
91मोबाइल्स ने पिछले हफ्ते ही एक्सक्लूसिव खबर छापी थी जिसमें बताया गया था कि टेक कंपनी Infinix भारत में अपने स्मार्टफोंस की गिनती को बढ़ाते एक ओर नया डिवाईस Infinix S5 नाम के साथ लॉन्च करने की तैयारी में है। वहीं आज कंपनी ने अपने लेटेस्ट प्रोडक्ट से पर्दा उठा दिया है। Infinix S5 को आज भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया गया है। इस फोन को सिर्फ 8,999 रुपये की कीमत पर बाजार में उतारा गया है जो इसे इंडिया का सबसे सस्ता पंच-होल डिसप्ले और क्वॉड रियर कैमरे वाला स्मार्टफोन बनाता है। Infinix S5 ने लॉन्च होने के साथ ही Realme-Redmi ब्रांड के लिए चुनौती पेश कर दी है।
Infinix S5 लुक
Infinix S5 की सबसे बड़ी खासियत है कि यह डिवाईस इनफिनिक्स ब्रांड का पहला स्मार्टफोन है जो पंच-होल डिसप्ले के साथ लॉन्च हुआ है। डिसप्ले के उपरी बाई ओर छोटा सा होल मौजूद है और इसी में सेल्फी कैमरा फिट किया गया है। डिसप्ले के तीन किनारें जहां बेजल लेस हैं वहीं नीचे की ओर हल्का सा बॉडी पार्ट दिया गया है। Infinix S5 के बैक पैनल पर क्वॉड रियर कैमरा सेटअप दिया गया है जो उपरी बाईं ओर वर्टिकल शेप में स्थित है। कैमरा सेटअप के दाईं ओर फ्लैश लाईट और सेंसर डिटेल लिखी गई है। Infinix S5 का बैक पैनल Realme XT स्मार्टफोन जैसा बनाया गया है। बैक पैनल पर ही बीच में फिंगरप्रिंट सेंसर भी मौजूद है और इसके नीचे Infinix की ब्रांडिंग दी गई है।
Infinix S5 स्पेसिफिकेशन्स
Infinix S5 को 20:9 आस्पेक्ट रेशियो पर पेश किया गया है जो 90.5 प्रतिशत का स्कीन टू बॉडी रेशियो सपोर्ट करता है। इस फोन में 6.6 इंच की एचडी+ पंच होल डिसप्ले दी गई है जो 2.5डी ग्लास से प्रोटेक्टेड है। फोन के बैक पैनल को 3डी ग्लास की लेयरिंग दी गई है। Infinix S5 एंडरॉयड 9 पाई आधारित XOS 5.5 यूआई पर पेश किया गया है जो 2.0गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ 12एनएम तकनीक पर बने मीडियाटेक हेलीयो पी22 चिपसेट पर रन करता है।
Infinix S5 को कंपनी की ओर 4 जीबी रैम मैमारी पर लॉन्च किया गया है जो 64 जीबी इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है। फोन के मैमोरी को कार्ड के जरिये 256 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Infinix S5 क्वॉड एलईडी फ्लैश के साथ एफ/1.8 अपर्चर वाला 16 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर सपोर्ट करता है। इसके साथ ही फोन में 5 मेगापिक्सल का वाइड लेंस, 2 मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर और एक मैक्रो लेंस दिया गया है। वहीं सेल्फी के लिए Infinix S5 में एफ/2.0 अपर्चर वाला 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मौजूद है।
Infinix S5 डुअल सिम फोन है जो 4जी वोएलटीई सपोर्ट करता है। सिक्योरिटी के लिए फोन के बैक पैनल पर जहां फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है वहीं यह फोन फेस अनलॉक फीचर भी सपोर्ट करता है। इसी तरह पावर बैकअप के लिए Infinix S5 में 4000एमएएच की बड़ी बैटरी दी गई है। कंपनी की ओर से इस फोन को Quetzal Cyan, Nebula Black और Voilet कलर में लॉन्च किया गया है जिसे 21 अक्टूबर से फ्लिपकार्ट पर खरीदा जा सकेगा।



















