
Nokia ब्रांड का मालिकाना हक रखने वाली टेक कंपनी HMD Global इस बात की आधिकारिक घोषणा कर चुकी है कि कंपनी आने वाली 19 मार्च को लंदन में एक ईवेंट का आयोजन करने वाली है और इसी ईवेंट के मंच से ब्रांड के नए स्मार्टफोन टेक मंच पर कदम रखेंगे। कंपनी ने हालांकि अभी यह नहीं बताया है कि 19 मार्च को ब्रांड के कौन-कौन से फोन लॉन्च किए जाएंगे लेकिन खबर है कि इस दिन Nokia 8.2 5G, Nokia 5.2, Nokia 1.3 और Nokia C2 बाजार में उतारे जा सकते हैं। वहीं अब इस लिस्ट में एक नया फेरबदल हुआ है जानकारी सामने आई है कि अभी तक नोकिया 5.2 नाम से सामने आया डिवाईस बाजार में Nokia 5.3 नाम के साथ लॉन्च किया जाएगा।
Nokia 5.3 से जुड़ी यह जानकारी एनपीयू वेबसाइट के जरिये सामने आई है। वेबसाइट ने दावा किया है कि नोकिया के आने वाले इस स्मार्टफोन का नाम नोकिया 5.2 नहीं बल्कि नोकिया 5.3 होगा। वेबसाइट के अनुसार फोन के डुअल सिम वेरिएंट का मॉडल नंबर TA-1234 होगा। इस वेबसाइट ने एक्सक्लूसिव खबर छापते हुए न सिर्फ फोन के नाम से पर्दा उठाया है बल्कि साथ ही इस फोन की स्पेसिफिकेशन्स का भी खुलासा कर दिया है। आपको बता दें कि कुछ ही दिनों पहले यह फोन गीकबेंच पर Captain America कोडनेम के साथ लिस्ट किया गया था।
Nokia 5.3
नोकिया 5.3 की बात करें तो एनपीयू द्वारा पब्लिश खबर के अनुसार यह स्मार्टफोन क्वॉड रियर कैमरा सपोर्ट करेगा। वेबसाइट का कहना है कि फोन के बैक पैनल पर राउंड शेप का कैमरा सेटअप दिया जाएगा। इस सेटअप में 16 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर मौजूद रहेगा। इसके साथ ही यह फोन 5 मेगापिक्सल का सेकेंडरी सेंसर, 8 मेगापिक्सल का थर्ड सेंसर और 8 मेगापिक्सल का ही चौथा कैमरा सेंसर सपोर्ट करेगा। Nokia 5.3 में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिए जाने की बात रिपोर्ट में सामने आई है।
Nokia 5.3 को लेकर कहा गया है कि यह फोन 18.5:9 आस्पेक्ट रेशियो पर पेश किया जाएगा तथा फोन में 6.55 इंच की बड़ी डिसप्ले देखने को मिलेगी। वेबसाइट के अनुसार Nokia 5.3 तीन रैम वेरिएंट्स में लॉन्च किया जा सकता है। फोन के बेस वेरिएंट में जहां 3 जीबी रैम के साथ 64 जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी जा सकती है वहीं दूसरे वेरिएंट में 4 जीबी की रैम मैमोरी के साथ 64 जीबी की इंटरनल स्टोरेज देखने को मिल सकती है। Nokia 5.3 के सबसे वेरिएंट को 6 जीबी रैम के साथ लॉन्च किया जा सकता है जिसमें भी 64 जीबी की मैमोरी दिए जाने की बात सामने आई है।
यह भी पढ़ें : 16 मार्च को लॉन्च होगा 6,000एमएएच बैटरी और 48एमपी ट्रिपल कैमरे वाला Samsung Galaxy M21
नोकिया 5.3 को लेकर कहा जा रहा है कि यह स्मार्टफोन 4,000एमएएच बैटरी के साथ लॉन्च किया जाएगा तथा बाजार में Charcoal और Cyan कलर में सेल के लिए उपलब्ध होगा। एनपीयू ने फोन के प्रोसेसर की जानकारी नहीं दी है लेकिन लीक के अनुसार इस फोन को क्वॉलकॉम के स्नैपड्रैगन 632 चिपसेट पर लॉन्च किया जा सकता है। वहीं गीकबेंच के मुताबिक नोकिया 5.3 एंडरॉयड के लेटेस्ट ओएस एंडरॉयड 10 पर आधारित होगा जो 1.80गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टाकोर प्रोसेसर पर रन करेगा। बहरहाल Nokia 5.3 की पुख्ता डिटेल के लिए 19 मार्च का इंतजार करना होगा।


















