5.7-इंच की बेज़ल लेस डिसप्ले पर लॉन्च हुआ ओपो ए83, इसमें है एआई फीचर वाला सेल्फी कैमरा

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2017/12/OPPO-A83.jpg

लंबे समय से टेक बाजार की सुर्खियां बटोरने के बाद स्मार्टफोन कंपनी ओपो ने अपना नया सेल्फी सेंट्रिक स्मार्टफोन ए83 आखिरकार आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। ओपो की ओर से ए83 स्मार्टफोन चीनी बाजार में लॉन्च किया गया है। जहां इस फोन की कीमत 1,399 युआन रखी गई है। भारतीय करंसी अनुसार यह कीमत तकरीबन 13,700 रुपये होगी तथा ओपो ए83 चीन में 29 दिसंबर से प्री-आॅर्डर के लिए उपलब्ध होगा।

ओपो ए83 की बात करें तो यह फोन कंपनी के एफ5 स्मार्टफोन की ही तरह एआई ब्यूटीफिकेशन्स तकनीक से लैस किया गया है। यह तकनीक फोन द्वारा कैप्चर की गई सेल्फी को बेहद ही एडवांस और आर्कषक बनाती है। फोटोग्राफी के लिए ओपो ए83 के फ्रंट पैनल पर जहां 8-मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा दिया गया है वहीं फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश के साथ 13-मेगापिक्सल का रियर कैमरा मौजूद है।

ओपो ए83 18:9 आस्पेक्ट रेशियो वाली 5.7-इंच की एचडीप्लस डिसप्ले पर पेश किया गया है। फोन की डिसप्ले 2.5डी कर्व्ड ग्लास से प्रोटेक्टेड है। यह फोन कलर ओएस 3.2 आधारित एंडरॉयड 7.1 नुगट पर पेश किया गया है तथा 2.5गीगाहर्ट्ज़ आॅक्टा-कोर चिपसेट पर रन करता है। कंपनी की ओर से इसमें 4जीबी रैम और 32जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी गई है तथा फोन की स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये 128जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।

ओपो ए83 बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ 4जी वोएलटीई व डुअल सिम सपोर्ट करता है। फोन अनलॉकिंग के लिए इस फोन को फेशियल अनलॉ​क फीचर से लैस किया गया है। वहीं पावर बैकअप के लिए इसमें 3,090एमएएच की बैटरी दी गई है। चीन में यह शेंपेन और ब्लैक कलर वेरिएंट में लॉन्च हुआ है। वहीं ओपो इस फोन को भारत कब लाएगी इसपर कंपनी ने कोई भी जानकारी नहीं दी है।