
शाओमी के आगामी हाईएंड फ्लैगशिप स्मार्टफोन मी 9 को लेकर लंबे समय से लीक्स सामने आ रहे हैं। हाल ही में इस शाओमी स्मार्टफोन को सिंगापुर की इंफो कम्यूनिकेशन्स मीडिया डेवलेपमेंट अथॉरिटी (आईएमडीए) पर लिस्ट किया गया था जिससे उम्मीद पुख्ता हो गई थी कि मी 9 जल्द ही टेक मंच पर दस्तक देगा। वहीं अब तमाम कयासों पर विराम लगाते हुए शाओमी ने मी 9 के लॉन्च की घोषणा कर दी है। शाओमी ने बता दिया है कि आने वाली 20 फरवरी को मी 9 स्मार्टफोन से पर्दा उठा दिया जाएगा।
शाओमी ने माइक्रो ब्लागिंग साइट वेईबो पर एक इमेज पोस्ट शेयर करते हुए मी 9 के लॉन्च की जानकारी दी है। शाओमी ने इस ईमेज में ईवेंट की डिटेल्स लिखते हुए बताया है कि कंपनी 20 फरवरी को चीन में एक ईवेंट का आयोजन करेगी और इसी ईवेंट के मंच से मी 9 स्मार्टफोन टेक बाजार में कदम रखेगा। गौरतलब है कि 24 फरवरी से स्पेन में मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेंस 2019 की शुरूआत होने वाली है जहां सैमसंग, हुआवई और वनप्लस समेत कई बड़ी कंपनियां अपने नए डिवाईस पेश करेगी। लेकिन शाओमी इस महा आयोजन से पहले ही मी 9 को ऑफिशियल कर देगी।

ऐसा होगा शाओमी मी 9
शाओमी मी 9 को लेकर अब तक देसी विदेशी मीडिया में कई रिपोर्ट्स सामने आ चुकी है। कंपनी ने हालांकि अभी तक मी 9 स्मार्टफोन की जानकारी नहीं दी है लेकिन लीक्स के माध्यम के मी 9 की स्पेसिफिकेशन्स बताई जा चुकी है। लीक्स की मानें तो शाओमी मी 9 को 19.5:9 आस्पेक्ट रेशियो के साथ वॉटरड्रॉप नॉच पर पेश किया जा सकता है। इस फोन में 6.4-इंच की फुलस्क्रीन डिसप्ले दी जा सकती है जो 2के स्क्रीन रेज्ल्यूशन सपोर्ट करेगी। लीक्स के अनुसार मी 9 एंडरॉयड के लेटेस्ट ओएस एंडरॉयड 9 पाई पर लॉन्च होगा।
शाओमी रेडमी नोट 7 और नोट 7 प्रो, इंडिया लॉन्च से पहले ही जानें फोन की पूरी जानकारी
मी 9 को शाओमी द्वारा 6जीबी रैम मैमोरी पर लॉन्च किया जा सकता है जिसके साथ यह फोन क्वालकॉम के सबसे नए और ताकतवर चिपसेट स्नैपड्रैगन 855 पर रन करेगा। वहीं पावर बैकअप के लिए मी 9 में 32वॉट फास्ट चार्जिंग सपोर्ट वाली 3,500एमएएच की बैटरी देखने को मिल सकती है। हाल ही में आईएमडीए की लिस्टिंग में मी 9 को ब्लूटूथ व वाईफाई रेडी बताया गया है। वहीं साथ ही इस फोन में एनएफसी फीचर भी उपलब्ध रहेगा।

चर्चा है कि शाओमी मी 9 को 5जी तकनीक के लैस कर बाजार में उतारेगी। वहीं फोन में क्वालकॉम के सबसे ताकतवर चिपसेट स्नैपड्रैगन 855 का यूज़ किया जा सकता है। मी 9 वायरलेस चार्जिंग तकनीक सपोर्ट के साथ लॉन्च किया जा सकता है। बहरहाल फोन की पुख्ता स्पेसिफिकेशन्स के लिए अभी 20 फरवरी का इंतजार किया जा रहा है।


















