
Nokia C32 हाल ही में भारतीय बाजार में लॉन्च हुआ है। इसकी कीमत 8,999 रुपये से शुरू होती है जिसमें 4जीबी रैम + 64जीबी स्टोरेज मिलती है। यह मोबाइल फोन 50MP Camera और 5,000mAh Battery जैसी स्पेसिफिकेशन्स देता है जो इसे छोटे बजट में बड़ा बनाती है। लेकिन क्या इस प्राइस पर यह नया नोकिया फोन लेना सही फैसला होगा या नहीं, यही जानने के लिए हमने कुछ दिन नोकिया सी32 का इस्तेमाल किया और इस यूज़ के दौरान हमारा जो भी अनुभव रहा वह हमें इस रिव्यू के तौर पर आपके सामने पेश किया है। आगे की जानकारी पढ़कर आप समझ पाएंगे कि 9 हजार के बजट में किसी चीनी फोन को लेना चाहिए या फिर यह Nokia C32 लेना ही बेस्ट रहेगा।
कहां आगे:
- सस्ता प्राइस
- बड़ी डिस्प्ले
- अटरेक्टिव डिजाईन
- लंबा बैटरी बैकअप
कहां पीछे:
- हल्का प्रोसेसर
- कैमरा ज़ूम क्वॉलिटी
डिजाईन
कहा जाता है ‘फर्स्ट इंप्रेशन इज़ लॉस्ट इंप्रेशन’। नोकिया सी32 पहली झलक में ही लोगों को अपना फैन बना सकता है। कंपनी ने इसकी लुक और डिजाईन का अच्छा काम किया है जो अपने कीमत की तुलना में अधिक महंगा लगता है। इसके बैक पैनल पर ग्लास का इस्तेमाल किया गया है जो फोन को प्रीमियम लुक प्रदान करता है। फोन का डिजाईन वाकई में बेहद शानदार लगता है।

Nokia C32 को IP52 प्रोटेक्शन प्राप्त है जो इसे वॉटर स्प्रेलशप्रूफ और डस्टप्रूफ बनाती है। इस फोन की थिकनेस 8.55एमएम और वजन 199.4ग्राम है। फोन के राईट पैनल पर वॉल्यूम रॉकर और फिंगरप्रिंट सेंसर इम्बेडेड पावर बटन मौजूद है जिनकी प्लेसमेंट काफी सही है। लोवर पैनल पर यूएसबी टाईप सी पोर्ट और स्पीकर दिया गया है। फोन साईज़ यूज़ के दौरान हमें परफेक्ट लगा, यह ना ज्यादा बड़ा महसूस होता है और ना ही छोटा। हथेली में अच्छे से पकड़कर वन हैंड यूज किया जा सकता है।
डिस्प्ले
नोकिया सी32 स्मार्टफोन 20:9 आस्पेक्ट रेशियो पर बना है जिसमें 1600 × 720 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.5 इंच की एचडी+ डिसप्ले दी गई है। इस स्क्रीन पर कंपनी 60हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट प्रदान कर रही है। यह वॉटरड्रॉप नॉच डिस्प्ले है जिसे 2.5डी ग्लास से प्रोटेक्ट किया गया है।
फोन की स्क्रीन क्वॉलिटी हमें सही लगी है। यूट्यूब पर वीडियो देखने से लेकर इसपर गेम खेलने तक विजुअल आउटपुट ठीक नज़र आए हैं। यह आईपीएस एलसीडी स्क्रीन है और फोन बजट के अनुरूप हमें इसको कोई कमी नहीं लगी। डिस्प्ले साईज़ से लेकर इसकी ब्राइटनेस और कॉन्ट्रास्ट सही रहे हैं। कलर शार्पनेस बहुत ज्यादा नहीं है लेकिन इसे बहुत डल (फीका) भी नहीं कहा जा सकता है।
प्रोसेसिंग
Nokia C32 को एंड्रॉयड 13 पर लॉन्च किया गया है। यह एक प्योर एंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम है जिसपर किसी तरह की कोई एक्स्ट्रा यूआई लेयर नहीं मिलती है। फोन में एक्स्ट्रा ब्लोटवेयर नहीं दिए गए हैं तथा उपभोक्ताओं को अनचाही थर्ड पार्टी ऐप भी नहीं मिलती है। यह यूजर एक्सपीरियंस के लिए काफी सही है तथा इसके चलते प्रोसेसिंग को भी स्मूथ रहने में मदद मिलती है। अच्छी बात यह भी है कि यह फोन 2 साल की सिक्योरिटी अपडेट के साथ आता है जो हर तीन महीने के अंतराल में फोन पर उपलब्ध होगी।
