
रियलमी ब्रांड का नया स्मार्टफोन रियलमी 3 इंडियन मार्केट में सफलता के झंडे गाड़ चुका है। सेल के पहले ही दिन इस फोन की 2,10,000 से भी ज्यादा यूनिट बिकी है जिसकी जानकारी रियलमी ने खुद दी है। रियलमी 3 लॉन्च के कुछ ही दिनों बाद खबर आई थी कि कंपनी इस फोन के एक और वर्ज़न पर काम कर रही है जिसे रियलमी 3 प्रो नाम के साथ लॉन्च किया जाएगा। रियलमी खुद रियलमी 3 प्रो के लॉन्च की पुष्टि कर चुकी है। कंपनी ने हालांकि अभी तक रियलमी 3 प्रो के लॉन्च की स्थिति साफ नहीं की है, लेकिन एक ताजा रिपोर्ट में रियलमी 3 प्रो को इंडिया की सरकारी वेबसाइट बीआईएस पर देखा गया है। भारतीय वेबसाइट पर रियलमी 3 प्रो की लिस्टिंग से साफ हो गया है कि यह फोन अब जल्द ही बाजार में दस्तक देने वाला है।
रियलमी 3 प्रो लिस्टिंग
रियलमी 3 प्रो को भारत की ब्यूरो आफ इंडियन स्टैंडर्ड (बीआईएस) वेबसाइट पर लिस्ट किया गया है। इस लिस्टिंग की जानकारी एमएसपी की रिपोर्ट के जरिये सामने आई है। वेबसाइट पर रियलमी 3 प्रो को आरएमएक्स1851 मॉडल नंबर के साथ लिस्ट किया गया है। लिस्टिंग में हालांकि फोन की किसी स्पेसिफिकेशन की जानकारी नहीं मिली है लेकिन यह जरूर साफ हो गया है कि रियलमी 3 प्रो जल्द ही इंडियन मार्केट में दस्तक देने वाला है। लगे हाथ आपको बता दें कि रियलमी 3 प्रो को थाईलैंड की एनबीटीसी वेबसाइट पर भी समान मॉडल नंबर के साथ लिस्ट देखा गया है।

रियलमी 3 प्रो स्पेसिफिकेशन्स
रियलमी 3 प्रो की जानकारी देते हुए कंपनी ने इस फोन की तुलना शाओमी के रेडमी नोट 7 प्रो से की थी जिससे साफ हो गया था कि यह फोन रेडमी नोट 7 प्रो की प्रतिस्पर्धा में उतारा जाएगा। कंपनी ने हालांकि इस फोन की स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी नहीं दी है लेकिन माना जा रहा है कि यह फोन 48-मेगापिक्सल के कैमरा सेंसर से लैस होगा। इस फोन में ट्रिपल रियर कैमरा दिया जा सकता है। वहीं फोन में 6जीबी की रैम मैमोरी देखने को मिल सकती है। साथ ही कंपनी की ओर से रियलमी 3 प्रो को बड़ी व पावरफुल बैटरी पर लॉन्च किया जा सकता है। यह भी पढ़ें : एक ही दिन में बिके लगभग 2 अरब रुपये के रियलमी 3 फोन, शाओमी के छूटे पसीने
रियलमी 3 स्पेसिफिकेशन्स
कंपनी की ओर से रियलमी 3 को 6.2-इंच की ड्यूड्रॉप नॉच डिसप्ले पर पेश किया गया है। यह फोन 12एनएम मीडियाटेक हीलियो पी70 प्रोसेसर पर रन करता है। देश में रियलमी 3 दो वेरिएंट में सेल के लिए उपलब्ध है जिनमें 3जीबी रैम के साथ 32जीबी मैमोरी तथा 4जीबी रैम के साथ 64जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी गई है। ये दोनों ही वेरिएंट क्रमश: 8,999 रुपये तथा 10,999 रुपये की कीमत पर सेल के लिए उपलब्ध हैं। दोनों वेरिएंट्स की स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से 256जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।

फोटोग्राफी के लिए फोन के बैक पैनल पर 13-मेगापिक्सल का मेन कैमरा और 2-मेगापिक्सल का सेकंडरी कैमरा दिया गया है। वहीं, सेल्फी के लिए यह फोन 13-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है। फोन में रियर फिंगरप्रिंट सेंसर मौजूद है। रियलमी 3 डुअल सिम, 4जी एलटीई और बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही पावर बैकअप के लिए 4,230एमएएच की बैटरी सपोर्ट करता है। यह भी पढ़ें : 4जीबी रैम और वाटर ड्रॉप नॉच के साथ आएगा ओपो ए5एस स्मार्टफोन, होंगे गजब के फीचर्स
आपको बता दें कि अब तक सामने आए लीक्स और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रियलमी 3 प्रो अप्रैल महीने में इंडियन मार्केट में कदम रख सकता है। वहीं फिलहाल रियलमी 3 जहां कंपनी वेबसाइट के अलावा फ्लिपकार्ट पर ही बिकता है, वहीं यह फोन आने वाले दिनों में आफलाईन रिटेल स्टोर्स पर भी सेल के लिए उपलब्ध हो सकता है।


















