
पिछले साल 1 सितंबर को रिलायंस इंडस्ट्रीज की एजीएम मीटिंग की गई थी और इस मीटिंग में कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने रिलायंस जियो की 4जी सर्विस को अधिकारिक रूप से लॉन्च किया था। लॉन्च के साथ ही कंपनी ने छह माह तक 4जी सर्विस मुफ्त में दी और बाद में बेहद ही कम कीमत पर डाटा सेवा मुहैया कराई। जियो की इस सेवा को लेकर काफी हलचल रही और इसने भारतीय मोबाइल बाजार को ही बदल दिया। वहीं ज्ञात हो कि एक बार फिर कंपनी अपनी एजीएम मीटिंग करने जा रही है। 21 जुलाई अर्थात कल रिलायंस जियो की एजीएम मीटिंग है जहां मुकेश अंबानी कई बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। आगे हमने ऐसी ही 5 बड़ी घोषणाओं का जिक्र किया है।
1. 500 रुपये वाला जियो फीचर फोन
पिछले कई माह से जियो के फीचर फोन को लेकर खबरें आ रही हैं। अब तक फोन के दो-तीन फोटो लीक भी हुए हैं। वहीं खबर है कि कंपनी इस फोन से कल पर्दा उठा सकती है और मुकेश अंबानी जियो फीचर फोन के बारे में जानकारी दे सकते हैं। पहले खबर थी कि कंपनी इसे 1,000 रुपये में लॉन्च करने वाली है जबकि बाद में खबर आई है कि इसे 500 रुपये में लॉन्च किया जा सकता है।
यह है रिलायंस जियो का 500 रुपये वाला 4जी फीचर फोन, जानें इसके बारे में सबकुछ
2. 100 रुपये वाला प्लान
26 जुलाई को जियो धन धना धन आॅफर खत्म हो रहा है और इससे पहले ही कंपनी ने अपने कई प्लान लॉन्च कर दिए हैं। हालांकि न्यूनतम प्लान 149 रुपये का है लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कल की मीटिंग में मुकेश अंबानी 100 रुपये तक का कोई प्लान लॉन्च कर सकते हैं।
3. जियो फाइबर
रिलायंस जियो की सुपरफास्ट ब्रॉडबैंड सर्विस जियोफाइबर को लेकर कई माह से चर्चा जारी है और हाल में कंपनी की वेबसाइट से इसके प्लान भी लीक हुए थे। पिछले कई माह से रिलायंस जियो अपनी ब्रॉडबैंड सर्विस को ट्रायल पर चला रही है लेकिन कल मुकेश अंबानी द्वारा इसे अधिकारिक रूप से लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि ब्रॉडबैंड सर्विस पूरे देश में एक साथ लॉन्च नहीं होगी इसे फेज के आधार पर लॉन्च किया जाएगा।
जानें रिलायंस जियो, एयरटेल, आइडिया और वोडाफोन में किस कंपनी का प्लान है आपके लिए सबसे बेस्ट
4. 5जी सर्विस की जानकारी
रिलायंस जियो ने अपनी 4जी सर्विस लॉन्च के समय ही यह जानकारी दी थी कि कंपनी ने 5जी नेटवर्क तैयार किया है और 5जी तकनीक को लाने में कोई दिक्कत नहीं होगी। वहीं फरवरी में ही मोबाइल वर्ल्ड कॉन्ग्रेस के दौरान जियो ने जानकारी दी थी कि देश भर में 5जी नेटवर्क तैयार करने के लिए कंपनी ने सैमसंग से हाथ मिलाया है। ऐसे में आशा है कि कंपनी कल के इवेंट में 5जी नेटवर्क के बारे में जानकारी दे सकती है। हालांकि इसे लॉन्च नहीं किया जाएगा लेकिन यह बता सकती है कि कब लाने वाली है।
5. जियो डीटीएच
रिलायंस जियो की डीटीएच सर्विस को लेकर पहले ही कई खबरें आ चुकी हैं। खबर है कंपनी 4जी सर्विस के बाद अब अपनी डीटीएच सेवा भी लॉन्च कर सकती है। ऐसे में आशा है कि जियो द्वारा कल डीटीएच सर्विस के बारे कुछ जानकारियां दी जाएं।



















