
बड़ी बैटरी और दमदार बिल्ड क्वॉलिटी वाले स्मार्टफोन पेश करने वाली कंपनी असूस ने लॉस वेगास में आयोजित कन्ज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स शो 2018 में अपने नए स्मार्टफोन ज़ेनफोन मैक्स प्लस (एम1) को आॅफिशियली लॉन्च कर दिया है। असूस ने इस फोन का पहला प्रदर्शन नवबंर माह में किया था, लेकिन अब अंर्तराष्ट्रीय आयोजन के मंच ने कंपनी ने इस फोन की कीमत भी पेश कर दी है। तकरीबन 14,500 रुपये की शुरूआती कीमत के साथ यह फोन फरवरी माह से विभिन्न बाजारों में सेल के लिए उपलब्ध हो जाएगा।
असूस ज़ेनफोन मैक्स प्लस (एम1) की बात करें तो इस फोन को 2160×1080 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 5.7-इंच की फुलव्यू फुलएचडी आईपीएस डिसप्ले पर पेश किया है। कंपनी ने इस फोन को ज़ेनयूआई 4.0 आधारित एंडरॉयड नुगट पर लॉन्च किया है जो 1.5 गीगाहर्ट्ज़ ऑक्टा-कोर मीडियाटेक एमटी6750टी चिपसेट पर रन करता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इसमें माली टी860 जीपीयू मौजूद है।
फोटोग्राफी के लिए इस फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश के साथ एफ/2.0 अपर्चर वाला 16-मेगापिक्सल का प्राइमरी और 120डिग्री वाइड एंगल वाला 8-मेगापिक्सल का सेकेंडरी कैमरा सेंसर दिया गया है। वहीं सेल्फी के लिए इस फोन में 16-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सेंसर मौजूद है। फोन के बैक पैनल पर जहां फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है वहीं यह फोन फेस अनलॉक फीचर से भी लैस है।
असूस ने ज़ेनफोन मैक्स प्लस (एम1) के दो वेरिएंट पेश किए हैं। 3जीबी रैम व 32जीबी मैमोरी वाले वेरिएंट की कीमत जहां 229 यूएस डॉलर (तकरीबन 14,500 रुपये) रखी गई है। वहीं 4जीबी रैम व 64जीबी वाले वेरिएंट की कीमत का खुलासा किया जाना बाकी है। दोनों ही वेरिएंट में मैमोरी को 256जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। यह एक रियल डुअल सिम फोन है और पावर बैकअप के लिए इसमें असूस पावर मास्टर टेक्नोलॉजी से लैस 4,130एमएएच की बड़ी बैटरी दी गई है।






















