
हुआवई ने कई दिनों पहले ही बता दिया था कि कंपनी जल्द ही अपनी मेट सीरीज़ को बढ़ाते हुए नया स्मार्टफोन लॉन्च करेगी। हुआवई की घोषणा के बाद से ही इस फ्लैगशिप सीरीज़ के नए डिवाईस मेट 20 का इंतजार पूरे विश्व के टेक प्रेमी कर रहे थे। वहीं कल कंपनी ने लंदन में एक बड़े ईवेंट का आयोजन कर एक साथ दो हाईएंड लॉन्च कर दिए है। हुआवई की ओर से मेट 20 और मेट 20 प्रो टेक मंच पर पेश किए गए हैं जो अलग-अलग तारीखों पर विभिन्न बाजारों में सेल के लिए उपलब्ध होंगे।
हुआवई मेट 20 कंपनी का प्रीमियम स्मार्टफोन है। इस फोन को 18.7:9 आस्पेक्ट रेशियो वाली बेजल लेस नॉच डिसप्ले पर पेश किया गया है जिसके उपरी हिस्से में नॉच मौजूद है। इस फोन में 1,080 x 2,244 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.53-इंच की एचडीआर आरजीबीडब्ल्यू डिसप्ले दी गई है जिसे एक्स्ट्रा लेयर की प्रोटेक्शन प्राप्त है। फोन के किनारे नैरो बेजल्स वाले हैं जिससे मेट 20 का स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो 88 प्रतिशत तक का बनता है।
यह फोन एंडरॉयड के सबसे नए वर्ज़न एंडरॉयड 9.0 पाई आॅपरेटिंग सिस्टम पर पेश किया गया है जिसके साथ हुआवई के ईएमयूआई 9.0 पर कार्य करता है। प्रोसेसिंग के लिए इस फोन को 7एनएम तकनीक पर बने हुआवई के ही सबसे दमदार चिपसेट किरीन 980 पर पेश किया गया है। गौरतलब है कि किरीन 980 विश्व का सबसे नया हुआवई चिपसेट है।
मेट 20 को कंपनी की ओर से दो वेरिएंट में पेश किया गया है। एक वेरिएंट जहां 4जीबी रैम मैमोरी सपोर्ट करता है वहीं दूसरे वेरिएंट में 6जीबी की रैम दी गई है। ये दोनों ही वेरिएंट 128जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करते हैं तथा स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड से भी बढ़ाया जा सकता है।
हुआवई ने लॉन्च किया मेट 20 प्रो, इसमें है 40एमपी, 20एमपी और 8एमपी के ट्रिपल लेंस वाला मेन कैमरा
फोटोग्राफी सेग्मेंट हुआवई मेट 20 की सबसे बड़ी खासियत है। यह फोन ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर स्क्वायर शेप में कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें एलईडी फ्लैश के साथ लेईका का एफ/2.2 अपर्चर वाला 16-मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर, एफ/1.8 अपर्चर वाला 12-मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल सेंसर तथा एफ/2.4 अपर्चर वाला 8-मेगापिक्सल का टेलीफोटो लेंस दिया गया है। वहीं सेल्फी के लिए यह फोन 24-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
हुआवई मेट 20 डुअल सिम के साथ 4जी वोएलटीई सपोर्ट करता है। कंपनी ने इस फोन को आईपी 53 रेटिंग के साथ पेश किया है जो इसे धूल व पानी अवरोधक बनाता है। सिक्योरिटी के लिए जहां यह फोन 3डी फेशियल रेक्ग्नेशन तकनीक सपोर्ट करता है वहीं पावर बैकअप के लिए इस फोन में यूएसबी टाइप सी पोर्ट के साथ सुपरचार्ज टेक्नोलॉजी वाली 4,000एमएएच की बैटरी दी गई है।
हुआवई मेट 20 को ग्रीन, मिडनाइट ब्लू, पिंक गोल्ड, ट्वाइलाइट और ब्लैक कलर वेरिएंट में लॉन्च किया गया है। कीमत की बात करें तो मेट 20 के 4जीबी रैम वेरिएंट को 799 यूरो की कीमत पर लॉन्च किया गया है तथा फोन का 6जीबी रैम वेरिएंट 849 यूरो की कीमत पर लॉन्च हुआ है। इन दोनों वेरिएंट्स की कीमत भारतीय करंसी अनुसार क्रमश: 68,000 रुपये तथा 72,000 रुपये के करीब है।




















