15 प्वाइंट्स में जानें OnePlus 15R की पूरी जानकारी, बेस्ट फोन फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स

Join Us icon

OnePlus 15R इंडिया में लॉन्च हो गया है। OnePlus 15 के बाद यह इस सीरीज में जोड़ा गया दूसरा मॉडल है। वनप्लस 15आई कई मायनों में खास है क्योंकि एक ओर जहां यह इंडिया का पहला Snapdragon 8 Gen 5 वाला फोन बनकर आया है। वहीं दूसरी ओर यह भारत में बिकने वाला वनप्लस का सबसे बड़ी बैटरी वाला मोबाइल बना है। आगे आप 15 प्वाइंट्स में वनप्लस 15आर की पूरी डिटेल्स पढ़ सकते हैं कि इस लेटेस्ट स्मार्टफोन में क्या-क्या खास है।

डिस्प्ले

वनप्लस 15आर की स्क्रीन पर 19.8:9 आस्पेक्ट रेश्यो मिलता है। इस मोबाइल में 2800 × 1272 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.83-इंच की 1.5K पंच-होल डिस्प्ले दी गई है। यह LTPS AMOLED पैनल पर बनी है जिसपर 165Hz अडेप्टिव रिफ्रेश रेट प्राप्त होगी। इसे TÜV Rheinland से इंटेलिजेंट आई केयर 5.0 सर्टिफिकेशन मिला हुआ है जो लंबे फोन यूज से आंखों को डैमेज होने से बचाता है। स्मार्टफोन में यूजर्स को इन डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर और कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास 7आई की प्रोटेक्शन भी मिलेगी।

परफॉर्मेंस

OnePlus 15R इंडिया में लॉन्च होने वाला मोबाइल फोन है जो Qualcomm Snapdragon 8 Gen 5 प्रोसेसर पर काम करेगा। इससे पहले कोई भी स्मार्टफोन इस चिपसेट के साथ भारतीय बाजार में नहीं आया है। यह 3नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना 8-कोर मोबाइल सीपीयू है जो 3.32GHz से लेकर 3.8GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। यह प्रोसेसर अपने पिछली जेनरेशन के मुकाबले यह 36% फास्ट CPU और 11% बेहतर GPU परफॉर्मेंस दे सकता है।

गेमिंग

हैवी गेमिंग के दौरान फोन हीट होने से बचाने के लिए इसमें 360 डिग्री Cryo Velocity कूलिंग सिस्टम लगाया गया है। इसमें स्क्रीन कूलर जहां मोबाइल डिस्प्ले को ठंडा रखता है वहीं 5,704mm2 3D वैपोर चैंबर अन्य मोबाइल कॉम्पोनेंट्स को गर्म होने से रोकता है। गेमिंग के दौरान फास्ट टच डिटेक्शन के लिए इसमें डेडिकेटेड Touch Response Chip लगाई है जो 3200Hz की स्पीड से रिस्पांस देती है। बेहतर ग्राफिक्स के लिए वनप्लस 15आर को कंपनी ने एड्रेनो 8 सीरीज जीपीयू से लैस किया है जो 1225MHz तक की स्पीड पर प्रोसेस कर सकता है।

मेमोरी

वनप्लस 15आर 5जी फोन को कंपनी ने LPDDR5X Ultra RAM के साथ लॉन्च किया है। इस रैम तकनीक के चलते फोन में फास्ट और लैगफ्री मल्टी-टास्किंग की जा सकेगी। ऐप ओपन और क्लोज बेहद तेजी से होगा और बहुत सारी ऐप्स में एक साथ काम करने के लिए ऐप स्वीच भी फास्ट मिलेगा। यह मोबाइल UFS 4.1 Storage सपोर्ट करता है जिसके चलते फास्ट डाटा ट्रांसफर किया जा सकता है।

बैटरी

इंडिया में OnePlus 15R ब्रांड का सबसे बड़ी बैटरी वाला फोन है। पावर बैकअप के लिए इसे 7400एमएएच बैटरी से लैस कर बाजार में उतारा गया है। 91मोबाइल्स की टेस्टिंग में इसका PCMark Battery टेस्ट स्कोर 18 घंटे, 13 मिनट का आया है। यह OnePlus 15 के 17 घंटे, 6 मिनट वाले टेस्ट रिजल्ट से बेहतर है। कंपनी का दावा है कि चार साल बाद भी वनप्लस 15आर की बैटरी हेल्थ 80% से ज्यादा ही मेंटेन रहेगी।

चार्जिंग

चार्जिंग टेक्नोलॉजी की बात करें तो वनप्लस 15आर की बड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए इसे 80W SUPERVOOC फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस कर बाजार में उतारा गया है। हमारी टेस्टिंग में इसने मोबाइल को 20 प्रतिशत से 100 प्रतिशत फुल चार्ज करने में 49 मिनट का समय लिया। वनप्लस 15आर को कंपनी ने वायरलेस चार्जिंग और रिवर्स चार्जिंग तकनीक से नदारद रखा है।

कैमरा

फोटोग्राफी के लिए वनप्लस 15आर को कंपनी ने लेटेस्ट और एडवांस DetailMax engine के साथ पेश किया है। मोबाइल के बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस एफ/1.8 अपर्चर वाला 50-मेगापिक्सल Sony IMX906 मेन सेंसर दिया गया है जो ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन (OIS) तकनीक से लैस है। इसके साथ ही यूजर्स को 112° एफओवी और एफ/2.2 अपर्चर वाला 8-मेगापिक्सल Ultra Wide एंगल लेंस मिलेगा। OnePlus 15R में 120fps पर 4K video रिकॉर्ड की जा सकती है।

