
Honor ने जुलाई महीने में अंर्तराष्ट्रीय मंच पर अपनी एक्स सीरीज़ को बढ़ाते हुए Honor 9X और Honor 9X Pro पेश किए थे। ये दोनों ही स्मार्टफोन पॉप-अप सेल्फी कैमरे से लैस ब्रांड के पहले डिवाईस हैं। शानदार लुक और पावरफुल स्पेसिफिकेशन्स से लैस Honor 9X और Honor 9X Pro चीनी बाजार में तो सेल के लिए उपलब्ध हैं लेकिन अब जल्द ही ये फोन विश्व के अन्य बाजारों में भी दस्तक देने वाले है। Honor 9X सीरीज़ को कंपनी इसी साल के अंत तक भारतीय बाजार में भी लॉन्च कर देगी। ऑनर के ग्लोबल प्रेजिडेंट ने स्वंय ऑनर 9एक्स सीरीज़ के इंडिया लॉन्च से पर्दा उठा दिया है।
Honor Global President George Zhao ने अपनी सोशल पोस्ट के जरिये बताया है कि कंपनी Honor 9X सीरीज़ को ग्लोबल मंच पर ला रही है। जॉर्ज ने हालांकि Honor 9X और Honor 9X Pro स्मार्टफोन के इंडिया लॉन्च की तारीख नहीं बताई है लेकिन उम्मीद की जा रही है कि कंपनी दिसंबर महीने तक सीरीज़ के दोनों स्मार्टफोन भारतीय बाजार में उतार देगी। आपको बता दें कि Honor 9X स्मार्टफोन आने वाली 17 अक्टूबर को रशिया में और 24 अक्टूबर को नीदरलैंड में लॉन्च होने जा रहा है। आशा है कि Honor 9X सीरीज़ के इंडिया लॉन्च की तारीख भी जल्द ही सामने आ जाएगी।
लुक व डिजाईन
Honor 9X और Honor 9X Pro की की बात करें तो ये दोनों ही मॉडल बेजल लेस फुलव्यू डिसप्ले पर पेश किए गए हैं। फोन के फ्रंट पैनल पर कोई भी नॉच नहीं दी गई है। डिसप्ले के तीन किनारें बेजल लेस हैं तथा नीचे की ओर हल्का सा बॉडी पार्ट मौजूद है। Honor 9X और Honor 9X Pro के उपरी पैनल पर बाईं ओर से पॉप-अप सेल्फी कैमरा बाहर आता है। दोनों मॉडल ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करते हैं जो बैक पैनल पर उपरी बाईं ओर दिया गया है। इस कैमरा सेटअप के ठीक नीचे फ्लैश लाईट भी दी गई है। कैमरा सेटअप के साथ ही 48MP AI Camera कैमरा लिखा गया है। फोन के बैक पैनल पर फिजिकल फिंगरप्रिंट सेंसर नहीं दिया गया है तथा नीचे की ओर Honor की ब्रांडिंग हैं। सिक्योरिटी के लिए फिंगरप्रिंट सेंसर फोन के दाएं साईड पैनल पर दिया गया है।
फीचर्स व स्पेसिफिकेशन्स
Honor 9X सीरीज़ के ये दोनों ही स्मार्टफोन मॉडल 1,080 x 2,340 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.59-इंच की फुलएचडी+ ओएलईडी डिसप्ले सपोर्ट करते हैं। ये स्मार्टफोन एंडरॉयड 9 पाई आधारित ईएमयूआई 10 पर पेश किए गए हैं जो 2.27गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ हुआवई के किरीन 810 चिपसेट पर रन करते हैं। साथ ही ग्राफिक्स के लिए Honor 9X और Honor 9X Pro में जीपीयू टर्बो 2.0 भी दिया गया है।
फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Honor 9X और Honor 9X Pro के बैक पैनल एलईडी फ्लैश के साथ एफ/1.8 अपर्चर वाला 48-मेगापिक्सल का प्राइमरी सोनी आईएमएक्स586 सेंसर दिया गया है। इसके साथ ही दोनों ही फोन मॉडल्स में 2-मेगापिक्सल का सेकेंडरी डेफ्थ रियर कैमरा सेंसर दिया गया है। इन दोनों सेंसर्स के साथ ही Honor 9X Pro 8-मेगापिक्सल का वाइड एंगल लेंस भी सपोर्ट करता है। वहीं सेल्फी के लिए इन दोनों ही मॉडल्स में एफ/2.2 अपर्चर वाला 16-मेगापिक्सल का पॉप-अप कैमरा मौजूद है।
यह भी पढ़ें : Apple iPhone SE2 की कीमत होगी 28,000 रुपये के करीब, 64GB और 128GB पर होगा लॉन्च
Honor 9X और Honor 9X Pro डुअल सिम फोन है जो 4जी एलटीई सपोर्ट करते हैं। सिक्योरिटी व फोन अनलॉकिंग के लिए जहां Honor 9X सीरीज़ के दोनों ही मॉडल्स साईट माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर सपोर्ट करते हैं वहीं दोनों ही फोन फेस अनलॉक तकनीक से भी लैस है। वहीं बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही Honor 9X और Honor 9X Pro में 4,000एमएएच की बैटरी दी गई है।



















