
91मोबाइल्स ने इसी हफ्ते LG से जुड़ी एक एक्सक्लूसिव जानकारी दी थी कि यह टेक कंपनी भारत में एक नई स्मार्टफोन सीरीज़ लाने की तैयारी कर रही है। LG की यह नई स्मार्टफोन सीरीज़ खास तौर पर Samsung की गैलेक्सी एम व गैलेक्सी ए सीरीज़ और Xiaomi तथा Realme जैसे ब्रांड्स की प्रतिस्पर्धा में उतारी जाएगी। हमारी खबर पर पुख्ता की मुहर लगाते हुए एलजी ने खुद ही इस नई सीरीज़ से पर्दा उठा दिया है। कंपनी ने अपनी ऑफिशियल इंडियन वेबसाइट पर आगामी स्मार्टफोन सीरीज़ का प्रोडक्ट पेज बनाते हुए खुलासा कर दिया है कि इसे LG W टाईटल के साथ बाजार में उतारा जाएगा।
LG India ने कंपनी की वेबसाइट पर कपंनी की आगामी स्मार्टफोन सीरीज़ का प्रोडक्ट पेज बना दिया है। इस पेज पर फोन की फोटोज़ को भी दिखाया गया है जिससे डिजाईन और कई अहम स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी सामने आ गई है। कंपनी ने इस प्रोडक्ट पेज़ पर ‘W’ वर्ड का यूज़ किया है जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कंपनी की यह स्मार्टफोन सीरीज़ LG W नाम के साथ ही भारतीय बाजार में लॉन्च की जाएगी। यहां फोन के कलर वेरिएंट्स का भी खुलासा कर दिया गया है।
सिर्फ अमेज़न पर होगी सेल
वेबसाइट लिस्टिंग की बात करें तो यहां W के साथ ‘फोन द विन’ लिखा गया है। कंपनी ने कमिंग सून के साथ ही प्रोडक्ट पेज पर यह भी लिखा है कि ‘इंतजार करने का फायदा ही होगा’। कपंनी ने LG W को शॉपिंग साइट अमेज़न के पेज पर भी रिडायरेक्ट किया है जहां LG W का अमेज़न पेज बना हुआ है। इस पेज पर ‘नेटिफाई मी’ बटन मौजूद है। शॉपिंग साइट पर LG W पेज पर अमेज़न स्पेशल लिखा है। इससे पुख्ता होता है कि LG की यह आने वाली सीरीज़ सिर्फ ऑनलाइन शॉपिंग साइट अमेज़ पर ही बिकेगी।
सस्ते में मिलेगी शानदार स्पेसिफिकेशन्स
यह जानकारी हम पहले ही दे चुके थे कि LG की इस आगामी स्मार्टफोन सीरीज़ में सस्ते बजट के ही स्मार्टफोन लॉन्च होंगे। वहीं अपने आधिकारिक प्रोडक्ट पेज पर एलजी ने साफ शब्दों में लिख दिया है कि ‘ऐसा प्राइस आपने पहले नहीं देखा होगा।’ कंपनी की यह स्टेटमेंट बताती है कि LG अपनी डब्ल्यू सीरीज़ को बहुत ही एग्रेसिव प्राइस पर लॉन्च करने वाली है। कीमत के बारे में कंपनी ने Pocket-Worthy Price Tag कहा है। LG ईशारा कर रही है कि लो बजट व सस्ती कीमत के मामले में यह कंपनी Samsung, Xiaomi और Realme से भी चार कदम आगे निकलने वाली है।
डिजाईन
LG की यह आने वाली स्मार्टफोन सीरीज़ ट्रेंड में चल रही ‘वॉटरड्रॉप नॉच’ डिजाईन पर ही पेश किया जाएगी। फोटो में फोन को बेजल लेस डिसप्ले पर बना दिखाया गया है जिसके उपरी ओर मौजूद नॉच में सेल्फी कैमरा सेंसर दिया गया है। इस नॉच के ठीक उपर स्पीकर मौजूद है। LG W सीरीज़ के इस फोन को एंटिना बैंड डिजाईन पर बना दिखाया गया है। वहीं बैक पैनल की बात करें तो एलजी के आगामी स्मार्टफोन के ट्रिपल रियर कैमर सेंसर से लैस किया गया है।
LG W सीरीज़ के इस फोन के बैक पैनल पर उपरी बाईं ओर तीन कैमरा सेंसर दिए गए हैं जो वर्टिकल शेप में स्थित हैं। इन कैमरा सेंसर्स के ठीक नीचे एलईडी फ्लैश लाईट दी गई है। फोन के बैक पैनल पर फिजिकल फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिया गया है। LG के इस फोन के उपरी पैनल पर 3.5एमएम जैक भी नज़र आया है। वहीं फोन के दाएं पैनल पर जहां वॉल्यूम रॉकर के साथ पावर बटन दिया गया है वहीं बाएं पैनल पर सिम स्लॉट मौजूद है।
ट्रिपल कैमरा
LG W सीरीज़ की मुख्य यूएसपी इसका ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप ही माना जा रहा है। एलजी अपनी नई सीरीज़ में बेहद ही कम कीमत पर ट्रिपल रियर कैमरा वाला स्मार्टफोन लाने वाली है। यह कैमरा सेटअप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक से लैस होगा। फोन में प्राइमरी कैमरा सेंसर के साथ ही वाइड एंगल लेंस और टेलीफोटो लेंस दिया जाएगा। यह कैमरा सेटअप पोर्टरेट मोड तथा नाइट मोड जैसे फीचर्स से भी लैस होगा।
LG अपनी आने वाली W सीरीज़ में एक से ज्यादा स्मार्टफोन लॉन्च कर सकती है। इन फोन का नाम तो अभी तक सामने नहीं आया है लेकिन वेबसाइट से पता चला है कि कंपनी अपने आने वाले स्मार्टफोन को ग्रीन, ब्लैक और ब्लू कलर शेड्स में लॉन्च कर सकती है। आपको फिर से बता दें कि LG W सीरीज़ खासतौर पर इंडियन मार्केट के लिए बनाई गई है। जिस तरह से Samsung की Galaxy M सीरीज़ सिर्फ भारत में बिक रही है उसी तरह LG की W सीरीज़ भी सिर्फ इंडिया में ही बिकेगी। जरा दोनों सीरीज़ के टाईटल पर गौर फरमाइये, M और W का उल्टा-पुल्टा रिश्ता समझ आ जाएगा।





















