Realme C11 2021 लॉन्च, 5,000mAh बैटरी वाले इस सस्ते स्मार्टफोन की कीमत है 8,000 रुपये से भी कम

Realme ने पिछले साल जुलाई महीने में इंडिया में अपनी लो बजट सेग्मेंट बढ़ाते हुए सस्ता स्मार्टफोन Realme C11 लॉन्च किया था। यह मोबाइल फोन 7,499 रुपये की कम कीमत पर लॉन्च हुआ था जिसने अपनी पहली ही सेल में 1.5 लाख से भी अधिक यूनिट बेचते हुए रिकॉर्ड बनाया था। वहीं आज इस फोन का एडवांस वर्ज़न लाने हुए रियलमी ने नया फोन Realme C11 2021 टेक मंच पर पेश कर दिया है। यह फोन भी लो बजट में उतारा गया है जिसकी कीमत 8 हजार रुपये से भी कम है।
Realme C11 2021 ने फिलहाल इंटरनेशनल मार्केट में ही एंट्री ली है जो रशिया और फिलिपिंस के बाजारों में बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। रियलमी ने अपने इस फोन को दोनों बाजारों में 2 जीबी रैम मैमोरी पर लॉन्च किया है जो 32 जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है। रूस की बात करें तो वहां रियलमी सी11 2021 मॉडल RUB 7,415 में लॉन्च किया गया है जो भारतीय करंसी अनुसार 7,327 रुपये के करीब है। वहीं फिलिपिंस में इस फोन को PHP 4,990 में उतारा गया है और यह कीमत 7,677 रुपये के करीब है। दोनों देशों में रियलमी सी11 2021 शॉपिंग साइट्स पर लिस्ट हो गया है।
Realme C11 2021
फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो यह फोन 1600 x 720 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.5 इंच की एचडी+ आईपीएस एलसीडी वॉटरड्रॉप नॉच डिसप्ले पर सपोर्ट करता है जो 60हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट पर काम करती है। स्क्रीन के तीन किनारें तो बेजल लेस हैं लेकिन नीचे चौड़ा चिन पार्ट दिया गया है। इसी तरह स्क्रीन के उपरी ओर ‘वी’ शेप वाली नॉच दी गई है। Realme C11 2021 एंडरॉयड ओएस के साथ कोर्टेक्स-ए55 सीपीयू और यूनिएसओसी एससी9863 चिपसेट पर रन करता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इस फोन में माली जी52 जीपीयू दिया गया है।
फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो रियलमी सी11 2021 फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश के साथ 8 मेगापिक्सल का सिंगल रियर कैमरा सेंसर दिया गया है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह फोन 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है। रियलमी ने अपने फोन में कोई फिंगरप्रिंट सेंसर नहीं दिया है तथा पावर बैकअप के लिए यह फोन 10वॉट चार्जिंग तकनीक वाली 5,000एमएएच की बैटरी सपोर्ट करता है। डुअल सिम के साथ ही इस फोन में 3.5एमएम जैक व ब्लूटूथ और वाईफाई जैसे फीचर्स मौजूद है।