
iQOO 16 को लेकर लगातार नई जानकारी सामने आ रही है। कंपनी का यह फ्लैगशिप फोन डिस्प्ले और गेमिंग पर खास फोकस के साथ आ सकता है। वहीं, नए लीक में फोन के डिस्प्ले में इस्तेमाल होने वाली तकनीक, गेमिंग फीचर्स और कैमरा डिजाइन से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आई हैं। हालांकि अभी इन सभी जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आइए, आगे आगामी फ्लैगशिप फोन की संभावित डिटेल्स जानते हैं।
iQOO 16 डिटेल्स लीक
Digital Chat Station के अनुसार, iQOO 16 पहला Android स्मार्टफोन हो सकता है जिसमें Samsung Display का लेटेस्ट जनरेशन M16 एमिसिव मटीरियल इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके साथ नई जनरेशन की LEAD डिस्प्ले तकनीक भी मिलने की बात कही गई है। रिपोर्ट के अनुसार, इसी डिस्प्ले तकनीक पर Apple के आने वाले फोल्डेबल के लिए भी विचार किया जा रहा है।
LEAD तकनीक की खासियत यह बताई गई है कि इसमें OLED पैनल की सामान्य polarising layer को हटाकर nano-lithography filter structure का उपयोग किया जाता है। दावा है कि इससे पैनल में लाइट ट्रांसमिशन 40 प्रतिशत तक बढ़ सकता है। जबकि पावर कंजम्पशन 44 प्रतिशत तक कम हो सकता है। इसके अलावा डिस्प्ले की लाइफ भी करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ने की बात कही गई है।
नई तकनीक से व्यूइंग एंगल और कलर एक्यूरेसी में भी सुधार होने की उम्मीद है। इससे OLED डिस्प्ले से जुड़ी पावर कंजम्पशन, लंबी लाइफ और आंखों के आराम जैसी कुछ समस्याओं को कम करने में मदद मिल सकती है। डिस्प्ले की बात करें तो iQOO 16 में 6.85 इंच का Samsung का फ्लैट पैनल मिलने की उम्मीद है। इसमें 2K+ रिजॉल्यूशन और 165Hz रिफ्रेश रेट दिया जा सकता है।
iQOO 16 के गेमिंग फीचर्स भी इसे दूसरे फ्लैगशिप फोन से अलग कर सकते हैं। लीक के अनुसार, फोन में कंपनी की खुद की बनाई गई Q4 चिप मिल सकती है। यह चिप गेम्स में वर्चुअल पॉइंट लाइट सोर्स और HDR को साथ इस्तेमाल करने में सक्षम बताई गई है।इसका मतलब गेमिंग के दौरान रियल टाइम लाइटिंग इफेक्ट्स को ज्यादा बेहतर बनाया जा सकता है। इसके अलावा Q4 चिप के जरिए गेम के स्क्रीनशॉट को 8K तक की रिजॉल्यूशन में तैयार करने की सुविधा भी मिलने की बात कही गई है। वहीं, WHYLAB के अनुसार, कई लोकप्रिय गेम्स में इन नए फीचर्स का सपोर्ट मिलने की उम्मीद है।
iQOO 16 डिजाइन लीक
लीक तस्वीरों में iQOO 16 फोन का रियर डिजाइन भी दिखाई दिया है। तस्वीरों के अनुसार, फोन में बड़े चौकोर कैमरा मॉड्यूल का इस्तेमाल किया जा सकता है, जिसके कोने काफी ज्यादा राउंडेड हो सकते हैं।
कैमरा मॉड्यूल में तीन रियर कैमरे एक कनेक्टेड लेआउट में दिखाई देते हैं। इसका डिजाइन काफी अलग नजर आता है। ब्लैक मॉडल में कैमरा मॉड्यूल के कुछ हिस्सों और फोन के निचले हिस्से के आसपास ब्लू एक्सेंट लाइटिंग दिखाई देती है।
फोन के फ्रेम में भी राउंड कार्नर देखने को मिल सकते हैं। इससे लंबे समय तक गेम खेलने के दौरान फोन को पकड़ना सही साबित हो सकता है। एक अन्य लीक रेंडर में फोन का वाइट वैरियंट भी दिखाई दिया है। हालांकि, इन तस्वीरों का सोर्स फिलहाल साफ नहीं है, इसलिए डिजाइन को अभी कंफर्म नहीं माना जा सकता है।
iQOO 16 स्पेसिफिकेशंस संभावित
अब तक आए लीक्स के अनुसार, iQOO 16 में तीन 50MP रियर कैमरे दिए जा सकते हैं। इसका प्राइमरी कैमरा 1/1.3-इंच सेंसर के साथ आ सकता है और इसमें f/1.68 अपर्चर मिलने की बात कही गई है। बाकी दो कैमरों में एक अल्ट्रावाइड और दूसरा पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा हो सकता है।
परफॉरमेंस के लिए iQOO 16 में Snapdragon 8 Elite Gen 6 Pro चिपसेट दिए जाने की बात सामने आई है। फोन में 8,500mAh की बड़ी बैटरी मिलने की उम्मीद है। इसके साथ 100W वायर्ड फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दिया जा सकता है। फोन में वायरलेस चार्जिंग भी मिलने की बात कही गई है।
iQOO 16 में 3D अल्ट्रासोनिक फिंगरप्रिंट सेंसर, USB 3.2 और डुअल स्पीकर दिए जा सकते हैं। फोन को IP68/IP69 रेटिंग भी मिलने की उम्मीद है। जिससे पानी और धूल से सुरक्षा बेहतर हो सकती है।
कब लॉन्च हो सकता है iQOO 16?
iQOO 16 के सितंबर के अंत या अक्टूबर की शुरुआत में लॉन्च होने की उम्मीद है। हालांकि कंपनी ने अभी लॉन्च की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। यदि आप इस आगामी डिवाइस को लेना चाहते हैं तो आगे के अपडेट के लिए 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।










