
आईफोन का यूज़ करने वाले लोगों को यह खबर थोड़ा परेशान कर सकती है। एप्पल को भारत में एक बड़ी समस्या से दो-चार होना पड़ रहा है। और यदि समय रहते इस समस्या का हल नहीं निकलता है तो शायद कुछ महीनों बाद देश में मौजूद सभी आईफोन बेकार हो जाए। दरअसल एप्पल और इंडियन टेलीकॉम रेग्ल्यूलेटरी अथॉरिटी (ट्राई) के बीच का विवाद गहराता जा रहा है। अगर एप्पल को सफलता नहीं मिलती है तो सरकार के आदेशानुसार एप्पल आईफोंस में लगे सभी कंपनियों के सिमकार्ड ब्लॉक हो सकते हैं और फिर फोन में कभी किसी भी कंपनी का नेटवर्क नहीं आएगा।
क्या है वजह
सबसे पहले आपको वजह बताते हैं कि आखिर क्यों देश में मौजूद सभी आईफोन बेकार हो जाएंगे। दरअसल यह मामला तकरीबन एक साल पुराना है। ट्राई की ओर से स्पैम कॉल और कमर्शियल एसएमएस पर रोक लगाने के लिए नियम पेश किए हुए हैं। इन नियमों के तहत स्पैम कॉल को रोकने के लिए सरकार द्वारा एक ऐप लॉन्च की गई है जिसका नाम ‘डीएनडी 2.0’ है। ट्राई की ओर से यह ऐप पूरे देश में जारी की गई है। यह ऐप एंडरॉयड पर तो उपलब्ध हो चुकी है लेकिन एप्पल ने इस ऐप को अपने स्टोर पर लाने के साफ इंकार कर दिया है।
क्यो किया इंकार
एप्पल ने ट्राई द्वारा जारी ऐप को एप्पल ऐप स्टोर पर लाने से साफ मना कर दिया है। एप्पल का कहना है कि कंपनी अपने आईफोन पर किसी भी ऐसी ऐप को नहीं रखती है जो फोन में मैसेज, कॉल या कान्टेक्ट का एक्सेस मांगे। एप्पल किसी भी थर्ड पार्टी एप को आईफोन के कॉल और एसएमएस को एक्सेस करने की सुविधा नहीं देता है। वहीं दूसरी ओर ट्राई की डीएनडी 2.0 स्पैम कॉल को रोकने के लिए कॉल का एक्सेस लेती है। यही वजह है एप्पल अपने यूजर्स को किए वायदों को तोड़ना नहीं चाहती है और ट्राई को कंपनी ने इंकार कर दिया है।
क्या चाहता है ट्राई
टेलीकॉम रेग्ल्यूलेटरी अथॉरिटी आॅफ इंडिया (ट्राई) चाहता है कि एप्पल की उनकी ऐप्लीकेशन को अपने प्लेटफार्म पर स्पेस दें। वहीं दूसरी ओर गूगल ट्राई की बात मानते हुए समझौता कर चुका है। डीएनडी 2.0 ऐप एंडरॉयड स्मार्टफोंस के प्ले स्टोर्स पर आ चुकी है। लगभग 1 साल से चल रही ट्राई और एप्पल की यह जंग अब चरम पर है। ट्राई हर हाल में यह ऐप आईओएस पर लाना चाहता है। और अगर एप्पल ने ट्राई की बात नहीं मानी तो ट्राई सभी टेलीकॉम कंपनियों को आदेश देकर एप्पल आईफोंस से नेटवर्क सर्विस बंद करा देगी।
क्या होगा नुकसान
ट्राई के आदेशानुसार आईफोन यूजर्स को जियो, वोडाफोन व एयरटेल समेत देश की सभी टेलीकॉम कंपनियों की ओर से डी-एक्टिवेशन का सामना करना पड़ेगा। आईफोन यूजर्स के मोबाइल नंबर बंद हो जाएंगे और नेटवर्क कनेक्टिविटी को सभी आईफोंस से हमेशा के लिए कट कर दिया जाएगा। भारत में मौजूद हरेक आईफोन और एप्पल वॉच में चल रहे मोबाइल नंबर डी-एक्टिवेट हो जाएंगे यानि आपके आईफोन में कभी भी इंटरनेट या नेटवर्क नहीं आएगा। सीधे-सीधे बोलें तो आपका आईफोन किसी काम का नहीं रहेगा पूरी तरह से बेकार हो जाएगा।
तो क्या बंद हो जाएगी सैमसंग की ‘गैलेक्सी एस’ सीरीज़ !
एप्पल ने यदि ट्राई की बात नहीं मानी या फिर किसी टेलीकॉम आॅपरेटर ने आईफोन से अपना नेटवर्क न हटाने की बात कही तो ट्राई इसे नियमों का उल्लघंन मानते हुए उनकी मान्यता रद्द कर देगी। एप्पल को अभी से इस मसले से नुकसान उठाना पड़ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार भारत में एप्पल की सेल में कमी देखी गई है और आगे यह तेजी से घट सकती है। वहीं दूसरी ओर एप्पल का कहना है कि ट्राई के खिलाफ इस मामले को कंपनी कोर्ट तक लेकर जाएगी।




















