Google Pixel 10 Pro रिव्यू : क्या आपके लिए है यह फोन!
यदि आप किसी पिक्सल फोन यूजर से पूछें कि आपको अपने फोन में सबसे अच्छी बात क्या लगती है, तो वह यही कहेगा फोन का एक्सपीरियंस सबसे बेस्ट है। यह फोन सालों तक नया रहता है और इसका डिजाइन शानदार है। यह बात बिल्कुल सही है। कुछ एंड्रॉइड फोन में आपको पिक्सल जैसा एक्सपीरियंस मिल जाता है, लेकिन यह बात सच है कि पिक्सल का एक्सपीरियंस सिर्फ पिक्सल फोन में ही मिलता है। यही वजह है कि जो लोग एक बार गूगल का पिक्सल फोन उपयोग कर लेते हैं वह फिर दूसरे फोन का उपयोग करना नहीं चाहते हैं। हाल में मेरे पास भी गूगल का पिक्सल 10 प्रो आया और लगभग 1 महीने के उपयोग के बाद हमने इसका रिव्यू किया और जांचा कि इसका एक्सपीरियंस कैसा है?
डिजाइन और डिस्प्ले
रिव्यू की शुरुआत डिजाइन और डिस्प्ले से करते हैं। गूगल पिक्सल 10 प्रो की बॉडी ग्लास की बनी है, जबकि फ्रेम मेटल का है। फोन को देख कर आप कह सकते हैं कि यह बहुत स्टाइलिश नहीं है, लेकिन हाथ में लेने के बाद यह जरूर कहेंगे कि क्वालिटी काफी अच्छी है। सबसे अच्छी बात लगी कि पकड़ने पर बहुत अच्छा ग्रिप मिलता है, जो आपको प्रीमियम क्वालिटी का अहसास कराता है। फ्रंट और बैक दोनों में कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास विक्टस 2 का प्रोटेक्शन मिल जाता है। वहीं कंपनी फ्रेम के लिए एयरोस्पेस ग्रेड एल्यूमिनियम का उपयोग किया है, जो इसे काफी मजबूत बनाता है। वहीं इसके ऐजेज काफी शाइन करते हैं और दूर से ही दिखाई देते हैं। हालांकि ऐजेज शाइन के साथ शार्प भी हैं, लेकिन बावजूद इसके हाथों में चुभते नहीं हैं।
इसके साथ ही फोन में आपको आईपी68 की रेटिंग मिल जाती है जो कि अच्छी बात कही जा सकती है यानी कि यह फोन बहुत हद तक पानी और धूल से सुरक्षित है। यह एक मीटर पानी में यदि आधे घंटे भी रह जाता है, तो खराब नहीं होगा।
जहां तक फोन के आकार और वजन की बात है, तो यह गूगल पिक्सल 10 प्रो को आप ज्यादा भारी या फिर बहुत हल्का नहीं कह सकते हैं। इस फोन का वजन 207 ग्राम है और लंबाई 152.8 मिलिमीटर है। वहीं चौड़ाई 72 मिलीमीटर और मोटाई 8.6 मिलीमीटर है। यह एक स्टैंडर्ड साइज का डिवाइस है, जो आपको अच्छा अहसास कराता है। हालांकि कॉम्पैक्ट और हल्के फोन का चलन है, तो ऐसे में यह थोड़ा भारी तो कहा जाएगा। वजन 180 ग्राम के आस-पास होता तो ज्यादा बेहतर कहा जाता।
फोन के पिछले पैनल में आपको कैमरा ब्रैकेट देखने को मिलता है, जो सिलेंडर शेप में है। हालांकि यह बॉडी से काफी उभरा हुआ है। ऐसे में यदि इसे बिना कवर के उपयोग करते हैं, तो स्क्रैच आने का खतरा होगा, लेकिन कवर के साथ बॉडी में आ जाता है, जो इसे सुरक्षित रखता है।
डिजाइन के बाद डिस्प्ले की बात करें, तो Pixel 10 Pro में 6.3 इंच की स्क्रीन है और कंपनी ने सुपर एक्टुआ OLED पैनल का उपयोग किया है। यह फोन 1,280 x 2,856 पिक्सल रिजॉल्यूशन के साथ डायनामिक 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। वहीं इसमें 3,300 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस भी है और वास्तव में डिस्प्ले अच्छा है। तेज धूप में भी आप स्पष्ट रूप से स्क्रीन देख पाएंगे।
