Nothing Phone 4a Pro इंडिया लॉन्च आया करीब, भारतीय सर्टिफिकेशन साइट पर लिस्ट हुआ मोबाइल

टेक ब्रांड नथिंग ने पिछले साल मार्च महीने में Nothing Phone (3a) और Phone (3a) Pro स्मार्टफोन लॉन्च किए थे। अब कंपनी इन मोबाइल्स की नेक्स्ट जेनरेशन लेकर आ रही है जिसमें Nothing Phone 4a और Phone 4a Pro लॉन्च किए जाएंगे। ब्रांड की ओर से अभी अपकमिंग नथिंग फोन की लॉन्च टाइमलाइन शेयर नहीं की गई है लेकिन इन्हीं में से एक सीरीज का ‘प्रो’ मॉडल इंडियन सर्टिफिकेशन साइट BIS पर लिस्ट हो गया है।
नए नथिंग फोन को ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (BIS) पर A069 मॉडल नंबर के साथ सर्टिफाइड किया गया है। यह अपकमिंग नथिंग फोन 4ए प्रो मॉडल है। बीआईएस लिस्टिंग में मोबाइल के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स तो सामने नहीं आई है लेकिन यह जरूर स्पष्ट हो गया है कि अब इस फोन के इंडिया लॉन्च का रास्ता साफ हो गया है। वहीं दूसरी ओर इस स्मार्टफोन को यूरोपियन सर्टिफिकेशन साइट EPREL energy लेबल लिस्टिंग भी प्राप्त हो चुकी है।
यूरोपियन सर्टिफिकेशन में भी यह मोबाइल ए069 मॉडल नंबर के साथ लिस्ट किया गया है। यहां फोन की रेटेड बैटरी कैपेसिटी का खुलासा हुआ है जो 5,080mAh है। यानी मार्केट में इस स्मार्टफोन को 5,200mAh तक की बैटरी पर लॉन्च किया जा सकता है। Nothing Phone 3a Pro 5,000mAh बैटरी पर लॉन्च हुआ था। वहीं लिस्टिंग में फोन 4ए प्रो में दी जाने वाली 50W फास्ट चार्जिंग तकनीक की जानकारी भी सामने आ गई है।
लिस्टिंग में जानकारी मिली है कि Nothing Phone 4a Pro IP65 रेटिंग के साथ लाया जाएगा। इसे बहुत प्रभावी आईपी रेटिंग तो नहीं कहा जाएगा, अगर IP68 तक भी होती को बेहतर रहता। गौरतलब है कि नथिंग फोन 3ए प्रो को भी कंपनी IP64 रेटिंग के साथ बाजार में उतारा था। यानी यहां नए फोन को अपग्रेड तो किया है लेकिन यह भी सिर्फ काम-चलाऊ ही है।
नथिंग फोन 4ए प्रो के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो सामने आए लीक्स के अनुसार यह स्मार्टफोन क्वालकॉम Snapdragon 7 सीरीज के किसी चिपसेट पर लॉन्च किया जाएगा। पिछले वाला नथिंग फोन 3ए प्रो Snapdragon 7s Gen 3 प्रोसेसर पर आया था। हो सकता है कि फोन 4ए प्रो में Snapdragon 7 Gen 4 चिपसेट मिल जाए।
लीक के अनुसार Nothing Phone (4a) Pro 12GB RAM पर लॉन्च किया जा सकता है जिसमें UFS 3.1 storage तकनीक पर 256GB तक की मेमोरी दी जा सकती है। इस फोन में eSIM support दिए जाने की बात भी लीक में सामने आ रही है। वहीं सामने आई डिटेल्स के अनुसार यह नथिंग फोन Black, white, pink और blue कलर में लाया जा सकता है।
चलते-चलते Nothing Phone (3a) Pro पर नजर डालें तो यह ट्रांसपेरेंट डिजाइन वाला फोन 6.77-इंच की फुलएचडी+ फ्लेक्सिबल एमोलेड डिस्प्ले सपोर्ट करता है जिसपर 120Hz रिफ्रेश रेट, 1000Hz गेमिंग मोड टच सेंपलिंग रेट और 3000nits पिक ब्राइटनेस मिलती है। इसमें इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर और पांडा ग्लास दिया गया है। यह मोबाइल एंड्रॉयड आधारित NothingOS 3.1 पर काम करता है।
AI क्षमता के लिए इसमें Qualcomm Hexagon NPU लगाया गया है। फोटोग्राफी के लिए नथिंग फोन (3ए) प्रो के ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप में एफ/1.88 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल Samsung OIS सेंसर, एफ/2.55 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल Sony Periscope लेंस और एफ/2.2 अपर्चर व 120° FOV वाला 8 मेगापिक्सल Ultra-wide एंगल लेंस मौजूद है। यह मोबाइल 50MP Selfie कैमरा सपोर्ट करता है। फिलहाल इसे 29,999 रुपये के स्टार्टिंग प्राइस पर खरीदा जा सकता है।