेहतर आउटपुट दे रहा था। डिटेलिंग काफी अच्छी थी और फोटो जूम करने पर भी फट नहीं रहा था। इसके अलावा, बैकग्राउंड को अच्छे से ब्लर कर रहा था और कटआउट भी बेहतर थे। इसमें मुझे सिर्फ एक कमी लगी कि स्किन टोन थोड़ा अलग दिख रहा था।

वहीं डे-लाइट कंडिशन में मेन कैमरा अच्छे से परफॉर्म कर रहा था और फोकस पॉइंट पर डिटेलिंग काफी अच्छी थी। वहीं अल्ट्रावाइड फोटो में भी यह अच्छी क्वालिटी पर फोटो क्लिक कर रहा था, जो कि बहुत कम ही फोन में देखने को मिलता है।

वैसे तो दिन की रोशनी में लगभग सभी मोबाइल फोन अच्छे रिजल्ट देते हैं, लेकिन कम रोशनी में बहुत कम ही फोन हैं, जिन्हें आप अच्छा कह सकते हैं। परंतु इस मामले में Nothing Phone (4a) Pro ने बेहतर रिजल्ट दिया है। टेलीफोटो लेंस का फायदा इसमें मिलता दिखाई देता है और बड़े अपर्चर की वजह से रोशनी को ज्यादा कैप्चर भी कर रहा था। ऐसे में डिटेलिंग काफी अच्छी मिली और सबसे अच्छी बात यह रही कि लेंस फ्लेयर देखने को नहीं मिले। रोशनी को बहुत अच्छे से कैप्चर कर रहा था।

मेन कैमरे के बाद सेल्फी भी आपको प्रभावित करेगा। इस फोन से हमने कई तरह की लाइट कंडिशन में फोटो क्लिक किए और हर जगह रिजल्ट बेहतर था। सेल्फी फोटोज को देखने के बाद कह सकते हैं कि अपनी सेगमेंट में यह बेस्ट है। हालांकि फोटो को थोड़ा शार्प कर रहा था, लेकिन फिर भी बेहतर था।

nothing-phone-4a-pro-review-in-hindi

Nothing Phone (4a) Pro को कंपनी ने Qualcomm Snapdragon 7 Gen 4 चिपसेट पर पेश किया है। फोन में 4 नैनोमीटर फैब्रिकेशन वाला ऑक्टाकोर प्रोसेसर है। यह डिवाइस 2.8 GHz के अधिकतम क्लॉक स्पीड को सपोर्ट करता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इसमें Adreno 722 जीपीयू मिल जाता है। यह प्रोसेसर मिड बजट सेगमेंट में अच्छा माना जाता है। इसका शुरुआती मॉडल 8GB रैम और 128GB की स्टोरेज के साथ आता है। कंपनी ने LPDDR5X और UFS 3.1 स्टोरेज तकनीक से लैस किया है।

अपने रिव्यू के दौरान हमने इस पर कई बेंचमार्क टेस्ट किए, जहां यह फोन अच्छा स्कोर कर रहा था। Geekbench में सिंगल कोर पर यह फोन 1,385 तक का स्कोर कर रहा था। वहीं इसी टेस्ट में मल्टीकोर पर यह फोन 4,314 तक का स्कोर करने में सक्षम रहा।

वहीं हमने इस पर AnTuTu बेंचमार्क भी रन किया, जहां यह फोन 14,11,440 तक स्कोर कर पाया, जिसे आप अच्छा कह सकते हैं। फोन में हमने ग्राफिक्स टेस्ट 3D Mark को भी रन किया, जहां यह डिवाइस Steel Nomad पर 776 तक का स्कोर और Wild Life Extreme पर 2,094 तक का स्कोर करने में सक्षम रहा।

Nothing Phone 4a Pro-USB

फोन पर हमने CPU थ्रॉटल टेस्ट भी किया, जहां यह थोड़ा पीछे रह जाता है। यह सिर्फ 27 प्रतिशत का स्कोर कर पाया, जो कि कम है। हालांकि दूसरे थ्रॉटल टेस्ट बर्नआउट में यह 64 प्रतिशत तक गया। इससे यह साबित होता है कि गर्म तो कम होगा, लेकिन ज्यादा स्ट्रेस में फोन के परफॉर्मेंस में अंतर आ सकता है।

