
टेलीकॉम कंपनियों के बीच मची होड़ में अब देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी एयरटेल की ओर से एक और नया प्रीपेड प्लान पेश किया गया है। एयरटेल द्वारा 289 रुपये का नया प्लान लाया गया है जो सीधे-सीधे आइडिया के मौजूदा 295 रुपये वाले प्लान को टक्कर देता है। एयरटेल का यह प्लान लंबी वेलिडिटी के साथ ही 4जी इंटरनेट डाटा और वॉयस कॉलिंग की सुविधा देता है।
एयरटेल 289 रुपये प्लान
एयरटेल के इस लेटेस्ट प्लान की बात करें तो कंपनी द्वारा यह प्लान प्रीपेड ग्राहकों के लिए पेश किया गया है। एयरटेल ने प्लान 42 दिनों की वेलिडिटी के साथ पेश किया है। सबसे पहले इंटरनेट डाटा की बात करें तो एयरटेल के इस प्लान में यूजर्स को 42 दिनों के लिए कुल 1 जीबी डाटा मिलेगा। इस डाटा का लाभ 4जी के साथ-साथ 3जी व 2जी की स्पीड पर भी उठाया जा सकता है।
इसी तरह एयरटेल अपने प्लान में 42 दिनों तक अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग की सुविधा भी प्रदान कर रही है। इस वॉयस कॉल का यूज़ रोमिंग के दौरान भी किया जा सकेगा। वहीं कंपनी अपने ग्राहकों को प्लान की वेलिडिटी तक हर दिन 100 एसएमएस देगी।
आइडिया 295 रुपये प्लान
आइडिया के प्लान की बात करें तो यह प्लान भी 42 दिनों की वैधता के साथ आता है। इस प्लान में यूजर्स को पूरी वेलिडिटी के लिए कुल 5जीबी इंटरनेट डाटा दिया जाता है। 5जीबी डाटा खत्म होने के बाद यूजर्स को अतिरिक्त डाटा के लिए शुल्क चुकाना होगा। प्लान में हर दिन की 250 मिनट वॉयस कॉलिंग के लिए फ्री मिलेगी तथा यूजर्स को एक दिन के लिए 100 एसएमएस दिए जाएंगे।
दोनों प्लान्स की तुलना करें तो इंटरनेट डाटा के मामले में जहां आइडिया अपने यूजर्स को अधिक बेनिफिट दे रही है वहीं वॉयस कॉलिंग के क्षेत्र में एयरटेल यूजर्स को ज्यादा फायदा मिलेगा।






















