
फोन ब्लास्ट और उसमें आग लगने की अब तक आपने कई खबरें सुनी होंगी। वहीं आज एक नया मामला सामने आया है जहां दिल्ली के एक मोबाइल यूजर के Xiaomi Redmi Note फोन में आग लग गई। हालांकि अच्छी बात यह रही कि इसमें किसी को शारीरिक नुकसान नहीं हुआ लेकिन फोन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। इसे आप नीचे दिए गए तस्वीरों में भी देख सकते हैं। गौरतलब है कि मोबाइल फोन में आग लगने की खबर अक्सर आती रहती है। इस माह के शुरुआत में ही हमने एयरपोर्ट पर Vivo फोन के ढेर सारे लॉट में आग लगने की खबर प्रकाशित की थी। वहीं आज शाओमी फोन की जानकारी मिली है जो मोबाइल यूजर्स को थोड़ा डरा तो जरूर देती है।
क्या है मामला
Xiaomi Redmi Note फोन ब्लास्ट की यह खबर प्रियंका पावरा नाम की एक यूजर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर की है। प्रियंका का कहना है कि उसने अपने छोटे भाई के लिए पिछले साल दिसंबर में Redmi फोन को खरीदा था। लेकिन, आज अचानक से फोन में से धुआं निकलने लगा और फोन ने आग पकड़ ली, किसी बड़ी दुर्घटना होने से अपना और अपना भाई का बचाव करने के लिए प्रियंका ने तुरंत फोन पर पानी डाला क्योंकि उन्होंने फोन में ब्लास्ट की कई खबरें सुनी हैं।
हालांकि, प्रियंका ने अपनी शिकायत में फोन के मॉडल का जिक्र नहीं किया है, लेकिन उन्होंने @RedmiSupportIN और @manukumarjain को टैग किया है। गौरतलब है कि मनु कुमार जैन Xiaomi के वाइस प्रसिडेंट और Mi India के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। शोशल मीडिया पर की गई इस पोस्ट में देखा जा सकता है कि फोन शाओमी का Redmi Note 9 Pro या Redmi Note 9 Pro Max है।

हालांकि अच्छी बात यह भी है कि इस मामले को लेकर Xiaomi ने प्रियंका को तुरंत जवाब दिया है। Redmi India Support पेज के माध्यम से कहा गया है कि “हमें यह सुनकर दुख हुआ और हमें उम्मीद है कि आप और आपका भाई सुरक्षित हैं। Xiaomi में, हमारे सभी डिवाइस कई टेस्ट से गुजरते है और हम यह सुनिश्चित करते हैं कि यूजर का एक्सपीरियंस अच्छा रहे। इस मामले की जांच करने के लिए, कृपया हमें अपनी जानकारी भेजें।”

91मोबाइल्स ने इस मामले की गंभीरता को समझते हुए यूजर से और कंपनी को संपर्क कर पूरी जानकारी मांगी थी। वहीं, शाओमी प्रवक्ता ने हमसे बात करते हुए बताया “रेडमी इंडिया में, ग्राहक सुरक्षा का अत्यधिक महत्व है और हम ऐसे मामलों को बहुत गंभीरता से लेते हैं। हमारे सभी डिवाइस कड़े गुणवत्ता परीक्षणों के विभिन्न स्तरों से गुजरते हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उपकरण की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर समझौता न हो। वहीं, इस मामले को लेकर हमारी टीम जांच कर रही है। लेकिन, हमारी शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि एक्सटर्नल फोर्स के कारण फोन को नुकसान हुआ है ‘customer induced damage’ के तहत हम ग्राहक से संपर्क में हैं और इस मामले को जल्द से जल्द सॉल्व करेंगे।“
फोन में नही लगेगी आग, बिल्कुल न करें ये गलती
ऑरिजनल चार्जर करें इस्तेमाल
ज्यादातर यूजर्स फोन का ऑरिजनल चार्जर खराब होने पर लोकल चार्जर का इस्तेमाल करने लगते हैं। लेकिन, फोन के लिए यह घातक हो सकता है। हमेशा अपने फोन का ऑरिजनल चार्जर ही इस्तेमाल करें। ड्युप्लिकेट या किसी दूसरे फोन का चार्जर बैटरी और फोन दोनों के लिए हानिकारक है।
फोन में लगाए ऑरिजिनल बैटरी
फोन में मिलने वाली ऑरिजिनल बैटरी के खराब होने के बाद गलती से भी इसमें नकली या लोकल बैटरी न लगाएं। लोकल बैटरी का इस्तेमाल करना फोन में आग लगने का एक बड़ा कारण हो सकता है।

ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर का करें रुख
फोन में कोई खराबी आने पर लोकल शॉप्स पर रिपेयर नहीं करवाना चाहिए। हमेशा ऑथेंटिक सर्विस सेंटर पर फोन रिपेयर कराएं क्योंकि वहां आपको ओरिजनल पार्ट्स भी मिल जाते हैं।
सीधी धूप में फोन को न रखें
फोन को कभी सीधी धूप में रखकर चार्ज न करें। ऐसा करने से फोन की स्क्रीन तो खराब होती ही है साथ ही उसमें आग लगने की आशंका भी काफी बढ़ जाती है





