सेल्फी

सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए वनप्लस 15आर में 32-मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा दिया गया है। यह एफ/2.0 अपर्चर सपोर्ट करने वाला 5P लेंस है जिसे 25mm फोकल लेंथ और ऑटोफोकस जैसी तकनीक से लैस किया गया है। मोबाइल का सेल्फी सेंसर भी OIS सपोर्ट करता है। इस नए वनप्लस फोन से 4K TIME-LAPSE और 30fps 4K Video कैप्चर की जा सकती है।

ओएस

OnePlus 15R 5G फोन को कंपनी ने सबसे नए और एडवांस Andorid 16 OS पर लॉन्च किया गया है। यह मोबाइल लेटेस्ट OxygenOS 16.0 के साथ मिलकर काम करता है जिसमें यूजर्स को कई आर्टिफिशियल इंटेलिजेंट फीचर्स (AI features) मिलेंगे। इस फोन में Google Gemini इंटीग्रेशन किया गया है। ऑक्सीजन ओएस 16 में AI Writer, AI Recorder, AI Portrait Glow और AI Scan जैसे एआई फीचर्स के साथ Dual App Control जैसे मोड्स भी मिलेंगे।

कनेक्टिविटी

एडवांस फीचर्स और पावरफुल स्पेसिफिकेशन्स के साथ ही वनप्लस 15आर 5जी फोन में कनेक्टिविटी का भी खास ध्यान रखा गया है। यह मोबाइल फोन Bluetooth 6.0 और Wi-Fi 7 के साथ ही NFC भी सपोर्ट करता है। कंपनी की ओर से इसमें खास G2 Wi-Fi Chip लगाई गई है जो गेमिंग के दौरान इंटरनेट में लैग होने से रोकती है और इंटरनेट स्पीड को बरकरार बनाए रखती है। बताते चलें कि वनप्लस 15आर में 13 5G Bands दिए गए हैं जो Jio, Airtel और Vi नेटवर्क पर फास्ट काम करते हैं।

आईपी रेटिंग

OnePlus 15R वॉटरप्रूफ फोन है। कंपनी ने इसे IP66 + IP68 + IP69 + IP69K रेटिंग के साथ पेश किया है। यह न सिर्फ धूल, मिट्टी, कीचड़ और पानी से मोबाइल को बचाएगा बल्कि साथ ही 80° सेल्सियस का गर्म पानी भी फोन पर गिरेगा तो इसका कुछ नहीं बिगड़ेगा। कंपनी का दावा है कि वनप्लस 15आर को आधा घंटे तक 1.5 मीटर गहरे पानी में छोड़ दिया जाए तो भी यह सुरक्षित ही रहेगा।

कलर

OnePlus 15R इंडिया में तीन कलर्स में लॉन्च किया गया है। कस्टमर्स इसे Charcoal Black, Mint Breeze और Electric Violet कलर में खरीद सकेंगे। मिंट​ ब्रिज और चारकोल ब्लैक कलर मॉडल में कंपनी ने फोन के बैक पैनल पर ग्लास मटेरियल का इस्तेमाल किया है। वहीं इलेक्ट्रिक वायलेट कलर के बैक साइट पर फाइबर ग्लास लगाया गया है जो हल्की पर्पल लुक प्रदान करता है।

साइज

वनप्लस 15आर की हाईट 16.34 सेंटीमीटर है और इसकी चौड़ाई 7.70 सेंटीमीटर है। अगर आप फोन का चारकोल ब्लैक और मिंट​ ब्रिज कलर खरीदते हैं तो 0.83 सेंटीमीटर यानी 8.3mm की थिकनेस मिलेगी। वहीं इलेक्ट्रिक वायलेट कलर की मोटाई 0.81 सेंटीमीटर यानी 8.1mm है। इन तीनों कलर मॉडल्स का वजन भी अलग-अलग है। Charcoal Black का वजन 218 ग्राम, Mint Breeze का 219 ग्राम और Electric Violet का वजन 213 ग्राम है। देखा जाए तो अंतर मामूली ही है।

सेंसर

वनप्लस 15आर Infrared remote control सेंसर के साथ आया है। यह फीचर फोन को एक यूनिवर्सल रिमोट की तरह काम करने लायक बनाता है। इसकी मदद से टीवी, एसी, सेट-टॉप बॉक्स, म्यूजिक सिस्टम और प्रोजेक्टर जैसे कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को मोबाइल से ही कंट्रोल कर सकते हैं। यह फीचर इंफ्रारेड लाइट सिग्नल के जरिए काम करता है। यानी अगर आपके घर का रिमोट खराब हो जाए या फिर कहीं रख कर भूल जाएं तो, OnePlus 15R से ही रिमोट का काम कर सकेंगे।

प्राइस

वनप्लस 15आर 5जी फोन के 12जीबी+256जीबी को 47,999 रुपये में लॉन्च किया गया है और 12जीबी+512जीबी की कीमत 52,999 रुपये है। HDFC और Axis बैंक क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करने पर कंपनी 3,000 रुपये का डिस्काउंट भी देगी जिसके बाद फोन का स्टार्टिंग इफेक्टिव प्राइस 44,999 रुपये पड़ेगा। 21 दिसंबर तक इस फोन को प्री-बुक करने वाले ग्राहकों को कंपनी 2,299 रुपये वाले OnePlus Nord Buds 3 फ्री देगी।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here