यह नोकिया मोबाइल 1.6गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले Unisoc SC9863A आक्टाकोर प्रोसेसर पर रन करता है। मल्टी टास्किंग और ऐप स्वीचिंग जैसी चीजों में हमें फोन लैग की समस्या देखने को नहीं मिली लेकिन जब गेम खेलने की बारी आई तो फोन कहीं कहीं धीमा पड़ता नज़र आया। हालांकि फोन में दिए गए लो बजट चिपसेट पर इतनी हैंगिंग प्रॉब्लम होना लाजमी है, लेकिन फिर भी कहा जाएगा कि नोकिया सी32 हैवी प्रोसेसिंग व गेमिंग के लिए नहीं बना है।
कैमरा
फोटोग्राफी के लिए नोकिया सी32 स्मार्टफोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश से लैस 50 मेगापिक्सल का वाइड एंगल लेंस और 2 मेगापिक्सल का मैक्रो सेंसर दिया गया है। यह सुनने में काफी बड़ी लगता है कि 10 हजार से सस्ते फोन में 50MP Camera मिल रहा है लेकिन जब बात रिजल्ट की आती है तो यहां Nokia C32 हमें पीछे महसूस हुआ।
‘कथनी और करनी में फर्क’ वाली कहावत फोन पर फिट बैठती है। कैमरा मेगापिक्सल तो बड़ा है लेकिन उसकी क्वॉलिटी ज्यादा अच्छी नहीं है। आब्जेक्ट्स की कलर शार्पनेस तथा कॉन्ट्रास्ट को कैप्चर तो किया है लेकिन फोटोज़ कुछ सॉफ्ट नज़र आती है। नॉर्मल फोटो देखने में तो ठीक लगती है लेकिन सिर्फ ‘डबल टैप’ वाले ज़ूम करने से ही पिक्सल फटे नज़र आते हैं। इसी तरह सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह नोकिया फोन 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है। फ्रंट कैमरा क्वॉलिटी ठीक है, इसे बुरा नहीं कहा जाएगा।
बैटरी
पावर बैकअप के लिए Nokia C32 स्मार्टफोन में 5,000एमएएच बैटरी दी गई है। फोन को फास्ट चार्जिंग का बड़ा सपोर्ट तो नहीं दिया गया है लेकिन फिर भी 10वॉट चार्जिंग मिल ही जाती है। यह फोन फुल चार्ज होने में थोड़ा समय तो लेता है लेकिन चार्जिंग के बाद हमें इसका बैटरी बैकअप काफी बढिया लगा। यह लंबे समय तक आपका साथ निभा सकता है।
हालांकि फोन के अधिक ऐप्स डाउनलोडेड नहीं थी, इसलिए बैटरी की खपत कम ही हुई। लेकिन फिर भी यूज़ के हिसाब से यह कहा जा सकता है कि नोकिया सी32 की बैटरी लंबी चल सकती है। वहीं एक अच्छी बात यह भी रही कि चार्जिंग के दौरान हमें किसी तरह की हिटिंग प्रॉब्लम भी देखने को नहीं मिली।
निष्कर्ष
फोन की स्पेसिफिकेशन्स, इसका यूजर एक्सपीरियंस और मोबाइल प्राइस सेग्मेंट को एक साथ मिलाकर देखा जाए तो Nokia C32 को बजट के बेस्ट फोंस में से एक माना जा सकता है। इस प्राइस रेंज में अमूमन यूजर्स अपने स्मार्टफोन से अधिक उम्मीदें नहीं रखते हैं और इसका फायदा नोकिया सी32 को मिलता है। इसकी लुक के चलते यह कहना मुश्किल लगता है कि फोन प्राइस 10 हजार रुपये से भी कम है। फोन का बैटरी बैकअप दमदार और इसकी डिस्प्ले क्वॉलिटी शानदार है। प्रोसेसिंग को औसत करार दिया जाएगा, लेकिन बजट के हिसाब से बुरा नहीं माना जा सकता है।
हॉं, फोन का कैमरा सेग्मेंट जरूर निराश करता है। उपभोक्ता की आशाएं 50MP के हिसाब से उंची हो जाती है लेकिन यहां क्वॉलिटी से समझौता करना पड़ा है। अच्छा होता कि कंपनी इसे 13MP Camera के साथ लाती। क्योंकि लो बजट यूजर्स का माइंडसेट इस कीमत पर 13एमपी की क्वॉलिटी को आसानी से एक्सेप्ट कर लेता लेकिन 50एमपी की लो क्वॉलिटी को पचाना थोड़ा मुश्किल है। ओवरआल बात करें तो नोकिया सी32 को इस प्राइस पर कंसीडर किया जा सकता है।
