यह फोन LTPO डिस्प्ले तकनीक के साथ आता है, जो रिफ्रेश रेट को डायनामिक रूप से एडजस्ट बैटरी खपत को कम करता है। सबसे अच्छी बात कही जा सकती है कि बेजल भी काफी पतले हैं। ऐसे में यह डिवाइस काफी कॉम्पैक्ट हो जाता है। इसके साथ ही फोन में HDR सपोर्ट मिल जाता है, जो नेटफ्लिक्स सहित अन्य स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर व्यूइंग एक्सपीरियंस को बेहतर बनाता है।
इसका वीडियो भी अच्छा है। फोन में डुअल स्टीरियो स्पीकर हैं, एक निचले किनारे पर और दूसरा ईयरपीस में इंटीग्रेटेड और ऑडियो आउटपुट भी शानदार है। डिस्प्ले के मामले में यह फोन अच्छा लगा, लेकिन एक कमी कही जा सकती है कि कि स्क्रीन पर एंटी ग्लेयर कोटिंग नहीं है। ऐसे में रिफ्लेक्शन देखने को मिलता है।
परफॉर्मेंस
गूगल पिक्सल 10 प्रो को कंपनी ने अपने नए प्रोसेसर Google Tensor G5 पर पेश किया है। यह ऑक्टा कोर प्रोसेसर है, जो 3.78 GHz के सिंगल कोर, 3.05 GHz के पेंटाकोर और 2.25 GHz डुअल कोर प्रोसेसर के कॉम्बिनेशन से बना है। इसके साथ ही 16GB के LPDDR5X रैम दी गई है, जो डेली टास्क को आसानी से हैंडल करने में सक्षम बनाता है। वहीं स्टोरेज के लिए 256GB की स्टोरेज उपलब्ध है। कंपनी ने UFS 4.0 का उपयोग किया है, जो फास्ट डाटा ट्रांसफर के लिए जाता जाता है।
जहां तक परफॉर्मेंस की बात है, तो कह सकते हैं कि मिला जुला रिस्पॉन्स रहा। हालांकि यह नहीं कहूंगा कि एक्सपीरियंस खराब है, लेकिन कुछ टास्क में यह थोड़ा सरप्राइज कर रहा था, तो कुछ जगहों पर अपने प्राइस रेंज में पीछे था। खास कर बेंचमार्क टेस्ट और गेमिंग में पीछे नजर आ रहा था। वहीं टास्किंग और मल्टीटास्किंग में बेहतर कर रहा था। इसका बूट टाइम सिर्फ 10 सेकंड का था, जो कि काफी अच्छा कहा जा सकता है। वहीं मल्टीटास्किंग में भी हमें कोई लैग देखने को नहीं मिला है।
अपने रिव्यू के दौरान हमने इस पर कई टेस्ट किए और उनके परिणाम आप यहां देख सकते हैं। एनटूटू पर यह फोन 1565089 तक का स्कोर करने में सक्षम रहा है, जो कि इस प्राइस रेंज में काफी कम है। वहीं गीकबेंच स्कोर जो कि प्रोसेसर पावर जांचता है वहां भी यह फोन थोड़ा कम ही था। गीकबेंच सिंगल कोर पर यह फोन 2317 तक का स्कोर कर पाया, जबकि मल्टीकोर स्कोर 6450 का था। इस प्राइस रेंज में दूसरे फोन औसतन नौ हजार तक का स्कोर कर रहे हैं। हां, ग्राफिक्स स्कोर अच्छा था मगर किसी भी फोन से बहुत पीछे नहीं कहा जा सकता है। यह फोन ग्राफिक्स टेस्ट बेंचमार्क जीएफएक्स बेंच पर मैनहटन में 7,475 तक का स्कोर कर पाया, जबकि टीरेक्स में 6,751 तक का स्कोर था।
फोन के पीसी मार्क परफॉर्मेंस की बात करें, तो यह फोन 13743 तक का स्कोर किया जो कि ठीक-ठाक कहा जा सकता है। यहां यह सबसे बेस्ट तो नहीं था, लेकिन बहुत पीछे भी नहीं कहा जा सकता है। इन टेस्ट के साथ ही हमने मेमोरी टेस्ट के लिए सीपीटीडी बेंचमार्क रन किया, जिसमें यह फोन 26.45 एमबी प्रति सेकेंड रेंडम राइट में सक्षम था, जबकि रेंडम रीड में 36.32 एमबी प्रति सेकंड कर रहा था। रेंडम कॉपी में यह डिवाइस 17.43 जीबी प्रति सेकंड डाटा कॉपी करने में सक्षम था।
