
जियो के 4जी फीचर फोन को लेकर कुछ समय पहले रिपोर्ट आई थी कि यह फोन भारतीय फीचर फोन बाजार में 35.8 हिस्से पर अपना कब्जा जमाते हुए देश का सबसे ज्यादा बिकने वाला फीचर फोन बन गया है। वहीं अब जियोफोन का यह कीर्तिमान भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व पर छा चुका है। रिसर्च फर्म काउंटर प्वाइंट ने अपनी नई रिसर्च रिपोर्ट शेयर की है जिसके अुनसार पूरे विश्व के फीचर फोन बाजार में जियोफोन सबसे ज्यादा बिकने वाला फीचर फोन बन गया है।
काउंटरप्वाइंट की यह रिपोर्ट साल 2018 की पहली तिमाही की है। इस रिपोर्ट में पूरे विश्व के फीचर फोन ब्रांड को स्टडी किया गया है और आंका गया है कि कौनसा फीचर फोन दुनिया में सबसे ज्यादा बेचा गया है। इस रिसर्च में रिलायंस जियो के साथ ही नोकिया, सैमसंग, आईटेल व टेक्नो ब्रांड भी शामिल रहे तथा सभी ब्रांड्स को पछाड़ते हुए जियोफोन के विश्व में सबसे ज्यादा मोबाईल फोन यूनिट बेच कर पहला स्थान पाया है।

जियोफोन के बाद इस सूची में नोकिया ब्रांड का मालिकाना हक रखने वाली एचएमडी ग्लोबल दूसरे स्थान पर आई है। लिस्ट में आईटेल तीसरे तथा सैमसंग चौथे स्थान पर रही एवं टेक्नो ने पांचवां स्थान हासिल किया है। वहीं मार्केट शेयर की बात करें तो ग्लोबल फीचरफोन शिपमेंट मार्केट शेयर की बात करें तो वैश्विक बाजार में रिलायंस जियो ने 15 प्रतिशत हिस्से पर कब्जा जमाए हुए है। इसी तरह एचएमडी ग्लोबल 14 प्रतिशत, आईटेल 13 प्रतिशत मार्केट शेयर हासिल किए हुए है वहीं सैमसंग व टेक्नो के हिस्से में 6 प्रतिशत मार्केट शेयर आए हैं।
आपको बता दें कि जियोफोन के बाद नोकिया 105 की सेल विश्व में सबसे ज्यादा हुई है। पहले लॉन्च हुए नोकिया 3310 और एमडब्ल्यूसी में पेश हुए नोकिया 8110 को अभी इस सूची में जगह नहीं मिल पाई है। वहीं एक रोचक बात यह भी है कि नोकिया के बाद तीसरे, चौथे और पांचवें नंबर पर लगातार आईटेल के डिवाईस रहे हैं। इनमें आईटेल आईटी2180, आईटेल आईटी2130 और आईटेल आईटी5231 मौजूद है।
जियो ने फिर मारी बाजी, मार्च महीने में जोड़े 94 लाख यूजर्स, एयरटेल-वोडाफोन-आइडिया रेस में पिछड़े
गौरतलब है कि नोकिया और आईटेल जहां अंर्तराष्ट्रीय बाजारों में सेल करती है वहीं जियोफोन सिर्फ भारत में ही सेल के लिए उपलब्ध है। कुछ दिनों पहले रिसर्च कंपनी क्रेडिट स्विस ने रिपोर्ट पेश की थी जिसे बताया गया था कि जियो हर महीने 70 लाख जियोफोन बेच रही है। 2018 की पहली तिमाही में भारतीय फीचर फोन मार्केट में 35.8 प्रतिशत हिस्सेदारी जियोफोन की रही है। 9.8 फीसदी के साथ सैमसंग नंबर दो तथा 9.4 फीसदी हिस्सेदारी के साथ चीनी कंपनी आईटेल तीसरे नंबर पर रही है।




