इन टेस्ट के बाद हमने फोन में हैवी गेमिंग भी की और वहां भी रिजल्ट संतोषजनक था। Nothing Phone (4a) Pro पर BGMI और Call of Duty: Mobile जैसे गेम्स 30-30 मिनट खेले। फोन में 5,300mm² का वेपर चैंबर कूलिंग दिया गया है और गेमिंग के दौरान हमें ज्यादा हीटिंग देखने को नहीं मिली। फोन का थर्मल बेहतर काम कर रहा था।

Nothing Phone 4a Pro-USB

हार्डवेयर के साथ ही सॉफ्टवेयर की बात करें, तो बता दूं कि Nothing Phone (4a) Pro अपने प्रोप्राइटरी OS Nothing OS 4.1 के साथ आता है, जो Android 16 पर आधारित है। अच्छी बात कही जा सकती है कि इसमें आपको ज्यादा प्रीलोडेड ऐप्स यानी कि ब्लोटवेयर देखने को नहीं मिलेंगे। वहीं यह साफ-सुथरा और बेहतर ऑपरेटिंग सिस्टम है, जो उपयोग में काफी आसान है।

फोन के उपयोग को आसान बनाने के लिए इसमें आपको ‘Essential Space’ भी दिया गया है। फोन के बाएं पैनल में ‘Essential Key’ दिया गया है, जिससे आप इसे ओपन कर सकते हैं। यह फीचर AI-इनेबल्ड है और इसकी मदद से आप स्क्रीनशॉट्स, वॉयस मेमो और नोट्स आदि को एक क्लिक में सुरक्षित रख सकते हैं। यह डेली असिस्टेंट के रूप में कार्य करता है, जो आपके रोजाना के कामों को आसान बना देता है।

Nothing Phone (4a) Pro को कंपनी ने 5,400mAh की बैटरी के साथ पेश किया है और इसमें 50W का फास्ट चार्जिंग सपोर्ट है। हालांकि एक कमी कह सकते हैं कि आपको चार्जर अलग से खरीदना होगा। बॉक्स के साथ चार्जर उपलब्ध नहीं है। वहीं दूसरी ओर अच्छी बात यह है कि इसमें PD चार्जिंग सपोर्ट है। ऐसे में आप एप्पल और सैमसंग सहित दूसरी कंपनियों के PD चार्जर का उपयोग कर सकते हैं। आपको फास्ट चार्जिंग ही मिलेगी।

nothing-phone-4a-pro-review-in-hindi

हमारे टेस्ट में यह फोन 20 प्रतिशत से 100 प्रतिशत तक चार्ज होने में एक घंटे का समय लिया। वहीं PCMark बैटरी टेस्ट में यह फोन 13 घंटे 49 मिनट तक का स्कोर किया, जो कि ठीक है। बहुत अच्छा तो नहीं कह सकते। YouTube वीडियो स्ट्रीमिंग और गेमिंग टेस्ट में भी बैटरी ड्रॉप थोड़ा ज्यादा था। ऐसे में कह सकते हैं कि यहां थोड़ी सुधार की जरूरत है।

निष्कर्ष

फोन में सबकुछ देखने के बाद बात आती है प्राइस की, तो बता दूं कि कंपनी ने Nothing Phone (4a) Pro की शुरुआती कीमत 39,999 रुपये रखी है। प्राइस के हिसाब से अगर फीचर्स की तुलना करें, तो फोन अच्छा कहा जा सकता है। परफॉर्मेंस के मामले में यह बेहतर है। हां, बैटरी के मामले में थोड़ा पीछे जरूर कह सकते हैं। बावजूद इसके फोन का लुक, बिल्ड क्वालिटी और कैमरा काफी अच्छा है। इस मामले में यह किसी भी फोन को टक्कर देने का दम रखता है।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here