इन सब टेस्ट में हमारे उम्मीद से जो सबसे कम स्कोर था, वह था AI स्कोर। AI बेंचमार्क पर यह फोन सिर्फ 765 तक का स्कोर कर पाया, जबकि सैमसंग और मोटोरोला फोंस यहां पर 10 हजार और 12 हजार से ज्यादा का स्कोर कर रहे थे। वहीं थ्रॉटल टेस्ट में भी यह फोन थोड़ा पीछे ही था। बर्नआउट बेंच मार्क में यह डिवाइस सिर्फ 33.50 प्रतिशत तक का स्कोर कर पाया, जो कि यह साबित करता है कि हैवी ग्राफिक्स वाले ऐप या गेम में परफॉर्मेंस पर क्या असर होगा।
बेंचमार्क ऐप के बाद हमने इस गूगल पिक्सल 10 प्रो में कुछ गेम भी खेले और वहां का परिणाम भी औसत रहा। कॉल ऑफ ड्यूटी मोबाइल में यह फोन ग्राफिक्स के लिए मैक्स और एफपीएस के लिए अल्ट्रा सपोर्ट कर रहा था। हमने वेरी हाई + वेरी हाई में प्ले किया जहां इसका ऐवरेज फ्रेम रेट सिर्फ 51.9 तक का रहा जो कि औसत है। वहीं 11 प्रतिशत तक का बैटरी ड्रॉप था जो कि बहुत ज्यादा कही जा सकती है।
वहीं रियल रेसिंग 3 में हमने इसे स्टैंडर्ड में प्ले किया जहां यह फोन सिर्फ 59.1 एवरेज फ्रेम रेट तक ही सपोर्ट कर पाया और 9 प्रतिशत तक बैटरी ड्रॉप था। हमने इसमें बीजीएमआई भी खेला जहां यह फोन ग्राफिक्स के लिए एचडीआर और एफपीएस के लिए एक्सट्रीम सपोर्ट करता है। हमने इस पर अल्ट्रा + एचडीआर पर गेम प्ले किया, जहां यह फोन 37.2 एफपीएस तक ही गया। कुल मिलाकर गेमिंग एक्सपीरियंस के बारे में बात करूं तो यही कहूंगा कि एक्सपीरियंस अच्छा था। कहीं भी लैग देखने को नहीं मिला। फोन अच्छे से प्ले कर रहा था। परंतु यह हैवी गेमर के लिए नहीं है।
हार्डवेयर के बाद सॉफ्टवेयर देखें, तो यहां पिक्सल फोन की बराबरी मुश्किल है। यह फोन Android 16 पर चलता है और काफी शानदार है। इसमें सबसे मजेदार AI इंटीग्रेशन लगेगा। Google ने इसे कई AI फीचर्स से लैस किया है जिनमें मैजिक क्यू, जेमिनी लाइव के साथ रियल-टाइम नेचुरल कन्वर्सेशन आदि शामिल है। इसके अलावा, Pixel Journal, Camera Coach, ProRes जूम और Auto Best Face जैसे फीचर भी काफी अच्छे हैं।
पिक्सल 10 सीरीज के साथ गूगल ने मैजिक क्यू फीचर को पेश किया है, जिसे आपके डेली लाइफ को आसान करने के लिए बनाया गया है। यह बैकग्राउंड में ऐप्स को एनालाइज करता है और उसी के अनुसार स्क्रीन पर चीजों को डिस्प्ले करता है। जैसे किसी ने आपको नंबर भेजा है, तो कॉल ऐक्शन आएगा या फिर आपके ट्रैवल से पहले फ्लाइट डिटेल को आपके सामने लाकर रख देगा। हालांकि इसके उपयोग के बाद यही कहूंगा कि फिलहाल यह आधा अधूरा है इसे अभी बेहतर होने की जरूरत है। फोन के रिव्यू के दौरान बेस्ट फेस का भी उपयोग किया और वहां भी अभी थोड़ी समस्या है। हां, कैमरा कोच और प्रोसेस जूम जेनरेटिव AI जैसे फीचर काफी अच्छे लगे। वहीं Pixel Journal AI नोट्स और सारांश बनाने आदि में काफी कारगर है।
इसमें कोई दो राय नहीं कि उपयोग में यह फोन काफी अच्छा है, लेकिन एक कमी लगी कि फोन में ढेर सारे ऐप्स प्रीलोडेड थे। आप प्योर एंड्रॉइड फोन में इस तरह की आशा नहीं करते हैं। हां, वहीं सॉफ्टवेयर में अच्छी बात यह है कि आपको 7 साल का ओएस और सिक्योरिटी अपडेट मिलता है।
