
Android यूजर के लिए Android 16 QPR2 Beta 1 रिलीज हो गया है। QPR का मतलब है Quarterly Platform Release और यह इसका पहला बीटा वर्जन है, जो दिसंबर में पूरी तरह रिलीज होगा। लेकिन अगर आपके पास Pixel फोन है, तो आप अभी इस अपडेट को टेस्ट कर सकते हैं और नए फीचर्स को ट्राई कर सकते हैं। बता दें कि Google सितंबर में Android 16 QPR1 का स्टेबल वर्जन रिलीज करने वाला है, लेकिन उससे पहले ही वह QPR2 Beta 1 लेकर आ गया है। यह बीटा टेस्टर्स और डेवलपर्स के लिए है। अगर आप पहले से QPR1 बीटा प्रोग्राम में हैं, तो आसानी से QPR2 बीटा में अपडेट कर सकते हैं। यह अपडेट Pixel 6 से लेकर Pixel 9 सीरीज और Pixel Tablet के लिए उपलब्ध है। Pixel 10 सीरीज भी इस बीटा प्रोग्राम का हिस्सा है।
Android 16 में दिखेंगे ये बदलाव और फीचर्स

लॉक स्क्रीन विजेट्स
इस अपडेट का सबसे मजेदार फीचर है लॉक स्क्रीन विजेट्स, जिसे Google ने Hub Mode नाम दिया है। यह फीचर पहले Pixel Tablet और कुछ दूसरी कंपनियों के टैबलेट्स में आया था, लेकिन अब ये फोन्स में भी है। जब आपका फोन चार्जिंग पर हो या किसी डॉक पर रखा हो, तो लॉक स्क्रीन एक विजेट हब बन जाता है। इसमें कई पेज होते हैं और आप इन्हें अपने हिसाब से सेट कर सकते हैं। विजेट्स का साइज और डिजाइन फिक्स है, लेकिन आप एक स्क्रीन पर कई विजेट्स को फिट कर सकते हैं। इससे आप बिना फोन अनलॉक किए जरूरी जानकारी देख सकते हैं।
फोर्स डार्क थीम
अगर आपको लगता है कि आपका फोन बहुत ज्यादा चमकता है, तो यह फीचर आपके लिए है। Android 16 QPR2 में अब एक ऐसा डार्क थीम है, जो उन ऐप्स में भी डार्क मोड लागू कर देता है, जो इसे सपोर्ट नहीं करते हैं। यह थीम ऐप के स्प्लैश स्क्रीन, स्टेटस बार और नोटिफिकेशन बार तक को डार्क कर देता है। यह फीचर उन लोगों के लिए बहुत काम का है, जिन्हें तेज रोशनी से परेशानी होती है या जिन्हें देखने में दिक्कत है। साथ ही, डार्क थीम बैटरी बचाने में भी मदद करता है।
ऑटो-थीम्ड आइकन
Android 16 QPR2 में ऐप आइकन्स को ऑटोमैटिकली थीम करने का फीचर आया है। यह डेवलपर्स के लिए है, लेकिन इसका फायदा आपको भी मिलेगा। अब डेवलपर्स के पास एक टूल है, जो उनके ऐप्स के लिए ऑटोमैटिक थीम्ड आइकन्स बना सकता है। इससे आपके होम स्क्रीन पर सारे आइकन्स एक जैसे और सुंदर दिखेंगे। थीम्ड आइकन्स का ऑप्शन अब Minimal नाम से दिखेगा।
ब्राइटनेस स्लाइडर
Google ने डेवलपर्स को ऐसे टूल्स दिए हैं, जिनसे वह अपने ऐप्स में हैप्टिक फीडबैक (वाइब्रेशन) को बेहतर कर सकते हैं यानी अब आपको अलग-अलग कामों के लिए अलग-अलग तरह की वाइब्रेशन फील होगी, जो यूजर एक्सपीरियंस को और अच्छा बनाएगा। साथ ही, एक नया HDR ब्राइटनेस स्लाइडर भी आया है। इससे आप HDR कंटेंट (जैसे वीडियो या फोटो) की ब्राइटनेस को अपने हिसाब से सेट कर सकते हैं। यह सेटिंग अपने आप लागू हो जाएगी।
PDF एडिटिंग
अब फोन में बिना किसी थर्ड-पार्टी ऐप के PDF फाइल्स को एडिट और एनोटेट (नोट्स डालना) कर सकते हैं। यह फीचर पहले Google के नेटिव ऐप में नहीं था। ज्यादातर PDF एडिटिंग ऐप्स इसके लिए पैसे मांगते हैं, लेकिन अब यह फ्री में मिलेगा। यह उन लोगों के लिए बहुत काम का है, जो PDF के साथ काम करते हैं।
पर्सनल ऑडियो स्विचर
Android 16 QPR2 में Bluetooth LE (Low Energy) ऑडियो डिवाइसेज के लिए एक पर्सनल ऑडियो स्विचर आया है, जो सिस्टम के आउटपुट इंटरफेस में जुड़ा है। इससे आप आसानी से कनेक्टेड डिवाइसेज के बीच ऑडियो स्विच कर सकते हैं। साथ ही, LE ऑडियो कनेक्शन को और बेहतर किया गया है।
मजबूत सिक्योरिटी
इस अपडेट में Secure Lock Device मोड आया है, जो आपके फोन को और सुरक्षित बनाता है। यह मोड फोन को ऑटोमैटिकली लॉक कर देता है और अनलॉक करने के लिए PIN या पासवर्ड मांगता है, बायोमेट्रिक्स (जैसे फिंगरप्रिंट) की जगह। यह लॉक स्क्रीन पर नोटिफिकेशन्स और अलर्ट्स को भी छुपाता है।
साथ ही, थेफ्ट प्रोटेक्शन सेटिंग्स में एक नया Failed Authentication टॉगल आया है। अगर कोई बार-बार गलत पासवर्ड डालता है या सिक्योरिटी ब्रीच होता है, तो यह फोन को लॉक कर देगा।
बता दें कि ये सारे फीचर्स दिसंबर में Android 16 QPR2 के स्टेबल वर्जन में आने की उम्मीद है, लेकिन अगले बीटा वर्जन्स में और भी नई चीजें जुड़ सकती हैं। अगर आपके पास Pixel 6, 7, 8, 9 सीरीज, पिक्सल 10 सीरीज या Pixel Tablet है, तो आप Android Beta Program में जाकर इस अपडेट को अभी टेस्ट कर सकते हैं। टेस्ट करने का फायदा यह है कि आपको नए फीचर्स पहले आजमाने का मौका मिलता है। लॉक स्क्रीन विजेट्स से लेकर डार्क थीम और PDF एडिटिंग तक ये अपडेट्सआपके फोन को और स्मार्ट और यूजर-फ्रेंडली बनाएंगे, लेकिन ध्यान रखें बीटा वर्जन में कुछ बग्स हो सकते हैं, तो डाटा बैकअप जरूर रखें।
कैसे इंस्टॉल करें?
अगर आप Android Beta Program में हैं, तो आपको OTA अपडेट मिलेगा। सेटिंग्स > सिस्टम > सॉफ्टवेयर अपडेट्स में जाकर चेक कर सकते हैं। अगर आप अभी तक बीटा प्रोग्राम में नहीं हैं, तो google.com/android/beta पर जाकर अपने Pixel डिवाइस को इनरोल कर सकते हैं।



















