ये कंपनी लाई नया रिचार्ज, आधे साल की वैलिडिटी के साथ मिलेगी अनिलिमिटेड कॉलिंग और भरपूर डाटा

सरकारी दूरसंचार ऑपरेटर भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने अपने उपयोगकर्ताओं के लिए नया ₹750 का प्रीपेड प्लान पेश किया है। ध्यान देने वाली बात यह है कि इस प्लान की वैधता 6 महीने है। लेकिन यह प्लान सभी ग्राहकों के लिए नहीं है। यह केवल टेल्को के GP-2 ग्राहकों के लिए उपलब्ध होगा। अब आप सोच रहे होंगे कि GP-2 ग्राहक कौन होते हैं तो आपको बता दें कि ये वह ग्राहक हैं जो 7 दिनों से अधिक समय तक रिचार्ज नहीं करते हैं। ऐसे ग्राहकों को GP-2 श्रेणी में रखा जाता है। सात दिन बीतने के बाद 165 दिनों तक ये उपयोगकर्ता GP-2 ग्राहक बने रहेंगे। आइए जानते हैं कि इस प्लान के साथ आपको कौन-कौन से लाभ मिलते हैं।
BSNL ₹750 प्रीपेड प्लान की डिटेल
BSNL का ₹750 प्रीपेड प्लान प्रतिदिन 1GB डाटा के साथ आता है। इस प्लान में अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और 100 SMS/दिन की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा निर्धारित डाटा की खपत के बाद स्पीड घटकर 40 Kbps रह जाती है। इस प्लान में कुल 180GB डाटा मिलता है क्योंकि इसकी सर्विस वैधता 180 दिनों की है।
Airtel-Jio के पास भी नहीं है ऐसा प्लान
अन्य निजी टेलीकॉम ऑपरेटर्स जैसे एयरटेल व जियो के ग्राहकों के लिए ऐसा कोई प्लान उपलब्ध नहीं है। निजी टेलीकॉम कंपनियों के पास GP-कस्टमर जैसी कोई कैटेगरी नहीं होती। BSNL में GP ग्राहक बनने का फायदा यह है कि कंपनी अधिक आकर्षक ऑफर्स प्रदान करती है। BSNL अपने बिजनेस को तेजी से मजबूत करने की कोशिश कर रहा है, और इसी कारण उसने अपने प्लान्स की कीमतें उद्योग में सबसे कम रखी हैं।
गौरतलब है कि BSNL के पास और भी कई 6 माह वैधता वाले प्रीपेड प्लान्स उपलब्ध हैं। वहीं, दूसरी ओर कंपनी पूरे भारत में 4G नेटवर्क को तैनात करने पर काम कर रही है और इसके तहत 1 लाख साइट्स पर रोलआउट पूरा करने की योजना है। इसके बाद BSNL 5G भी लॉन्च करने की योजना बना रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, BSNL भारत में 1 लाख साइट्स पर 5G SA (स्टैंडअलोन) नेटवर्क तैनात करने की कोशिश कर रहा है।