
Honor ने आज भारतीय बाजार में अपने दो नए फोन Honor 9A और Honor 9S आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिए हैं। ये दोनों ही फोन लो बजट में उतारे गए हैं जिनमें से ऑनर 9एस की कीमत जहां सिर्फ 6,499 रुपये है वहीं ऑनर 9ए को कंपनी की ओर से 11,999 रुपये की कीमत पर पेश किया गया है। कंपनी की ओर से Honor 9S की सेल जहां शॉपिंग साइट फ्लिपकार्ट पर की जाएगी वहीं Honor 9A को ई-कॉमर्स साइट अमेज़न इंडिया पर खरीदा जा सकेगा।
Honor 9S
ऑनर 9एस कंपनी का एंट्री लेवल फोन है जिसे 5 इंच की एचडी फुलव्यू डिसप्ले पर लॉन्च किया गया है। इस फोन में किसी तरह की कोई नॉच नहीं दी गई है तथा डिसप्ले के चारों ओर बेजल्स मौजूद हैं। Honor 9S को एंडरॉयड 10 पर पेश किया गया है जो आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ मीडियाटेक हीलियो पी22 चिपसेट पर रन करता है। ऑनर 9एस में 2 जीबी रैम के साथ 32 जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी गई है जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये 512 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।

फोटोग्राफी के लिए Honor 9S में सिंगल रियर कैमरा दिया गया हैं जो बैक पैनल पर स्क्वायर शेप में फिट है। इस कैमरा सेटअप में फ्लैश लाईट के साथ 8 मेगापिक्सल का सेंसर दिया गया है। इसी तरह सेल्फी के लिए यह फोन 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है। ऑनर 9एस रियल डुअल सिम फोन है जो सिक्योरिटी के लिए फेस अनलॉक फीचर सपोर्ट करता है। 3.5एमएम जैक के साथ ही पावर बैकअप के लिए इस फोन में 3,020एमएएच की बैटरी दी गई है।
Honor 9A
ऑनर 9ए को 1600 x 720 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.3 इंच की एचडी+ वॉटरड्रॉप नॉच डिसप्ले पर लॉन्च किया गया है। यह फोन एंडरॉयड 10 आधारित मैजिक यूआई 3 पर लॉन्च किया गया है जो आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ मीडियाटेक के हीलियो पी22 चिपसेट पर रन करता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इस फोन में आईएमजी पावरवीआर जीई8320 जीपीयू मौजूद है। Honor 9A इंडिया में 3 जीबी रैम मैमोरी पर लॉन्च हुआ है जो 64 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है। फोन मैमोरी को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये 512 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।

फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Honor 9A ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर फ्लैश लाईट के साथ एफ/1.8 अपर्चर वाला 13 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है। इसके साथ ही यह फोन एफ/2.2 अपर्चर वाला 5 मेगापिक्सल का वाइड एंगल लेंस और एफ/2.4 अपर्चर वाला 2 मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर सपोर्ट करता है। इसी तरह सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इस फोन में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मौजूद है। ऑनर 9ए डुअल सिम व 4जी वोएलटीई सपोर्ट करता है। रियर फिंगरप्रिंट सेंसर व फेस अनलॉक फीचर के साथ ही पावर बैकअप के लिए इस फोन में 5,000एमएएच की बड़ी बैटरी दी गई है।
Honor 9A को कंपनी की ओर से 11,999 रुपये में लॉन्च किया गया है लेकिन फर्स्ट सेल ऑफर के तहत इस फोन को सिर्फ 8,999 रुपये में खरीदा जा सकता है। यह फ्लैश सेल अमेज़न इंडिया पर 11 अगस्त की सुबह 6 बजे शुरू होगी। इसी तरह Honor 9S को 6 अगस्त की दोपहर 12 बजे से स्पेशल ऑफर के तहत शॉपिंग साइट फ्लिपकार्ट पर 5,999 रुपये में खरीदा जा सकेगा।





















