4जीबी रैम और 4,230एमएएच बैटरी पर लॉन्च हुआ नॉच डिसप्ले वाला ओपो ए5

ओपो नॉच डिसप्ले और डुअल रियर कैमरा वाले एक स्मार्टफोन को लेकर पिछले हफ्ते ही एक लीक सामनें आया था। इस लीक के बाद जहां टेक जगत में फोन की स्पेसिफिकेशन्स और इसकी कीमत को लेकर अनुमान लगाए जा रहे थे, वहीं इस सप्ताहंत में ओपो ने अपने नए शानदार स्मार्टफोन से पर्दा उठाते हुए इसे ए5 नाम के साथ लॉन्च कर दिया है। ओपो की ओर से यह फोन फिलहाल चीनी बाजार में लॉन्च किया गया है जहां इसकी कीमत 1,499 युआन यानि तकरीबन 15,500 रुपये रखी गई है।
ओपो ए5 को कंपनी द्वारा नॉच डिसप्ले सेग्मेंट में ही पेश किया गया है। इस फोन में 19:9 आस्पेक्ट रेशियो वाली 6.2-इंच की एचडी+ डिसप्ले दी गई है जो 1520 x 720 पिक्सल रेज्ल्यूशन सपोर्ट करती है। फोन की डिसप्ले को 2.5डी कर्व्ड ग्लास से प्रोटेक्ट किया गया है। यह फोन एंडरॉयड 8.1 ओरियो आधारित कलरओएस 5.1 पर पेश हुआ है तथा 1.8गीगाहर्ट्ज़ आॅक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 450 चिपसेट पर रन करता है।
ओपो ए5 में 4जीबी की रैम मैमोरी दी गई है तथा साथ ही यह फोन एड्रेनो 506 जीपीयू सपोर्ट करता है। फोन में 64जीबी की इंटरनल स्टोरेज मौजूद है जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये 256जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो इस फोन में डुअल रियर कैमरा दिया गया है जो एलईडी फ्लैश के साथ 13-मेगापिक्सल और 2-मेगापिक्सल के कैमरा सेंसर सपोर्ट करता है। वहीं सेल्फी के लिए इस फोन में एआई ब्यूटीफाई फीचर से लैस 8-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।
ओपो ए5 डुअल सिम फोन है जो 4जी वोएलटीई के साथ ही बेसिक कनेक्टिविटी फीचर सपोर्ट करता है। फोन का सेल्फी कैमरा फेस अनलॉक तकनीक से लैस है। वहीं पावर बैकअप के लिए फोन में 4,230एमएएच की पावरफुल बैटरी दी गई है। चीन में यह फोन मिरर ब्लू और मिरर पिंक कलर वेरिएंट में लॉन्च हुआ है। वहीं उम्मीद है कि ओपो आने वाले महीनों में यह फोन भारतीय बाजार में भी पेश कर दे।