कैमरा
यदि आपने पिछले साल का पिक्सल 9 सीरीज का फोन देखा हो तो यही कहेंगे कि ज्यादा अंतर नहीं है। समान कैमरा सेटअप है। यह फोन ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप के साथ आता है। इसका मेन कैमरा 50MP का है, जो 5x ऑप्टिकल जूम सपोर्ट करता है। वहीं दूसरा सेंसर 48MP का टेलीफोटो लेंस है। इसके अलावा, तीसरा सेंसर 48MP का अल्ट्रावाइड लेंस है। सेल्फी के लिए 42MP का पंच-होल कैमरा दिया गया है।
फोन का न सिर्फ कैमरा सेटअप अच्छा है, बल्कि कैमरा कैपेबिलिटी में भी यह काफी सक्षम है। डेलाइट और लो लाइट दोनों कंडीशन में यह फोन अच्छी तस्वीर लेने का दम रखता है। इसकी HDR क्षमता भी आपको प्रभावित करेगी। धूप और छांव वाली फोटो में आप स्पष्ट रूप से अंतर कर पाएंगे और डिटेलिंग भी शानदार मिलती है। कई जगह पर रंग काफी चटक लगते हैं। ऐसे में फोटो अच्छी दिखती है और सोशल मीडिया रेडी भी होती है, लेकिन ऐसे रंग उन लोगों को पसंद नहीं आएंगे जो नेचुरल फोटो चाहते हैं।
हमने इससे पोर्ट्रेट, जूम और नाइट में भी फोटोग्राफी और पोर्ट्रेट में थोड़ी परेशानी रही। सही तरह से ऐज डिटेक्शन जिसे कट आउट कहते हैं उसमें भी यह सफल नहीं हो रहा था। हां, जूम और नाइट मोड ने काफी इम्प्रेस किया है। 100 एक्स जूम फोटो बेहद ही साफ था और ऐसा रिजल्ट बहुत कम फोन में देखने को मिलता है। वहीं नाइट में हमने न तो लेंस फ्लेयर देखा और न ही रोशनी का बिखराव। वहीं रंग भी सही से कैप्चर कर रहा था, जो कि अच्छी बात कही जा सकती है।
बैटरी
सबकुछ देखने के बाद पावर बैकअप पर बात करें, तो गूगल पिक्सल 10 प्रो एक्सएल में आपको 5200mAh की बैटरी मिलती है और कंपनी ने 45W के वायर्ड चार्जर का उपयोग किया है। वहीं इसमें 25 वॉट का वायरलेस चार्जिंग भी सपोर्ट है। हमारे चार्जिंग टेस्ट में यह फोन 85 मिनट यानी कि एक घंटा 25 मिनट में 20 प्रतिशत से 100 प्रतिशत तक चार्ज हुआ, जो कि थोड़ा ज्यादा कहा जा सकता है। वहीं इसमें हमने पीसी मार्क बैटरी टेस्ट ऐप रन किया, लेकिन वह कई बार क्रैश हो गया। परंतु यूज के हिसाब से यही कहूंगा कि बैटरी अच्छी है और अच्छे से उपयोग में एक पूरा दिन निकालने में सक्षम है।
निष्कर्ष
गूगल पिक्सल 10 प्रो को भारतीय बाजार में 1,09,999 रुपये में लॉन्च किया गया है। प्राइस देखकर तो कहा जा सकता है कि महंगा है। इस प्राइस रेंज या इससे कम प्राइस में भी इससे बेहतर परफॉर्मेंस वाले फोन उपलब्ध हैं। परंतु कुछ चीजें अच्छी हैं, जो इसे प्रीमियम फोन तो साबित करती हैं। सबसे पहले बता दूं कि इसका डिजाइन काफी अच्छा है और बिल्ड क्वालिटी शानदार है। वहीं कैमरा सबसे बेस्ट नहीं है, लेकिन किसी भी फोन से बहुत पीछे नहीं है। वहीं ओएस कमाल का है और यदि आपने एक बार उपयोग कर लिया तो फिर हमेशा पिक्सल फोन ही चाहेंगे। इसके अलावा, 7 साल का ओएस अपडेट मिल रहा है और गूगल ने भरोसा दिया है, तो पूरा भी होगा। ऐसे में यही कहूंगा कि यदि आप सॉलिड परफॉर्मेंस वाला फोन चाह रहे हैं, तो यह आपके लिए नहीं है। परंतु यदि आप एक अच्छा और प्रीमियम एंड्रॉइड फोन की तलाश में हैं तो फिर गूगल पिक्सल 10 प्रो आपके लिए है।