सामने आया LG का फोल्डेबल फोन, खींचकर बढ़ा सकेंगे डिसप्ले

आज के समय में तेजी से दुनियाभर की स्मार्टफोन कंपनियां अपना फोल्डेबल स्मार्टफोन को लॉन्च करने की कोशिश कर रही हैं। सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड और हुवावे के Mate X के बाद हाल ही में मोटोरोला ने भी Moto Razr 2019 के साथ फोल्डेबल स्मार्टफोन की मार्केट में कदम रखा था। वहीं, इस साल की शुरुआत में LG ने भी अपने फोल्डेबल फोन LG G8X ThinQ को पेश किया था। अब ऐसा लग रहा है कि एलजी अपने दूसरे फोल्डेबल फोन को पेश करने का विचार कर रही है।
एलजी अब एक और फोल्डेबल फोन को पेश कर इस सेगमेंट में अपनी पकड़ को मजबूत करने का विचार कर रही है। कंपनी ने एक नए फोल्डिंग स्मार्टफोन के कॉन्सेप्ट का पेटेंट कराया है।
एलजी द्वारा फाइल किए गए पेटेंट की बात करें तो यह फोन अब तक सामने आए फोल्डिंग फोन से काफी अलग होगा। दरअसल, कंपनी इस फोन में फोल्डेबल नहीं बल्की एक्सपैंडेबल डिसप्ले का उपयोग करेगी। इसका मतलब होगा कि इस फोन की डिसप्ले को आप आगे खींचकर बढ़ा सकेंगे।
फोन दिखने में बिल्कुल आम स्मार्टफोन की तरह होगा। लेकिन, यूजर इसे जरूरत पड़ने पर खींच कर और बड़ा कर सकेगा। यह डिस्प्ले को और चौड़ा बना देगा। डिस्प्ले का आस्पेक्ट रेशियो स्मार्टफोन से ज्यादा ई-रीडर जैसा लगता है। हालांकि, अभी यह सिर्फ डिवेलपमेंट में है। इसलिए अभी कुछ भी कहना मुश्किल है।
उम्मीद की जा सकती है कि आने वाले समय में एलजी के फोल्डेबल फोन को लेकर और भी कई खुलासे होंगे। वहीं, इस पेटेंट में फोन की स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी सामने नहीं आई है। पेटेंट में सिर्फ फोन का डिजाइन दिखाया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले शाओमी ओप्पो और एप्पल के फोल्डेबल फोन के पेटेंट सामने आ चुके हैं। जिससे उम्मीद तेज हो गई है कि कंपनियां अब फोल्डेबल स्मार्टफोन की मार्केट में आगे बढ़ने की कोशिश कर रही हैं। वहीं, हाल ही में खबर सामने आई थी कि एलजी ने वर्ल्ड इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी ऑर्गनाइजेशन (WIPO) में मार्च 2018 में एक स्मार्टफोन डिज़ाइन पेटेंट के लिए आवेदन किया था और 11 मई 2019 को इसे पंजीकृत किया गया था। इस नए डिजाइन में पेंटा कैमरा सेटअप बैक में देखा गया था। रियर कैमरा सेटअप में से तीन वर्टीकल शएप और दो हॉरिजोंटल शेप में एलईडी फ्लैश के साथ प्लेस्ड हैं।
पेटेंट से सामने आया था कि फोन में काफी स्लिम बेजल फ्रंट में होंगे। वहीं, इसमें ईयरपीस पर डुअल सेल्फी कैमरा होगा। इसके अलावा फोन के रियर में फिजिकल फिंगरप्रिंट सेंसर हो सकता है जो कि आज के समय में आने वाले फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स से हट चुका है।