Jio ने बंद किया Google AI Pro का फ्री सब्सक्रिप्शन ऑफर, अब चुनिंदा प्लान के साथ Canva Pro और Pro Lite का फायदा

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2026/11/Jio-Canva-Subscription-Plans.jpg
फोटो क्रेडिटः जियो (प्रतीकात्मक फोटो)

अगर आप रिलायंस जियो (Jio) के प्रीपेड यूजर हैं और Google AI Pro फ्री सब्सक्रिप्शन का लाभ उठा रहे हैं, तो फिर आपको झटका लग सकता है, क्योंकि टेलीकॉम कंपनी ने इस ऑफर को अब बंद कर दिया है। बता दें कि नए रिचार्ज कराने या फिर मौजूदा प्लान को अपग्रेड करने पर इस ऑफर का लाभ नहीं उठा पाएंगे। हालांकि जिन यूजर्स ने पहले ही इस ऑफर को क्लेम कर लिया है, उन्हें तय शर्तों के मुताबिक 18 महीने तक सब्सक्रिप्शन का लाभ मिलता रहेगा। कंपनी द्वारा Google AI Pro सब्सक्रिप्शन की कीमत 35,100 रुपये बताई गई थी और जियो अपनी चुनिंदा प्रीपेड प्लान के साथ इसे बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के दे रही थी। दूसरी ओर, जियो ने अब अपने चुनिंदा प्रीपेड प्लान के साथ कैनवा (Canva) सब्सक्रिप्शन का ऑफर दे रही है। इसके तहत ग्राहकों को 12 महीने के लिए Canva Pro या Canva Pro Lite ( प्रीपेड रिचार्ज प्लान के हिसाब से) का फायदा मिलता है। आइए जानते हैं Google AI Pro ऑफर बंद होने और Canva सब्सक्रिप्शन का लाभ कैसे मिलेगा?

आपको बता दें कि जियो ने Google AI Pro का फ्री सब्सक्रिप्शन ऑफर 30 अक्टूबर, 2025 को शुरू किया था।इसके तहत योग्य यूजर्स को 18 महीने के लिए Google AI Pro का एक्सेस दिया जा रहा था। इस सब्सक्रिप्शन की कुल कीमत करीब 35,100 रुपये बताई गई थी, लेकिन कंपनी ने अब नए क्लेम और प्लान अपग्रेड के लिए इसे बंद कर दिया है। हालांकि जिन यूजर्स ने पहले ही Google AI Pro ऑफर क्लेम कर लिया था, वे अपनी बची हुई सब्सक्रिप्शन अवधि तक इसका लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए उन्हें ऑफर की शर्तें पूरी करनी होंगी। जियो के सपोर्ट पेज के मुताबिक, मौजूदा लाभार्थियों को पूरे 18 महीने तक सब्सक्रिप्शन जारी रखने के लिए 349 रुपये या इससे ज्यादा कीमत वाला अनलिमिटेड 5G प्लान एक्टिव रखना होगा।

Google AI Pro ऑफर बंद होने के बाद भी जियो के चुनिंदा प्रीपेड प्लान के साथ Canva सब्सक्रिप्शन का फायदा मिल रहा है। कंपनी ने यह ऑफर 16 सितंबर 2026 को शुरू किया था। इसके तहत पात्र ग्राहकों को 12 महीने के लिए Canva Pro या Canva Pro Lite का फ्री सब्सक्रिप्शन दिया जा रहा है।

आपको बता दें कि Canva Pro का सब्सक्रिप्शन 399 रुपये वाले प्रीपेड प्लान के साथ मिलता है। इसकी कीमत करीब 4,000 रुपये बताई गई है। इस प्लान में अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग, रोजाना 2.5GB डाटा और 100 SMS मिलते हैं। इसके अलावा, यूजर्स को JioGames Mobile, JioHotstar Mobile + Hollywood और JioTV के जरिए FanCode का एक्सेस भी मिलता है। ओटोटी की बात करें, तो प्लान के साथ जियो हॉटस्टार का सब्सक्रिप्शन भी दिया जा रहा है। इसके साथ आपको प्लान में 50GB JioAICloud स्टोरेज की सुविधा है।

वहीं, 349 रुपये वाले प्लान में Canva Pro Lite का सब्सक्रिप्शन मिलता है। इस प्रीपेड प्लान में यूजर को प्रतिदिन 2GB डाटा और 28 दिनों की वैलिडिटी मिलती है। इस सब्सक्रिप्शन की कीमत करीब 1,590 रुपये बताई गई है। दोनों प्लान में Canva ऑफर की वैलिडिटी 12 महीने है।

Canva Pro या Canva Pro Lite का फायदा लेने के लिए पात्र जियो ग्राहकों को MyJio ऐप पर जाना होगा। वहां उपलब्ध ऑफर के जरिए सब्सक्रिप्शन क्लेम किया जा सकता है। इसके लिए यूजर के पास Canva का फ्री अकाउंट होना चाहिए। जिन लोगों ने पहले कभी Canva का पेड सब्सक्रिप्शन लिया है, वे इस ऑफर के लिए पात्र नहीं होंगे। जियो की शर्तों के मुताबिक, यह ऑफर केवल पर्सनल Canva अकाउंट या एक यूजर वाले टीम अकाउंट पर रिडीम किया जा सकता है। ध्यान रखने वाली बात यह है कि एक पात्र मोबाइल नंबर पर यह फायदा केवल एक बार मिलेगा। वहीं Canva का 12 महीने वाला फ्री सब्सक्रिप्शन खत्म होने के बाद अकाउंट अपने आप Canva Free प्लान पर चला जाएगा। यह ऑफर अपने आप किसी पेड सब्सक्रिप्शन में नहीं बदलेगा। अगर यूजर प्रीमियम फीचर्स का इस्तेमाल जारी रखना चाहते हैं, तो उन्हें अलग से पेड प्लान लेना होगा। जियो की शर्तों में यह भी कहा गया है कि अगर यूजर किसी ऐसे रिचार्ज प्लान पर स्विच करते हैं, जो Canva ऑफर के लिए पात्र नहीं है, तो उनकी सब्सक्रिप्शन सुविधा रोकी या रद्द की जा सकती है।

कुल मिलाकर, जियो ने नए यूजर्स के लिए Google AI Pro का फ्री ऑफर बंद कर दिया है, लेकिन पहले से इसे क्लेम कर चुके ग्राहक शर्तों के साथ इसका फायदा जारी रख सकते हैं। वहीं, Canva Pro और Canva Pro Lite का 12 महीने वाला ऑफर पात्र प्रीपेड प्लान के साथ उपलब्ध है।