
इस साल की शुरुआत से ही मोबाइल जगत में काफी हलचल रही है। पहले हमने खबर दी थी कि OPPO के साथ मर्जर के बाद Realme ने ऑफलाइन से अपनी सेल्स टीम की छंटनी शुरू कर दी है। वहीं बाद में खबर आई कि वनप्लस ने अपने ऑफलाइन ऑपरेशन को भारत में बंद कर दिया है और कंपनी सिर्फ ऑनलाइन में रहेगी। ये खबरें मोबाइल जगत के लिए काफी हैरान करने वाली थी। क्योंकि दोनों कंपनियां भारत में लंबा समय गुजार चुकी थी और यूजर्स के बीच अच्छी पकड़ बना चुकी थी। परंतु इन खबरों के बाद 91मोबाइल्स के पास वनप्लस यूजर्स के लिए अच्छी खबर है। कंपनी फिर से भारतीय ऑफलाइन मोबाइल बाजार में दस्तक देने को तैयार है।
हमें यह जानकारी ऑफलाइन रिटेल स्टोर के माध्यम से मिली है। Oneplus के एक पुराने डिस्ट्रीब्यूटर ने हमें बताया कि कंपनी पहले खुद पूरे इंडिया का डिस्ट्रीब्यूशन संभाल रही थी, जहां राज्य स्तर पर एक सुपर स्टॉकिस्ट के साथ ढेर सारे डिस्ट्रीब्यूटर्स होते थे। परंतु अब कंपनी खुद से डिस्ट्रीब्यूशन नहीं करना चाहती और एक नेशनल डिस्ट्रीब्यूटर की तलाश में है। यानी कि पूरे इंडिया के लिए एक ही डिस्ट्रीब्यूटर होगा और उसी के हाथों में वनप्लस फोन के ऑफलाइन रिटेल की कमान होगी।
उन्होंने हमें आगे बताया कि इसके लिए कंपनी इनग्राम माइक्रो जैसे बड़े डिस्ट्रीब्यूटर्स से बात कर रही है और यदि यह बात सफल रही, तो हो सकता है कि जल्द ही वनप्लस फोन भारत में फिर से ऑफलाइन स्टोर पर दिखने लगें। हालांकि फिलहाल कंपनी के फोन ऑनलाइन स्टोर के साथ रिलायंस डिजिटल और क्रोमा जैसे बड़े माडर्ट ट्रेड कहे जाने वाले स्टोर पर उपलब्ध हैं, लेकिन फिलहाल मेनलाइन रिटेल चेन पर इनकी उपलब्धता नहीं हैं। अगर कहीं फोन मौजूद हैं भी, तो वे पुराने स्टॉक के ही हैं।
गौरतलब है कि इनग्राम माइक्रो विश्व की प्रमुख कंपनी है, जो मोबाइल फोन सहित कई दूसरे प्रोडक्ट्स के डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़ी है। भारत में एप्पल आईफोन के डिस्ट्रीब्यूशन की कमान भी इनग्राम माइक्रो और रेडिंगटन लिमिटेड जैसी कंपनियों के पास है। वहीं अब वनप्लस भी इन्हीं के माध्यम से भारत में अपनी मोबाइल डिस्ट्रीब्यूशन बढ़ाने की योजना में है।









