
रियलमी ने आज भारतीय बाजार में अपना प्रोडक्ट पोर्टफोलियो बढ़ाते हुए नया स्मार्टफोन पेश किया है। यह स्मार्टफोन ‘जीटी’ सीरीज़ में जोड़ा गया है जो इंडिया में Realme GT Neo3 नाम के साथ लॉन्च हुआ है। हाईएंड स्पेसिफिकेशन्स से लैस इस मोबाइल फोन ने फ्लैगशिप कैटेगरी में एंट्री ली है जो 12GB RAM, MediaTek Dimensity 8100 चिपसेट और 150W Fast Charging तकनीक सपोर्ट करता है। इस कैटेगरी में रियलमी जीटी नियो3 कल ही भारत में लॉन्च हुए OnePlus 10R स्मार्टफोन को सीधी टक्कर देगा। Realme GT Neo3 के फीचर्स, स्पेसिफिकेशन्स, प्राइस और सेल से जुड़ी डिटेल्स आगे दी गई है।
Realme GT Neo3 की स्पेसिफिकेशन्स
रियलमी जीटी नियो3 स्मार्टफोन को 2412 x 1080 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.7 इंच की फुलएचडी+ डिसप्ले पर पेश किया गया है। यह स्क्रीन एमोलेड पैनल पर बनी है जो 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट और 1000हर्ट्ज़ रिस्पांस रेट सपोर्ट करती है। Realme GT Neo3 की स्क्रीन पंच-होल स्टाईल पर बनी है जिसे कंपनी ने इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर टेक्नोलॉजी से लैस किया है। वहीं स्क्रीन प्रोटेक्शन के लिए इसे कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास कोटेड रखा है। बता दें कि इस फोन की थिकनेस सिर्फ 8.2एमएम है।

Realme GT Neo3 लेटेस्ट एंडरॉयड 12 ओएस पर लॉन्च हुआ है तथा रियलमी यूआई 3.0 के साथ काम करता है। प्रोसेसिंग के लिए इस रियलमी मोबाइल में 2.85गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ 5नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना मीडियाटेक डिमेनसिटी 8100 चिपसेट दिया गया है। वहीं ग्राफिक्स के लिए यह फोन माली जी610 जीपीयू सपोर्ट करता है। रियलमी जीटी नियो3 स्मार्टफोन 12 जीबी तक की रैम मैमोरी और 256 जीबी तक की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है। हैवी प्रोसेसिंग में भी फोन को ठंडा रखने के लिए इसे वीसी कूलिंग टेक्नोलॉजी से लैस किया गया है

फोटोग्राफी के लिए Realme GT Neo3 ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश से लैस एफ/1.88 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल का सोनी आईएमएक्स766 सेंसर दिया गया है जिसके साथ 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस और 2 मेगापिक्सल का टेली मैक्रो लेंस मौजूद है। इसी तरह सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह रियलमी मोबाइल एफ/2.45 अपर्चर वाला 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है जो सैमसंग सेंसर है।

Realme GT Neo3 स्मार्टफोन दो अलग-अलग पावर पैक में आया है। फोन के एक मॉडल में 150W UltraDart टेक्नोलॉजी से लैस 4,500एमएएच बैटरी दी गई है जो सिर्फ 5 मिनट में ही फोन को 50 प्रतिशत तक चार्ज करने का दावा करता है। वहीं दूसरा मॉडल 80वॉट फास्ट चार्जिंग तकनीक के साथ 5,000एमएएच बैटरी सपोर्ट करता है।
Realme GT Neo 3 का प्राइस
रियलमी जीटी नियो3 का 80वॉट चार्जिंग मॉडल दो वेरिएंट्स में लॉन्च हुआ है। फोन के बेस वेरिएंट में 8 जीबी रैम के साथ 128 जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी गई है जिसका प्राइस 36,999 रुपये है। वहीं फोन के 12 जीबी रैम + 256 जीबी स्टोरेज वेरिएंट का प्राइस 38,999 रुपये है। इसी तरह Realme GT Neo 3 150W fast charging मॉडल को 12GB RAM + 256GB storage पर लॉन्च किया गया है जिसकी कीमत 42,999 रुपये है। इस नए रियलमी मोबाइल को 4 मई से खरीदा जा सकेगा तथा पहली सेल में एसबीआई कार्ड धारकों को 7,000 रुपये का डिस्काउंट भी प्राप्त होगा।





















