
सैमसंग को लेकर खबर आई थी कि कंपनी ने गैलेक्सी सीरीज़ के दो नए स्मार्टफोन गैलेक्सी जे8 और गैलेक्सी जे6 की रिकॉर्ड सेल के चलते इंडियन स्मार्टफोन मार्केट में पहला स्थान हासिल किया है। सैमसंग शाओमी को हराते हुए नंबर वन पॉजिशन पर काबिज हुई है। लंबे समय बाद हाथ लगी इस सफलता को सैमसंग खोना नहीं चाहती। और इसी प्रयास में कंपनी भारतीय बाजार में एक और स्मार्टफोन लॉन्च करने जा रही है। सैमसंग आने वाली 3 अगस्त को भारत में ईवेंट का अयोजन करने वाली है जिसके मंच से कंपनी का नया प्रोडक्ट इंडिया में कदम रखेगा।
सैमसंग ने 3 अगस्त के ईवेंट के लिए मीडिया इन्वाईट भेजने शुरू कर दिए हैं। कंपनी ने हालांकि इस बात से पर्दा नहीं उठाया है कि 3 अगस्त को कौन सा डिवाईस लॉन्च किया जाएगा, लेकिन माना जा रहा है कि इस दिन कंपनी अपनी गैलेक्सी सीरीज़ में नया स्मार्टफोन जोड़ते हुए गैलेक्सी आॅन8 (2018) लॉन्च करेगी। चर्चा है कि यह फोन गैलेक्सी जे8 का ही आॅनलाईन वेरिएंट होगा जो शॉपिंग साइट फ्लिपकार्ट पर एक्सक्लूसिव सेल के लिए उपलब्ध होगा।

सैमसंग गैलेक्सी आॅन8 (2018) को लेकर कहा जा रहा है कि इस फोन को तकरीबन 18,000 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया जाएगा तथा यह फ्लिपकार्ट पर सेल के लिए उपलब्ध रहेगा। फोन की स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस फोन में 4जीबी की रैम मैमोरी दी जाएगी तथा फोन 64जीबी की इंटरनल स्टोरेज पर लॉन्च होगा।
सैमसंग गैलेक्सी नोट 9 फ्लिपकार्ट पर हुआ लिस्ट, 19 अगस्त से हो सकती है प्री-बुकिंग शुरू
गैलेक्सी आॅन8 (2018) में 6-इंच की एचडी+ सुपर एमोलेड डिसप्ले देखने को मिल सकती है। एंडरॉयड ओरियो आधारित यह फोन आॅक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 450 चिपसेट पर रन करेगा। फोटोग्राफी के लिए गैलेक्सी आॅन8 के बैक पैनल पर डुअल रियर कैमरा सेटअप देखने को मिल सकता है जिसमें 16-मेगापिक्सल और 5-मेगापिक्सल के कैमरा सेंसर होंगे। वहीं सेल्फी के लिए फोन में 16-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है।
सैमसंग गैलेक्सी आॅन8 (2018) में बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ सिक्योरिटी के लिए जहां रियर फिंगरप्रिंट सेंसर दिया जा सकता है वहीं पावर बैकअप के लिए इसमें 3,500एमएएच की बैटरी देखने को मिल सकती है। बहरहाल जैसा कि हमनें पहले ही बताया सैमसंग ने अभी तक 3 अगस्त को लॉन्च होने वाले प्रोडक्ट की जानकारी नहीं दी है, लिहाजा गैलेक्सी आॅन8 की पुख्ता खबर के लिए 3 अगस्त को लॉन्च ईवेंट का इंतजार किया जा रहा है।



















